Motivate Yourself for Weight Loss
Motivate Yourself for Weight Loss

Motivate Yourself for Weight Loss: आपके दिलोदिमाग में एक ही बात चलती है कि वजन घटाना है और आप इसके लिए शुरुआत भी कर देते हैं। कुछ दिन अनुशासन के साथ आप अपना वर्कआउट करते हैं, डाइट का ख्याल रखते हैं, दिन भर में कैलोरी कितनी ली है इस पर नजर रखते हैं और हर दिन खुद को प्रेरणा देते रहते हैं। यह बहुत अच्छी बात है लेकिन कई लोग इस रूटीन के साथ ज्यादा दिन नहीं टिक पाते हैं और फिर अपने पुराने रूटीन का रूख कर लेते हैं। इसके साथ ही ‘अपराधबोध’ के शिकार भी हो जाते हैं। वजन कम करना दिमाग का भी खेल है। केवल शारीरिक श्रम से ही संभव नहीं। वजन घटाने के इस मिशन में आप खुद को प्रोत्साहित करने की कोशिश करते हैं। कैलोरी काउंट करने और रोजाना ट्रेडमिल पर दौड़ने के लिए खुद को मजबूर करने से ही वजन कम नहीं होता है। वजन घटाने की प्रेरणा भीतर से आनी चाहिए।

Also read: वेट लॉस के लिए 5 लो कैलोरी रेसिपी: Weight Loss Food Recipe

इस कारण से हटते हैं पीछे

Motivate Yourself for Weight Loss
Motivate Yourself for Weight Loss

वजन कम करने की दिशा में हो रही धीमी प्रगति, अवास्तविक अपेक्षाओं और लंबे समय तक अनुशासन बनाए रखने की चुनौतियों के कारण लोग अक्सर वजन घटाने की प्रेरणा खो देते हैं। तनाव, समर्थन की कमी, दिनचर्या से ऊब और प्रतिस्पर्धी जीवन जैसे भावनात्मक कारक भी उनकी प्रेरणा को कमजोर कर सकते हैं, जिससे प्रतिबद्ध रहना मुश्किल हो जाता है।

इन तरीकों से खुद को करें प्रोत्साहित

इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप वजन घटाने के कौन से तरीके अपना रहे हैं, वजन कम करते समय प्रोत्साहित रहना एक चुनौती हो सकती है। यहां कुछ तरीके दिए गए हैं जो आपकी हिम्मत बनाए रखने में आपकी मदद कर सकते हैं।

जानें आप वजन कम क्यों करना चाहते हैं

कोई भी काम करने के पीछे कुछ-न-कुछ कारण जरूर होता है। पहले ये निर्धारित कर लें कि आप वजन क्यों कम करना चाहते हैं। बिना किसी प्रेरक कारण के केवल वजन कम करने का निर्णय अक्सर उल्टा पड़ सकता है। इसके बजाय, वजन कम करने की इच्छा के अपने अंतर्निहित कारणों को पहचानें और उनसे जुड़ें। चाहे यह आपके स्वास्थ्य में सुधार हो, ऊर्जा के स्तर में वृद्धि हो, आत्मविश्वास बढ़ाना हो, एक मजबूत ‘क्यों होने से आपको ध्यान केंद्रित और प्रेरित रहने में मदद मिल सकती है।

छोटे से शुरुआत करें

सोशल मीडिया पर वजन घटाने की सभी प्रेरणाओं को देखना और ऐसा महसूस करना आसान है कि आपको एक ही दिन में अपना पूरा जीवन बदल देना है। हालांकि आपको हर दिन कोई नई स्वस्थ आदत पर काम करना चाहिए। लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे बदलाव करने पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जो समय के साथ प्रभावी होते जाते हैं। जैसे कि एक हफ्ते के लिए आप रोजाना एक अतिरिक्त गिलास पानी पीने का लक्ष्य तय कर सकते हैं। अगले हफ्ते, आप किसी कम्युनिटी ग्रुप में अपनी प्रोग्रेस की फोटो पोस्ट करने पर ध्यान कर सकते हैं। ये व्यवहारिक बदलाव छोटे लग सकते हैं लेकिन समय के साथ ये बड़े काम के साबित होंगे।

खुद से प्यार करना है जरूरी

वजन घटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण हिस्सा खुद से प्यार करना सीखना है। सेल्फलव आपको वजन कम करने में मदद करेगा। यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध हो चुका है। शोध से पता चलता है कि जो लोग अपने शरीर की सराहना करते हैं वे वजन घटाने में अधिक सफल होते हैं। इसलिए आपका वजन जो भी हो, पहले उसे स्वीकारें, उसके बारे में बहुत बुरा महसूस करने की बजाए अपने लक्ष्य को देखें और खुश होकर इस दिशा में आगे बढ़ें।

