जिम जाने का प्लान कर रहे हैं, तो ये टेस्ट ज़रूर करवा लें: Fitness Tips
जानते हैं वो कौन से टेस्ट हैं जिन्हें आपको जिम जाने से पहले करवाना चाहिये-
Test before Joining Gym: आजकल लाइफस्टाइल बीमारियों के तेज़ी बढ़ने से लोगों में फिटनेस को लेकर जागरूकता बड़ी है। ख़ासकर युवा अपनी डाइट और वर्कआउट को लेकर सचेत हो रहे हैं। इसी वजह से जिम जाने वालों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। इससे बॉडी तो फिट रहती ही है, मसल स्ट्रेंथ भी बढ़ती है। हालाँकि, पिछले कुछ समय में जिम के दौरान कम उम्र के लोगों में हार्ट अटैक जैसी समस्याएँ सामने आ रही है। इसलिए कई लोग जिम जाने से डरने भी लगे हैं। ऐसा इसलिए होता है कि लोग अपनी शारीरिक क्षमता को जाने बिना हैवी एक्सरसाइज करने लगते हैं जिसका असर उनके हार्ट और दूसरे अंगों पर पढ़ता है। इसलिए ज़रूरी है कि जिम जाने से पहले आप कुछ रूटीन टेस्ट ज़रूर करवा लें, इनके बाद आप बेफिक्र होकर जिम में वर्कआउट कर सकते हैं। जानते हैं वो कौन से टेस्ट हैं जिन्हें आपको जिम जाने से पहले करवाना चाहिये-
Also read: तनाव, चिंता दूर करने का कारगर उपाय है कमरे की सफ़ाई करना: Cleaning Room and Stress
ब्लड प्रेशर
अगर जिम जाने का मन बना रहे हैं तो एक बार प्रेशर टेस्ट ज़रूर करवा लें, क्योंकि प्रेशर सही नहीं होने से दूसरी कई तरह की समस्याएँ हो सकती हैं। प्रेशर ज्यादा होने से हार्ट की समस्याएँ हो सकती हैं वहीं अगर आपका प्रेशर कम रहता है तो बीच में चक्कर आ सकता है, कभी-कभी इस कारण बेहोशी की समस्या भी हो सकती है।

लिपिड प्रोफाइल
शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर का पता लगाने के लिए लिपिड प्रोफाइल टेस्ट करवाना ज़रूरी है। जब भी आप एक्सरसाइज करते हैं तो इस दौरान कोलेस्ट्रॉल का लेवल सामान्य होना जरूरी है। हाई कोलेस्ट्रॉल से हार्ट के ऊपर असर पड़ता है, ख़ासतौर पर जिम में वर्कआउट करने के दौरान।
हार्ट स्कैन
जिम जाने से पहले हार्ट स्कैन करवाना बहुत ज़रूरी है। इसके लिए आपको ईसीजी, इको और टीएमटी जैसे टेस्ट करवाना चाहिये, इससे हार्ट में किसी भी तरह की समस्या का पता लगाया जा सकता है। ख़ासतौर, पर अगर आपके परिवार में किसी को हार्ट की समस्या है तो यह बहुत ज़रूरी है।

आयरन
शरीर में आयरन की कमी होने से थकान और कमजोरी होने लगती है। इससे मांसपेशियाँ शिथिल होने लगती है। मांसपेशियों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए आयरन जरूरी है। जिम के दौरान ताक़त की ज़रूरत होती है। ऐसे में अगर आपका आयरन लेवल कम होगा तो आप जल्दी थक जाएँगे। इसलिए जिमिंग के पहले एक बार एनीमिया की जांच ज़रूर करवा लें।
विटामिन डी
आजकल अधिकांश लोगों में विटामिन डी की कमी देखने को मिल रही है। इस वजह से हड्डियों में दर्द की समस्या बनी रहती है। ऐसे में अगर आप जिम जॉइन करते हैं तो एक्सरसाइज के दौरान हड्डियों में फ्रैक्चर या मांसपेशियों में दर्द का ख़तरा हो सकता है। इसलिए एक बार विटामिन डी के स्तर की जांच करवाकर यह सुनिश्चित कर लें कि आपकी मांसपेशियों बेहतर ढंग से काम कर रहीं हैं या नहीं।

थायराइड प्रोफाइल टेस्ट
थायराइड की कमी या ज्यादा होने से शरीर में कई तरह की समस्याएँ हो सकती हैं। इनमें थकान और वजन बढ़ना तो आम है। कई बार यह दिल की धड़कन बढ़ने का कारण बन सकता है। इसलिए एक बार थायरॉइड के लिए टेस्ट ज़रूर करवा लें।
इनके अलावा कोर स्ट्रेंथ, फ्लैक्सेबिलिटी चेक आदि भी करवा लेना चाहिये। अगर आप भी जिम जाते हैं या जिम जाने का सोच रहे हैं तो एक बार ये टेस्ट ज़रूर करवा लें।
