Overview: शिव कृपा के अनोखे संकेत
श्रद्धा और भक्ति से की गई पूजा ही शिव को प्रिय है। सावन में मन शांत रहे, भक्ति बढ़े, सपनों में शिवलिंग या मंदिर दिखे, तो ये शिव कृपा के संकेत हैं।
Sawan 2025 Shiv Kripa: सावन के पवित्र महीने की शुरुआत 11 जुलाई 2025 से हो चुकी है और यह 9 अगस्त तक चलेगा। यह महीना भगवान शिव को समर्पित है, इसलिए इस माह भगवान शिव की पूजा अर्चना करना सबसे श्रेष्ठ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस महीने किए पूजा और व्रत आदि से महादेव शीघ्र प्रसन्न होकर अपनी भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं। शिवजी की कृपा पाने के लिए ही सावन के महीने में शिवभक्त कांवड़ यात्रा करते हैं, व्रत रखते हैं, शिवलिंग पर जलाभिषेक और रुद्राभिषेक आदि करते हैं। कहा जाता है कि, जिस व्यक्ति पर शिवजी की कृपा रहती है, उसके सारे दुख दूर हो जाते हैं और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं।
वैसे शास्त्रों में कहा गया है कि, शिव कृपा पाने के लिए भक्तों को कठिन व्रत, यज्ञ या तप आदि की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि भक्ति भाव और श्रद्धा से एक लोटा शुद्ध जल अर्पित करने मात्र से भी शिव प्रसन्न होकर भक्तों पर अपनी कृपा बरसाने लगते हैं। कहा जाता है कि काम, क्रोध, लोभ, मद, मोह का आवरण हटते ही शिव कृपा का प्रत्यक्ष अनुभव किया जा सकता है। क्योंकि शिव भाव के भूखे हैं, उनकी भक्ति में किसी तरह के दिखावे या अधिक धन खर्च जरूर नहीं। लेकिन सिर्फ पूजा-पाठ और व्रत ही नहीं बल्कि सावन में मिलने वाले कुछ संकेत भी यह बताते हैं कि आप पर है शिव कृपा। आइये जानते हैं इन संकेतों के बारे में।
मानसिक शांति का अनुभव होना

सावन के पवित्र महीने में अगर आपका मन एकाएक शांति का अनुभव करने लगे, क्रोध कम आने लगे, मन प्रसन्न रहने लगे और धर्म-कर्म के प्रति आपकी रुचि बढ़ने लगे तो यह शुभ संकेत माना जाता है। इन संकेतों के पता चलता है कि आप पर शिव की आध्यात्मिक कृपा बरस रही है।
सपने में हो जाए इन चीजों के दर्शन

सावन महीने में अगर आपको सपने में भगवान शिव या शिव से जुड़ी चीजें जैसे शिवलिंग, कैलाश पर्वत, मंदिर, वासुकी नाग, डमरू, त्रिशूल, बेलपत्र और नंदी आदि के दर्शन हों तो यह भी इस बात का संकेत है कि आप पर शिव कृपा बरस रही है।
भक्ति भाव का जागृत होना

सावन के महीने में अचानक से अगर आपके भीतर भक्ति भाव जागृत हो जाए, जैसे कि व्रत और पूजा-पाठ के प्रति आपकी रुचि बढ़ने लगे तो इसे धार्मिक नजरिए से अच्छा संकेत माना जाता है। ऐसा होने पर सावन में आपको शिव मंदिर जाकर दर्शन और पूजन करना चाहिए, रुद्राक्ष धारण करना चाहिए, मंत्रों का जाप करना चाहिए या भजन का श्रवण करना चाहिए। इन कार्यों से आप पर शिवजी की कृपा बरसने लगेगी।
शिव ही शिव रहे चहुंओर

सावन के इस महीने में अगर आपको हर समय किसी न किसी तरीके से शिव के दर्शन हो जाए तो यह भी शिव कृपा के संकेत हैं। जैसे सोशल मीडिया खोलते ही शिव की तस्वीर, शिवलिंग, मंत्र, भजन आदि सुनना या दर्शन होगा। कहीं से कानों में शिव मंत्र या भजन सुनाई देना आदि।
