Overview:हेल्थ और ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट हैं ये जापानी ड्रिंक्स
अगर आप नेचुरली हेल्दी लाइफ और ग्लोइंग स्किन पाना चाहती हैं तो इन जापानी ड्रिंक्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
Japanese Drinks: जापान का नाम सामने आते ही दिमाग में सुशी का ख्याल आ जाता है। यकीनन सुशी पूरी दुनिया में काफी फेमस है, लेकिन जापान की एक खासियत यह भी है कि यहां पर रहने वाले लोग काफी लंबे समय तक जीते हैं और उनकी स्किन बेहद ही ग्लोइंग और क्लीयर होती है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि यहां का खान-पान काफी अलग है। अमूमन जापानी लोग अपनी सेहत और स्किन का ख्याल रखने के लिए कई तरह की आसान और नेचुरल ड्रिंक्स का सेवन करते हैं। इन्हें बनाना ना केवल बेहद आसान होता है, बल्कि ये काफी हेल्दी और पोषक तत्वों से युक्त होती हैं। आज जहां अधिकतर लोग तरह-तरह के सप्लीमेंट्स पर भरोसा करते हैं, वहीं जापानी लोग अब भी सिर्फ अपने खान-पान के जरिए एक बेहतर जीवन जीते हैं। जापान में पी जाने वाली तरह-तरह की ड्रिंक्स अलग-अलग तरीकों से काम करती हैं। जहां कुछ पाचन में मदद करती हैं, तो कुछ शरीर को डिटॉक्स करती हैं, तो कुछ स्किन को ग्लोइंग बनाने में मदद करती हैं।
इन जापानी ड्रिंक्स का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह आपको शॉर्टकट रिजल्ट का वादा नहीं करती हैं, बल्कि अगर इन्हें डाइट में शामिल किया जाए तो इससे आपको लॉन्ग-टर्म बेनिफिट मिलते हैं, क्योंकि ये ड्रिंक्स आपको अंदर से पोषण देती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही जापानी ड्रिंक्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनी डाइट में शामिल करके आप ग्लोइंग स्किन और फिट बॉडी आसानी से पा सकती हैं-
माचा टी (Matcha Tea)

यह एक पाउडर वाली ग्रीन टी होती है, जिसमें एंटी-ऑक्सिडेंट्स होते हैं। माचा टी बॉडी को डिटॉक्स करती है और फ्री रेडिकल्स से लड़ती है। जिससे आपको एक क्लीयर और ग्लोइंग स्किन मिलती है। साथ ही साथ, यह स्किन की इलास्टिसिटी को बढ़ाती है और इंफ्लेमेशन को भी कम करती है। चूंकि इससे मेटाबॉलिज़्म बूस्ट होता है और फैट बर्न में मदद मिलती है, इसलिए माचा टी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।
माचा टी कैसे बनाएं-
माचा टी बनाने के लिए आपको एक टीस्पून माचा पाउडर और एक कप गर्म पानी की जरूरत होगी। माचा टी बनाने के लिए सबसे पहले माचा पाउडर को गर्म पानी में फेंटें जब तक झाग न बन जाए। अब अगर आप चाहें तो इसमें एक टीस्पून शहद या थोड़ी बादाम का दूध डाल सकते हैं। बस अब इसका सेवन करें।
कोम्बुचा (Kombucha)

कोम्बुचा वास्तव में जापानी स्टाइल फर्मेंटेड टी है और इसलिए यह प्रोबायोटिक्स रिच है। यह ड्रिंक आपकी गट हेल्थ का काफी ख्याल रखती है। इससे बॉडी को डिटॉक्स करने व डाइजेशन में काफी मदद मिलती है। इतना ही नहीं, यह इम्यूनिटी को भी बूस्ट करती है और वजन को कम करने में कारगर है। इससे आपकी स्किन पर भी अच्छा असर पड़ता है।
कोम्बुचा कैसे बनाएं-
1 लीटर पानी
2 चम्मच ब्लैक या ग्रीन टी
3-5 चम्मच चीनी
एक स्कोबी
100 एमएल स्टार्टर टी (बिना फ्लेवर वाली कोम्बुचा)
कोम्बुचा बनाने के लिए सबसे पहले एक लीटर पानी उबालें। अब उसमें चाय पत्ती या टी बैग डालकर 5-10 मिनट के लिए ढक कर रखें। अब टी बैग बाहर निकालनें और चीनी डालकर पूरी तरह घुलने तक हिलाएं। अब इसे ठंडा होने दें। इस चाय को एक कांच के जार में डालें और स्टार्टर टी मिलाएं। साथ ही, धीरे-धीरे स्कोबी डालें। जार को साफ कपड़े या कॉफी फिल्टर से ढककर रबर बैंड से सिक्योर करें। इसे कमरे के तापमान पर धूप से दूर 7-14 दिन रखें। छानकर फ्रिज में रखें और ठंडा करके पीएं।
शिसो जूस (Shiso Juice)
शिसो जूस वास्तव में शिसो पत्तों से बना एक रिफ्रेशिंग हर्बल ड्रिंक है, जो एंटीऑक्सिडेंट और ओमेगा-3 से भरपूर है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो स्किन को शांत करते हैं। वहीं यह आपको फ्रेश और हाइड्रेटेड करवाता है, जिससे आपकी स्किन निखरती है। साथ ही साथ, यह बॉडी को डिटॉक्स करने और फैट मेटाबॉलिज़्म में मदद करता है। इसे बनाना भी काफी आसान है।
शिसो जूस कैसे बनाएं
10-12 ताजा शिसो पत्ते
2 कप पानी
2-3 बड़े चम्मच शहद या चीनी
1 बड़ा चम्मच नींबू
बर्फ के टुकड़े
शिसो पत्तों को अच्छे से धो लें ताकि कोई गंदगी न रहे।
अब पानी उबालें और शिसो पत्ते 30 सेकंड के लिए डालें। फिर तुरंत ठंडे पानी में डालें। इससे कड़वाहट कम होती है और रंग ताज़ा रहता है।
अब शिसो पत्ते, पानी और शहद या चीनी ब्लेंडर में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें।
इसे छान लें और स्वाद बढ़ाने के लिए नींबू का रस डालें।
आखिरी में बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
आप चाहें तो इसमें अपने स्वादानुसार सोडा या कुछ पुदीने के पत्ते भी डाल सकते हैं।
अमाज़ेके (Amazake)

यह एक पारंपरिक जापानी ड्रिंक है, जिसे फरमेंटेड चावलों से बनाया जाता है। यह अपने आप में मीठा होता है, लेकिन इसमें शुगर बहुत कम होती है। यह ड्रिंक पोषक तत्वों से भरपूर है। इसमें विटामिन बी, एंजाइम और अमीनो एसिड्स पाए जाते हैं, जो डाइजेशन और पेट की सेहत को सुधारते हैं। इससे ना केवल आपका मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है, बल्कि स्किन भी ग्लोइंग बनती है। साथ ही साथ, इससे आप अधिक एनर्जेटिक फील करते हैं।
अमाज़ेके कैसे बनाएं-
1 कप पका हुआ चावल
2 कप पानी
1 टेबलस्पून कोजी (किण्वित चावल स्टार्टर)
सबसे पहले पका हुआ चावल पानी में मिक्स करें।
अब इसमें कोजी डालें और 8-10 घंटे गर्म जगह पर रखें।
अब इसे छानकर गरम या ठंडा सर्व करें।
अगर आप चाहें तो स्वाद के लिए इसमें थोड़ा दालचीनी या वनीला डाल सकते हैं।
