Vastu Plants for Air Pollution: वास्तु शास्त्र में घर की नेगेटिव एनर्जी को दूर करने के लिए कई उपाय बताए गए हैं। वास्तु में बताए नियमों के अनुसार घर का निर्माण और साज-सजावट करने पर नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश घर पर नहीं होता और साथ ही घर वास्तु दोष से मुक्त रहता है। वास्तु शास्त्र में पेड़-पौधों के बारे में भी बताया गया है। इसलिए घर पर पेड़-पौधे लगाते समय भी वास्तु नियमों का जान लेना जरूरी है। जाने-अनजाने में गलत पेड़-पौधे लगाना या गलत दिशा में लगाना आपके घर-परिवार के लिए मुसीबत का कारण बन सकता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर पर लगाए पेड़-पौधे नकारात्मक ऊर्जा को तो दूर करते ही हैं, साथ ही पेड़-पौधों हवा को भी शुद्ध करते हैं।
Also read: वास्तु शास्त्र के अनुसार बाथरूम के लिए नीले रंग की बाल्टी ही क्यों अच्छी: Vastu Tips for Bathroom
इस समय बढ़ता वायु प्रदूषण बड़ी समस्याओं में एक है। प्रदूषण बढ़ने पर घर के भीतर रहने की सलाह दी जाती है। इसलिए आपको घर पर भी ऐसे पेड़-पौधे जरूर लगाने चाहिए, जिससे कि प्रदूषण के हानिकारक प्रभावों का असर सेहत पर न पड़े और हवा भी शुद्ध रहे। वास्तु शास्त्र में भी ऐसे पौधों के बारे में बताया गया है, जोकि हवा को तो शुद्ध करते ही हैं साथ ही इन पौधों को अगर उचित दिशा में लगाया जाए तो इससे घर पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है और नेगेटिविटी दूर होती है। आइए जानते हैं इन पेड़-पौधों के बारे में।
पॉल्यूशन और नेगेटिविटी को दूर करते हैं ये 5 पौधे
मनी प्लांट- मनी प्लांट को वास्तु शास्त्र में बहुत ही शुभ पौधा बताया गया है, जिसका संबंध घर की सुख-समृद्धि से जुड़ा होता है। साथ ही इस पौधे से घर की हवा भी शुद्ध होती है। आप सजावट के तौर पर इसे घर के बाहर या भीतर कहीं भी लगा सकते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार मनी प्लांट को घर के दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाना शुभ होता है। क्योंकि यह अग्नि कोण होता है और इस दिशा का प्रतिनिधित्व शुक्र ग्रह करते हैं।

बैम्बू प्लांट- वास्तु शास्त्र के अनुसार बैम्बू प्लांट या बांस का पौधा भी घर के लिए बहुत शुभ होता है और इससे सकारात्मक ऊजा का संचार बढ़ता है। बांस का पौधा घर के पूर्व दिशा में लगाने से सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है। आप इसे बेडरूम, लिविंग रूम, सेंटर टेबल के बीच कहीं भी रख सकते हैं। यह पौधा वायु प्रदूषण को भी कम करने में भी मददगार साबित होता है, क्योंकि इसमें कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड जैसी जहरीली गैस को कम करने की क्षमता होती है।

स्पाइडर प्लांट- यह छोटा लेकिन सुंदर दिखने वाला पौधा होता है। आपने कई घरों में यह पौधा देखा होगा। वास्तु शास्त्र में इस पौधे के लाभ के बारे में भी बताया गया है। वास्तु अनुसार स्पाइडर प्लांट को लगाने के लिए घर की उत्तर, पूर्व, उत्तर-पूर्व या उत्तर-पश्चिम दिशा सबसे अच्छी मानी जाती है। आप इसे घर के भीतर लिविंग रूम, किचन, बालकनी या स्टडी रूम आदि में लगा सकते हैं। घर के भीतर स्पाइडर प्लांट को लगाने से हवा शुद्ध होती है और स्वास्थ्य अच्छा रहता है। इसकी पत्तियों में पाए जाने वाले रेशे हवा को शुद्ध करने में मददगार होते हैं।

एलोवेरा- एलोवेरा प्लांट को बहुत ही गुणकारी पौधा माना गया है। यह हवा के साथ ही सेहत, त्वचा, और बालों के लिए बहुत फायदेमंद है। बस इस बात का ध्यान रखें कि इसे उत्तर-पश्चिम दिशा में न लगाएं। आप एलोवेरा का प्लांट पश्चिम, दक्षिण-पूर्व या पूर्व दिशा में लगा सकते हैं।

लेडी पाम- वास्तु शास्त्र के अनुसार लेडी पाम का पौधा सकारात्मक ऊर्जा और सौभाग्य को आकर्षित करता है। इसे घर पर रखने के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा या उत्तर-पश्चिम दिशा अच्छी मानी जाती है। लेडी पाम ट्री हवा शुद्ध कर वातावरण में मौजूद जहरीली गैसों को भी दूर करता है। इसलिए घर के भीतर रखने के लिए यह एक आदर्श पौधा माना जाता है।

