Benefits Of Raw Garlic: लहसुन का सेवन करने वाले लोग अकसर इसका इस्तेमाल भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं लहसुन में मौजूद कई पोषक तत्व ना सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि खाली पेट इसका सेवन करने पर यह आपकी सेहत को दुरुस्त भी कर सकता है। बता दें, लहसुन खाने से सेहत को ढेर सारे फायदे होते हैं। एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुणों से भरपूर लहसुन में आयरन, जिंक, कॉपर, कार्बोहाइड्रेट,फाइबर और कैल्शियम जैसे कई न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। जो वेट लॉस से लेकर डायबिटीज और खराब कोलेस्ट्रॉल तक को कंट्रोल रखने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं खाली पेट लहसुन खाने से सेहत को मिलते हैं क्या गजब के फायदे-
दिल की सेहत
लहसुन ब्लड प्रेशर ही नहीं खराब कोलेस्ट्रॉल के लेवल को भी कम करने और आर्टरीज को सख्त होने से रोककर दिल की सेहत में सुधार करने में मदद कर सकता है। एक्सपर्ट के अनुसार सुबह खाली पेट लहसुन खाने से कच्चे लहसुन में पाए जाने वाला एलिसिन खून को गाढ़ा होने से रोकता है और रक्त में कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी कम रखता है। ये दोनों ही चीजें हार्ट अटैक का रिस्क कम करने में मदद करती हैं।
ब्लड शुगर रखे कंट्रोल
डायबिटीज की समस्या झेल रहे लोगों के लिए लहसुन का सेवन किसी औषधि से कम नहीं माना जाता है। लहसुन शरीर में शुगर लेवल को मैनेज करके ब्लड सर्कुलेशन को भी बेहतर बनाता है।
इम्यूनिटी करे बूस्ट
कच्चा लहसुन एंटीऑक्सीडेंट और सल्फर युक्त कंपाउंड से भरपूर होने की वजह से प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। कच्चे लहसुन का नियमित सेवन करने से संक्रमण और बीमारियों से बचाव हो सकता है।
गठिया के दर्द में फायदेमंद
कच्चा लहसुन सूजन संबंधी विकारों को दूर करने में बेहद लाभकारी होता है। कच्चे लहसुन में मौजूद डायलिल डाइसल्फाइड जैसे एंटी-इंफ्लेमेटरी कंपाउंड शरीर की सूजन को कम करके गठिया जैसी स्थितियों के लक्षणों को भी कम करने में मदद कर सकता है।
वेट लॉस में फायदेमंद
अगर आप भी बढ़ते मोटापे से परेशान हैं तो लहसुन का सेवन आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। कच्चे लहसुन का सेवन मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देकर फैट बर्न में मदद कर सकता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से गट हेल्थ अच्छी बनी रहती है।
