Ragi For Weight Loss: वजन कम करने के लिए सबसे जरूरी होता है कि आप अपनी डाइट पर ध्यान दें। अगर आप अपने फूड आइटम्स का सोच-समझकर चयन करते हैं तो इससे वजन कम करना काफी आसान हो जाता है। इन्हीं में से एक है रागी, जिसे वेट लॉस के लिए एक हेल्दी ऑप्शन माना जाता है। इसमें डाइटरी फाइबर, कैल्शियम, प्रोटीन, फास्फोरस, मैग्नीशियम, आयरन, जस्ता और मैंगनीज आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। इतना ही नहीं, रागी पॉलीफेनोल्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट और ट्रिप्टोफैन जैसे अमीनो एसिड से भी भरपूर होता है, जिससे स्वास्थ्य को कई लाभ मिलते हैं।
गर्मी के दिनों में भी रागी का सेवन आपके शरीर को ठंडा रख सकता है। साथ ही यह ग्लूटन फ्री है, इसलिए अगर आप ग्लूटन फ्री डाइट पर हैं, तब भी रागी का सेवन करना आपके लिए काफी अच्छा रहेगा। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि वेट लॉस के लिए आप रागी को किन-किन तरीकों से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं-
1) बनाएं रागी रोटी

अगर आप वेट लॉस डाइट पर हैं तो ऐसे में आप रागी की मदद से रोटी बनाकर उसका सेवन कर सकते हैं। आप अपनी थाली में गेंहू की रोटी की जगह रागी की रोटी को जगह दें। रागी में मौजूद ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड भूख को कम करने में मदद करता है। रागी से आटा गूंथते समय आप इसमें गाजर, मसाले व अन्य सब्जियां डाल सकते हैं। गेहूं के बजाय रागी के आटे से बनी रोटियां बनाने से आपको अपनी डेली कैलोरी इनटेक को कम करने और आसानी से वजन घटाने में मदद मिल सकती है।
2) बनाएं रागी के लड्डू

अक्सर वेट लॉस डाइट पर कुछ ना कुछ मीठा खाने की इच्छा होती है। लेकिन ऐसे में जब आप कुछ मीठा खाते हैं तो वजन बढ़ने लगता है। लेकिन अगर आप अपनी स्वीट क्रेविंग्स को भी शांत करना चाहते हैं और वेट लॉस भी करना चाहते हैं तो ऐसे में रागी से लड्डू तैयार करें। इसके लिए आप एक कप रागी का आटा लीजिये और उसे चम्मच से चलाते हुए भूनिए। एक बार हो जाने के बाद, आप आटे को एक तरफ रख सकते हैं। अब एक कप बीज निकाले हुए खजूर, एक कप किशमिश, एक कप मूंगफली के दाने और 1 कप सूखे भुने बादाम का पाउडर बना लें। इस सूखे मेवे के पाउडर को रागी के आटे में डालकर अच्छी तरह मिला लीजिये और फिर दोनों हाथों की मदद से लड्डू तैयार कर लीजिए।
3) खाएं रागी उपमा

अगर आप अपने दिन की शुरूआत एक हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ करना चाहते हैं तो ऐसे में रागी की मदद से उपमा तैयार करें। इसके लिए आपको एक कप रागी का आटा, कुछ सब्जियां जैसे कटे हुए प्याज, गाजर, बीन्स की आवश्यकता होगी। सबसे पहले मध्यम आंच पर एक पैन लें और उसमें थोड़ा सा तेल गरम करें, उसमें कुछ करी पत्ते और राई के दाने और एक साबुत सूखी लाल मिर्च डालें। इसके बाद 1 टीस्पून अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें और फिर कटी हुई सब्जियां डालें। इस बीच, एक दूसरे पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें और उसमें 1 टेबल स्पून घी डालें और 1 कप रागी का आटा डालें और उसे भूनें। गैस बंद कर दीजिए और इस आटे को सब्जी में डाल दीजिए। थोड़ा पानी और मसाले जैसे लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, नमक और काली मिर्च डालें। उपमा को पकाएं, हरा धनिया और भुने हुए मूंगफली के दानों से सजाकर परोसें।
4) बनाएं रागी डोसा

अगर आपको हल्की भूख है और आप कुछ अच्छा व टेस्टी खाना चाहते हैं तो ऐसे में रागी डोसा बनाकर खाना अच्छा आइडिया हो सकता है। यह डोसा ना केवल खाने में टेस्टी होता है, बल्कि वेट लॉस में भी मदद करता है। इस बनाने के लिए सबसे पहले डोसा बैटर तैयार करना होगा। इसके लिए एक बड़े कटोरे में रागी का आटा, रवा, चावल का आटा, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, करी पत्ता, धनिया, काली मिर्च और नमक डालकर मिक्स करें। अब इसमें फैंटा हुआ दही और 3 कप पानी डालकर मिक्स करें। 20 मिनट के लिए ढककर साइड रख दें। अगर बैटर थिक हो जाए जो इसमें थोड़ा पानी डालकर एक बार फिर से व्हिस्क करें। अब डोसा तवा को गर्म करें और कड़छी ही मदद से बैटर को फैलाकर डोसे को अच्छी तरह सेंक लें। इसे आप सांबर के साथ सर्व करें।
5) बनाएं रागी इडली

रागी इडली काफी लाइट व टेस्टी होती है। इसे आप अपने ब्रेकफास्ट से लेकर इवनिंग स्नैक तक का हिस्सा बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पोहे मिक्सर जार में बारीक पाउडर में पीस लें। साथ ही, सूजी को 2 से 3 मिनट तक भूनकर ठंडा होने दें। अब एक मिक्सिंग बाउल में रागी का आटा, पिसा हुआ पोहा, भुनी हुई सूजी, कटी हुई हरी मिर्च, कद्दूकस की हुई गाजर, प्याज, हरा धनिया और करी पत्ता डालकर मिक्स करें। अब दही, नमक और 3/4 कप पानी डालकर एक बार फिर से मिक्स करें, ताकि इसमें कोई गांठ ना रह जाएं। इसे 10 से 15 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। अब इडली कुकर में 1.5 कप पानी डालें और उबाल आने दें। अब रागी इडली के बैटर में बेकिंग सोडा मिलाएं। दो बड़े चम्मच पानी और डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इडली ट्रे के प्रत्येक सांचे में एक कलछी भर घोल डालें। इडली ट्रे को ढेर करके इडली कुकर के अंदर रखें। इडली कुकर को बंद करें और इडली को मध्यम आंच पर 10 मिनट के लिए स्टीम करें। तैयार इडली को बाहर निकालें। इसे आप नारियल की चटनी या सांबर के साथ खा सकते हैं।
