Overview: जब हो जाए शाम तो किसी को न दें ये चीजें
सूर्यास्त के बाद हल्दी, नमक, दूध-दही और धन का दान या लेन-देन वर्जित है, इससे मां लक्ष्मी रुष्ट होती हैं और आर्थिक हानि हो सकती है।
Things Do not Donate After Sunset: सूर्यास्त के समय यानी संध्याकाल को हिंदू धर्म में शुभ समय माना जाता है। इसे गोधूलि बेला भी कहा जाता है। इस समय किए संध्यावंदन से देवी-देवता प्रसन्न होते हैं। साथ ही यह मां लक्ष्मी के आगमन का समय भी माना जाता है। इसलिए शाम के समय आरती, वंदन और विशेषकर देवी लक्ष्मी पूजा की जाती है। लेकिन इसी के साथ संध्याकाल के बाद के समय को अशुभ भी माना जाता है। क्योंकि संध्याकाल के बाद रात होती है और चारों ओर अंधेरा छा जाता है।
मान्यता है कि रात में नकारात्मक शक्तियां अधिक सक्रिय हो जाती हैं और यह ऐसा समय होता है, जब तंत्र साधना कर लोग तंत्रों की सिद्धि प्राप्त करते हैं। यही कारण है कि शास्त्रों में सूर्यास्त के बाद कुछ चीजों को देने से मना किया जाता है। क्योंकि सूर्यास्त के बाद या रात के समय अगर आप ये चीजें किसी दूसरे को देंगे तो इससे मां लक्ष्मी रुष्ट होकर द्वार से लौट जाएंगी, जिसका नकारात्मक प्रभाव आपकी आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। आइये जानते हैं वो कौन सी चीजे हैं, जिन्हें संध्याकाल के बाद किसी को भी नहीं देना चाहिए।
हो गई है शाम किसी को न दें ये चीजें
हल्दी:- शाम के समय अगर आपसे कोई हल्दी मांगने आए तो भूलकर भी न दें, फिर चाहे वह व्यक्ति आपका कितना भी करीबी या पड़ोसी क्यों न हो। इसका कारण यह है कि, ज्योतिष के अनुसार पीले रंग के हल्दी का संबंध गुरु ग्रह से होता है। यदि आप सूर्यास्त के बाद किसी को हल्दी देते हैं या हल्दी का दान करते हैं तो इससे कुंडली में गुरु की स्थिति कमजोर होती है और गुरु के कमजोर होने का असर आपकी आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है, जिससे धन-संबंधी परेशानियां व्यक्ति को घेर लेती है।
नमक:- इसके साथ ही शाम के समय नमक भी किसी को नही देना चाहिए। नमक रसोई की ऐसी महत्वपूर्ण सामग्री है, जिसके बगैर खाने का स्वाद अधूरा है। ऐसे में जब किसी के घर नमक अचानक खत्म हो जाए और बाहर से लाने की व्यवस्था न हो तो लोग अपने पड़ोसियों से नमक मांग लेते हैं। अगर आपके घर कोई शाम के बाद नमक मांगने आए तो देने से बचें। वास्तु शास्त्र के अनुसार इससे घर की बरकत चली जाती है।

दूध-दही:- सूर्यास्त के बाद दूध-दही का दान करने से भी बचना चाहिए। ऐसा करने से आपको देवी लक्ष्मी की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है, जिससे धन-वैभव में कमी आने लगती है। साथ ही शाम के बाद दूध-दही का दान करने से कुंडली में चंद्रमा भी अशुभ फल देने लगते हैं।

रुपया-पैसा:-शाम के समय या सूर्यास्त के बाद संभव हो तो किसी को धन देने से बचना चाहिए। क्योंकि यह ऐसा समय होता है जब घर की दहलीज से मां लक्ष्मी का आगमन घर के भीतर होता है और अगर ऐसे समय में आप किसी को धन देते हैं तो इससे मां लक्ष्मी दहलीज से ही वापिस लौट जाती हैं। वास्तु शास्त्र में भी कहा गया है कि, शाम के समय धन के लेन-देन से व्यक्ति को बचना चाहिए।
