Summary: प्यार और प्रोफेशनल साझेदारी ने दिलाई इन पावर कपल्स को ग्लोबल पहचान
बिजनेस की कठिन राह पर जब जीवनसाथी का साथ, भरोसा और समझ मिल जाए तो सफलता की कहानी और भी खास बन जाती है। इस लेख में 5 भारतीय और 3 विदेशी पावर कपल्स की प्रेरणादायक यात्राओं के बारे में बताया गया है।
Successful Business Power Couples: बिजनेस की दुनिया अक्सर कड़े फैसलों, जोखिम और अंतहीन संघर्षों से भरी होती है। लेकिन जब इस सफर में प्यार, भरोसा और साझेदारी का साथ हो, तो सफलता की कहानी अधिक खूबसूरत बन जाती है। अपने देश और विदेश में ऐसे कई पावर कपल्स हैं, जिन्होंने न सिर्फ अपने रिश्ते को मजबूत रखा, बल्कि साथ मिलकर बिजनेस जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 भारतीय और 3 विदेशी पावर कपल्स के बारे में, जिनकी जोड़ी प्यार और सफलता दोनों की मिसाल है।
1. नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति
इन्फोसिस के को फाउंडर नारायण मूर्ति और लेखिका व समाजसेवी सुधा मूर्ति सादगी और अच्छे संस्कारों के लिए जाने जाते हैं। नारायण मूर्ति ने भारत की आईटी इंडस्ट्री को नई दिशा दी, जबकि सुधा मूर्ति ने शिक्षा और समाजसेवा में अहम योगदान दिया। इनका रिश्ता आपसी सम्मान और समझ पर टिका है।
2. मुकेश अंबानी और नीता अंबानी
मुकेश अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकर्ता हैं, जो देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। वहीं नीता अंबानी शिक्षा, खेल और सामाजिक कार्यों के जरिए समाज में बड़ा काम कर रही हैं। दोनों मिलकर बिजनेस और समाजसेवा के बीच संतुलन बनाते हैं।
3. किरण मजूमदार शॉ और जॉन शॉ
बायोकॉन की फाउंडर किरण मजूमदार शॉ भारत की जानी-मानी महिला बिजनेसवुमन हैं। उनके पति जॉन शॉ ने कंपनी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है, हालांकि अब वह इस दुनिया में नहीं हैं। इस कपल ने साबित किया कि भरोसा और साथ मिलकर काम करना बड़ी सफलता दिला सकता है।
4. फाल्गुनी नायर और संजय नायर
फाल्गुनी नायर ने 50 साल की उम्र के बाद नायका की शुरुआत करके बड़ी कामयाबी हासिल की। उनके पति संजय नायर हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे। इनकी कहानी बताती है कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती।
5. विनीता सिंह और कौशिक मुखर्जी
शुगर कॉस्मेटिक्स की को फाउंडर विनीता सिंह और उनके पति कौशिक मुखर्जी स्टार्टअप दुनिया के चर्चित नाम हैं। दोनों पढ़ाई में भी आगे रहे और अब मिलकर भारतीय ब्यूटी ब्रांड को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। युवाओं के लिए इनकी यात्रा काफी प्रेरणादायक है।
6. जेफ बेजोस और लॉरेन सांचेज
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस ने रिटेल से लेकर क्लाउड कंप्यूटिंग तक खूब काम किया है। उनके बिजनेस फैसलों ने ग्लोबल मार्केट पर गहरा असर डाला है। लॉरेन सांचेज मीडिया से जुड़ी रही हैं और हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। वह एरियल फिल्म प्रोडक्शन नामक कंपनी भी चलाती हैं और अंतरिक्ष अन्वेषण से जुड़ी पहलों में दिलचस्पी रखती हैं।
7. मार्क जुकरबर्ग और प्रिसिला चान
फेसबुक (अब मेटा) के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग और डॉक्टर प्रिसिला चान ने मिलकर चान-जुकरबर्ग इनिशिएटिव शुरू किया। यह संस्था शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करती है। यह कपल टेक्नॉलजी और इंसानियत को साथ लेकर चलने का उदाहरण है।
8. डेविड और विक्टोरिया बेकहम
डेविड बेकहम फुटबॉल की दुनिया का बड़ा नाम रहे हैं, जबकि विक्टोरिया बेकहम फैशन इंडस्ट्री में सफल बिजनेसवुमन हैं। दोनों ने मिलकर अपनी पहचान को एक ग्लोबल ब्रांड में बदल दिया, जो खेल, फैशन और लाइफस्टाइल तक फैला है।
