Salad for Weight Loss: वेट लॉस और सलाद का गहरा संबंध है। वैसे तो वेट लॉस के लिए सलाद खाना काफी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन यह तभी संभव होता है जब आप सही सलाद का चुनाव कर सही तरीके से इसका सेवन करते हैं। अगर आप सलाद खाने में कुछ सामान्य गलतियाँ करते हैं, तो आपको इसका मनचाहा परिणाम नहीं मिलता है और इससे वेट लॉस भी नहीं होता है, साथ ही शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी हो जाती है। इसलिए आइए जानते हैं कि वेट लॉस के लिए सलाद का सेवन किस तरह से करना चाहिए और किन गलतियों को करने से बचना चाहिए।
वेट लॉस के लिए कौन सा सलाद है अच्छा

जब आप वेट लॉस के लिए सलाद का सेवन करना शुरू करती हैं तो इस सलाद में सब्जियों के साथ-साथ कुछ और चीजें जैसे छोले या पनीर, टोफू, उबले अंडे, ग्रिल्ड व उबला चिकन भी जरूर शामिल करें। इसके अलावा वेट लॉस सलाद में गुड फैट्स और फाइबर का होना भी जरूरी है। इसके लिए सलाद में स्प्राउट्स, बीन्स, नट्स, सीड्स, एवोकाडो भी मिलाएं। ऐसा करने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है और आपको बार-बार भूख भी नहीं लगती है।
वेट लॉस सलाद में ये गलतियाँ करने से बचें
प्रोटीन को अनदेखा ना करें

वेट लॉस करने के लिए प्रोटीन सबसे जरूरी होता है, क्योंकि प्रोटीन के सेवन से हमारा मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है और पेट भी लम्बे समय तक भरा रहता है। अगर आप सलाद में केवल खीरा, टमाटर और लेट्यूस खाते हैं तो इन चीजों में प्रोटीन नहीं होता है, इसे खाने के तुरंत बाद ही आपको भूख लग सकती है और इसकी वजह से आपको ना चाहते हुए भी खाना पड़ता है। इसलिए अपने वेट लॉस सलाद में अंडा, पनीर, टोफू व उबली हुई दालें जरूर शामिल करें।
फाइबर और हेल्दी फैट्स को अनदेखा ना करें

सलाद में सिर्फ हरी सब्जियों को शामिल करना ही काफी नहीं होता है। शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की आपूर्ति के लिए फाइबर और गुड फैट्स का होना भी जरूरी होता है। गुड फैट्स से शरीर को ऊर्जा मिलती है, जिससे आप दैनिक गतिविधियों को अच्छे से कर पाते हैं। इसलिए अपने वेट लॉस सलाद में नट्स, चिया सीड्स, फ्लैक्स सीड्स जरूर मिलाएं। साथ ही इसमें जैतून का तेल शामिल करना भी ना भूलें।
सलाद में ना रखें ज्यादा कार्बोहाइड्रेट

वेट लॉस वाले सलाद में ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें जैसे आलू, मक्का या ज्यादा मीठे फल शामिल करने से बचें। इससे शरीर में शुगर लेवल बढ़ता है, जो इंसुलिन को प्रभावित करता है और इसकी वजह से वेट लॉस की प्रक्रिया धीमी हो जाती है और इतनी मेहनत के बाद भी आपका वजन कम नहीं होता है।
कैसा होना चाहिए वेट लॉस सलाद
वेट लॉस के लिए सलाद में हाई-फाइबर वाली सब्जियां, पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन और हेल्दी फैट्स का बराबर का संतुलन होना जरूरी है। साथ ही इसे संतुलित तरीके से सही मात्रा में खाना जरूरी होता है, तभी आपका वजन कंट्रोल में रहता है।
