Overview:
एबीसी जूस को सेहत के लिए किसी चमत्कार जैसा बताया जा रहा है। लेकिन क्या बिना सोचे समझे इसका सेवन करना सच में सेहत के लिए फायदेमंद है। आइए जानते हैं दिल्ली एम्स की डॉक्टर से।
ABC Juice Side Effects: सोशल मीडिया का लोगों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। अब लोग सोशल मीडिया के हेल्थ ट्रेंड्स को आंख बंद करके फॉलो करने लगते हैं। इन्हीें में से एक है ‘एबीसी जूस’। इस जूस को सेहत के लिए किसी चमत्कार जैसा बताया जा रहा है। लेकिन क्या बिना सोचे समझे इसका सेवन करना सच में सेहत के लिए फायदेमंद है। आइए जानते हैं दिल्ली एम्स की डॉक्टर से।
जानें आखिर क्या है एबीसी जूस

एबीसी जूस तीन चीजों का कॉम्बिनेशन है। इसमें ए से एप्पल यानी सेब, बी से बीटरूट यानी चुकंदर और सी से कैरेट यानी गाजर मिलाई जाती है। कुल मिलाकर यह सेब, चुकंदर व गाजर का एक टेस्टी और हेल्दी जूस है। इस जूस में मिलाई गई तीनों ही चीजें सेहतमंद हैं। यही कारण है इसे शरीर और स्किन दोनों के लिए हेल्दी माना जाता है।
एबीसी जूस के फायदे
एबीसी जूस को पोषण का पावर हाउस बोल सकते हैं। यह शरीर डिटॉक्सिफाई करने में मददगार होता है। विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होने के कारण इस जूस से इम्यूनिटी बढ़ती है और आप कई रोगों से दूर रहते हैं। यही कारण है कि यह स्किन को भी हेल्दी बनाता है। यह पाचन तंत्र में भी सुधार करता है। कब्ज से परेशान लोगों के लिए यह जूस किसी दवा जैसा है। यह जूस कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। जिससे हार्ट डिजीज होने का खतरा कम होता है।
ये बात जानना है जरूरी
एम्स दिल्ली की न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका सहरावत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एबीसी जूस को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया। डॉ. सहरावत ने बताया कि लोग बिना सोचे समझे एबीसी जूस का सेवन कर रहे हैं। लेकिन हेल्दी होते हुए भी कुछ लोगों के लिए इस जूस का नियमित सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। डॉक्टर ने कहा कि यह जूस एंटीऑक्सीडेंट, लाइकोपीन का स्तर बढ़ाता है इसलिए यह दिमाग, स्किन और शरीर के लिए अच्छा है। फिर भी कुछ लोगों को इससे दूर रहना चाहिए।
1. किडनी स्टोन वाले रहे दूर
डॉ. सहरावत ने बताया कि किडनी स्टोन से पीड़ित लोगों को या जो लोग बार-बार स्टोन की परेशानी से पीड़ित होते हैं, उन्हें एबीसी जूस का नियमित सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, इस जूस में चुकंदर काफी मात्रा में डाला जाता है। इसमें ऑक्सलेट पाए जाते हैं। ये कैल्शियम के साथ मिलकर किडनी स्टोन बन सकते हैं। इससे परेशानी बढ़ने की आशंका रहती है।
2. ब्लड शुगर में अस्थिरता
अपने वीडियो में डॉ. सहरावत ने बताया कि जिन लोगों की शुगर हाई है यानी डायबिटीज के मरीजों को एबीसी जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि यह शुगर को एकदम से बढ़ा सकता है। इसकी जगह ऐसे मरीजों को पूरा फल खाना चाहिए। फलों का भी ग्लाइसेमिक इंडेक्स देखकर ही उनका सेवन करें। हालांकि डायबिटीज के मरीजों के लिए सेब एक अच्छा फल है। डॉक्टर ने सलाह दी कि डायबिटीज के मरीजों को एबीसी जूस का रोज सेवन नहीं करना चाहिए। या फिर डॉक्टर से सलाह के बाद ही इसका सेवन करना चाहिए।
