Heat Waves Alert: तेज धूप, गर्मी और लू ने दस्तक दे दी है। गर्मी के मौसम में लू लगना एक आम समस्या बन जाती है। जिसके चलते थकान, चक्कर, उल्टी और दस्त की समस्याएं हो सकती हैं। लू को हीट वेव भी कहा जाता है। आकड़ों के मुताबिक हीट वेव की वजह से हर साल हजारों की संख्या में लोग बीमार पड़ते हैं और कई गंभीर मामलों में उनकी मौत भी हो जाती है। लू से बचने का सबसे आसान तरीका है कि आप दोपहर के समय धूप और गर्मी के संपर्क में आने से बचें। यदि आपका घर से बाहर जाना बेहद जरूरी है तो आप इन छोटे लेकिन कारगर उपायों को अपनाकर लू से बचाव कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
कूल बाथ

गर्मी से बचने के लिए कूल बाथ ले सकते हैं। ठंडे पानी से शॉवर लेने से शरीर का तापमान सामान्य रहता है। साथ ही हीट स्ट्रोक से भी बचाव हो जाता है। घर से बाहर निकलने से पहले और वापस आने पर जरूर नहाएं। नहाने से पहले इस बात का ध्यान रखें कि शरीर का तापमान पूरी तरह से सामान्य हो। अधिक पसीना आने या गर्मी लगने पर न नहाएं।
सिर को करें कवर
गर्मी के मौसम में घर से बाहर जाने से पहले सिर को पैक करना न भूलें। इसके लिए आप सूती कपड़े के तौलिए से सिर को कवर कर लें। इसके अलावा आप मोटी कैप भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
ठंडी चीजों का सेवन
हीट वेव से बचने के लिए आप अपनी डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करें जो न केवल ठंडी हों बल्कि उसमें वॉटर कंटेंट भी ज्यादा हो। गर्मी के मौसम में खीरे, तरबूज, खरबूज और दही का सेवन अधिक से अधिक करें। जहां तक हो सके गरिष्ठ भोजन खाने से परहेज करें।
रहें हाइड्रेटेड
घर से बाहर जाने से पहले खूब सारा पानी पिएं। इस मौसम में शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए लिक्विड चीजों को डाइट में शामिल करें। इसके साथ ही अपने साथ हर वक्त पानी की बोलत रखें ताकि थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पिया जा सके।
रखें लॉन्ग और लहसुन

शरीर को गर्मी और लू से बचाने के लिए आप लॉन्ग और लहसुन की पोटली को अपने साथ रख सकते हैं। आपको याद होगा कि आपके बचपन में आपकी दादी-नानी लू से बचने के लिए लॉन्ग, कपूर और लहसुन की कली को एक कपड़े में बांधकर आपके हाथ में बांधा करती थीं। बस इसी प्रकार की एक पोटली बना लें और उसे अपने बाजू पर बांध लें। ये पोटली लू से आपकी रक्षा करेगी।
हीट स्ट्रोक की इन लक्षणों से करें पहचान
– लू लगने की स्थिति में सिर में तेज दर्द हो सकता है।
– मांसपेशियों में दर्द या खिंचाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
– लू कि वजह से अटैक आ सकता है।
– तेज धूप की वजह से चक्कर और उल्टी आ सकती है।
– व्यक्ति को बेचैनी और घबराहट महसूस हो सकती है।
– लू लगने पर हाथ की हथेली और पैरों के तलवों में जलन महसूस हो सकती है।
– डिहाइड्रेशन महसूस हो सकता है।
