Winter Breakfast: वेट लॉस करना अधिकतर लोगों के लिए एकदम बहुत बड़ा टास्क होता है। अक्सर लोग यह सोचते ही रह जाते हैं कि वे वेट लॉस किस तरह करें। इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप अपनी डाइट में कुछ जरूरी बदलाव करें। खासतौर से, अगर आप अपने ब्रेकफास्ट में कुछ खास तरह की चीजों को शामिल करते हैं तो इससे आपको अधिक लाभ मिलता है। दरअसल, ब्रेकफास्ट दिन का सबसे पहला मील होता है और इसलिए इसका एक बड़ा प्रभाव आपकी वेट लॉस जर्नी पर पड़ता है।
अमूमन यह देखने में आता है कि लोग सर्दी के मौसम में सुबह के समय पराठे खाना अधिक पसंद करते हैं। यकीनन यह आपको बेहद ही डिलिशियस लगता है लेकिन इससे वजन कम करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको विंटर में वेट लॉस करने के लिए कुछ ब्रेकफास्ट आइडियाज के बारे में बता रहे हैं, जो यकीनन आपको भी बेहद पसंद आएंगे-
वेट लॉस के लिए खाएं अंडे

अपने दिन की शुरुआत अंडों के साथ करना यकीनन एक अच्छा विचार है। यह देखने में आता है कि जो लोग नाश्ते में अंडे का सेवन करते हैं, उन्हें अपना वजन मेंटेन करने में अधिक मदद मिलती है। दरअसल, अंडे प्रोटीन से भरपूर होते हैं, जो आपको लगातार एनर्जी प्रदान करते हैं। साथ ही साथ, यह आपको लंबे समय फुलनेस का अहसास करवाते हैं, जिससे आप ओवर ईटिंग करने से बच पाते हैं। इस तरह आपको वजन कम करने में मदद मिलती है। आप अंडों को उबालकर खाने से लेकर अंडे की भुर्जी या आमलेट आदि बनाकर खा सकते हैं।
वेट लॉस के लिए खाएं केले

वेट लॉस के लिए केला खाना भी काफी अच्छा माना जाता है। इनमें फाइबर अधिक मात्रा में होता है, जबकि इनका कैलोरी काउंट कम होता है। जिसके कारण ब्रेकफास्ट में इनका सेवन करने से वेट लॉस करना काफी आसान हो जाता है। हालांकि, केले का सेवन करते समय आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आप खाली पेट केला ना खाएं। इससे पहले आप अपनी मार्निंग ड्रिंक ले सकते हैं। इसके अलावा आप इसे अपने नाश्ते में टॉपिंग के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं और अपने विंटर ब्रेकफास्ट को और भी अधिक हेल्दी बना सकते हैं।
वेट लॉस के लिए पिएं विंटर स्मूदी

ऐसे कई लोग होते हैं, जिन्हें सुबह के समय प्रॉपर तरीके से ब्रेकफास्ट बनाने में समस्या होती है। ऐसे लोग विंटर में मिलने वाली वेजिटेबल्स और फ्रूट्स की मदद से एक बेहतरीन स्मूदी बनाकर उसे पी सकते हैं। ये स्मूदी काफी जल्दी बन जाती हैं और आपको लंबे समय तक फुलर अहसास करवाती हैं। इसके साथ-साथ वेट लॉस को भी स्पीडअप करती है। स्मूदी आपके फाइबर और प्रोटीन के सेवन को बढ़ाने का एक सुविधाजनक तरीका हो सकता है जिससे वजन कम होता है। आप स्मूदी बनाते समय हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ-साथ हाई प्रोटीन नट्स, सीड्स या प्रोटीन पाउडर को भी उसमें शामिल कर सकते हैं। स्मूदी बनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आप उसमें कोई हाई-कैलोरी फूड इंग्रीडिएंट शामिल ना करें।
वेट लॉस के लिए पीएं कॉफी

ठंड के दिनों में अगर सुबह-सुबह कॉफी पीने को मिल जाए तो बस क्या ही कहने। आमतौर पर लोग कॉफी को सेहत के लिए बुरा मानते हैं, लेकिन ब्रेकफास्ट में कॉफी को शामिल करने से आपको वेट लॉस में मदद मिल सकती है। दरअसल, इसमें मौजूद कैफीन के कारण यह आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट अप करती है। जिससे फैट बर्न होने में मदद मिलती है और वेट लॉस होता है। हालांकि, कॉफी का सेवन करते समय इस बात का ध्यान रखें कि आप खाली पेट इसे ना लें, अन्यथा इससे आपको एसिडिटी व जलन की शिकायत हो सकती है। इसके अलावा, इसे बनाते समय में इसमें चीनी व क्रीम को शामिल ना करें, क्योंकि वे इसमें अतिरिक्त कैलोरी एड करेंगे और फिर आपको कॉफी के सेवन से लाभ नहीं मिल पाएगा।
वेट लॉस के लिए खाएं चिया सीड्स

चिया सीड्स देखने में भले ही छोटे हों, लेकिन वे नाश्ते के लिए एक बेहद ही अच्छा विकल्प हैं। इनमें फाइबर काफी हाई होता है, इसके अलावा इसमें प्रोटीन भी पाया जाता है, जो आपको वजन कम करने में मदद करता है। आप इसे पानी में करीबन 20-30 मिनट तक सोक करके रखें। इसके बाद आप इसे अपनी स्मूदी या ओट्स के बाउल में शामिल करके उसे और भी अधिक हेल्दी बना सकते हैं। साथ ही साथ, अपने वजन को भी कम कर सकते हैं। नाश्ते में चिया सीड्स के अलावा फ्लेक्स सीड्स को भी खाया जा सकता है। इसे भी वेट लॉस के लिए काफी अच्छा माना गया है।
वेट लॉस के लिए खाएं नट्स

नट्स का सेवन करना कई मायनों में सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। यह आपके दिल व दिमाग से लेकर वजन पर अपना प्रभाव डालते हैं। चूंकि इनमें फाइबर व प्रोटीन अच्छी मात्रा में होता है, इसलिए वेट लॉस के लिए इनका सेवन किया जा सकता है। आप इन्हें शाम में भिगोकर अगली सुबह ऐसे ही खा सकते हैं या फिर आप अपने नाश्ते में स्मूदी बनाते समय या फिर अन्य कई तरीकों से भी शामिल कर सकते हैं। नियमित रूप में कुछ नट्स खाने से धीरे-धीरे वजन नियंत्रित होने लगता है।
तो अब आप भी इन चीजों को अपनी विंटर ब्रेकफास्ट का हिस्सा बनाएं और जल्द ही अपने वजन को कण्ट्रोल करें।