इसे मजेदार बनाएं

एक्सरसाइज के लिए तनावपूर्ण होना जरूरी नहीं है। इसका आनंद लें और इस कड़ी में कुछ अन्य मजेदार गतिविधियां भी चुन सकती हैं जिसमें मजा आता हो, जैसे- डांस, हाइकिंग या कोई स्पोर्ट्स। दोस्तों के साथ साझेदारी करने से मोटिवेशन बूस्ट होगा और छोटे, प्राप्त करने योग्य लक्ष्य निर्धारित करने से आप प्रोत्साहित रहते हैं। फिटनेस ऐप्स का इस्तेमाल करना या संगीत सुनना भी वर्कआउट को अधिक मनोरंजक बना सकता है।

वेट लॉस या वर्कआउट पार्टनर ढूंढें

एक दोस्त या परिवार का सदस्य जो आप ही की तरह वजन कम कर रहा है, आपका सबसे बड़ा सहयोगी और सबसे अच्छा प्रेरक हो सकता है। किसी साथी के साथ वर्कआउट करना अधिक मजेदार होता है, समय तेजी से बीतता है और वजन कम करने के अपने मिशन में आप अकेला महसूस नहीं करते हैं। आप और आपका वर्कआउट पार्टनर एक-दूसरे को प्रेरित करने में मदद कर सकते हैं, जिससे आपके वर्कआउट शेड्यूल और हेल्दी ईटिंग प्लान पर टिके रहने की ज्यादा संभावना हो सकती है।

अपने ट्रिगर्स को जानें

क्या आप तब खाते हैं जब आप उदास महसूस कर रहे होते हैं या तनावपूर्ण दिन के बाद कुछ ऐसा डाइट में शामिल करते हैं जो आपको नजरअंदाज करना चाहिए? अपने ट्रिगर्स के बारे में जागरूक रहना और इस साइकिल को तोड़ना उन पर काबू पाने और अपने वजन घटाने की प्रेरणा को बढ़ाने के लिए पहला कदम है। अगली बार जब आप पुरानी आदतों की ओर रूख करें, तो एक कदम पीछे हटें और अपने आप से पूछें- मैं यह क्यों चाहती हूं? अंतर्निहित भावना क्या है? गहरी सांस लें और अपनी बुरी आदतों को तोड़ने का सचेत निर्णय लें।

अपने दिन की सही शुरुआत करें

आपके जागते ही वजन घटाने का उत्साह शुरू हो जाता है। आप अपनी आंखें खोलते हैं और चाहते हैं कि आपको उठना न पड़े या तुरंत कुछ सेहत को खराब करने वाले खाने की इच्छा होने लगे, तो आप गलत शुरुआत कर रहे हैं। सुबह का रूटीन बनाएं। यह दिमाग में रखें कि इस समय की आलस आपको पूरा दिन परेशान करेगी और मेहनत पर पानी फेरेगी। उठते ही कोई भी काम शुरू न करें। उठें और बालकनी में जाकर 5 मिनट बैठ जाएं क्योंकि उठते से ही वेट लॉस रूटीन दिमाग में आया तो आप तनाव महसूस करेंगे। 5 मिनट का ये अंतराल आपको पूरे दिन मजबूत और प्रेरित रहने के लिए सही स्थिति में रखेगा।

दूसरे से अपनी तुलना न करें

हमेशा कोई न कोई आपसे ज्यादा सफल, होशियार और बेहतर स्थिति में होगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जब आप अपनी तुलना दूसरों से करते हैं, तो आप हमेशा कमतर रह जाएंगे। वजन घटाने की प्रेरणा इस बात पर आधारित है कि आपके लिए सबसे अच्छा क्या है और ना कि किसी और के लिए। जब आप अपने लक्ष्यों के बारे में सोचते हैं, तो आप आसानी से बाकी सभी के बारे में भूल जाएंगे।

चुनौतियों और असफलताओं के लिए प्लान तैयार करें

रोजमर्रा के तनाव हमेशा आते रहेंगे। उनके लिए योजना बनाने के तरीके ढूंढने और उससे निपटने के लिए स्किल्स डेवलप करने आप हमेशा मोटिवेट रहेंगे, चाहे आपके रास्ते में कोई भी बाधा आए। छुट्टियों, जन्मदिन या पार्टियां हमेशा होती रहेंगे और वर्कप्लेस पर या परिवार के साथ हमेशा तनाव रहेगा। अगर आप संभावित चुनौतियों और असफलताओं के बारे में पहले ही तैयार रहेंगे तो आपको यह पटरी से उतरने और प्रेरणा को खोने से बचाएगा। अध्ययनों के मुताबिक जो लोग तनाव से निपटने में बेहतर हैं और बेहतर मुकाबला करने की रणनीति रखते हैं, वे ज्यादा वजन कम करने में सफल होते हैं।

इन तरीकों को अपनाइए और अपनी वेट लॉस जर्नी का भरपूर आनंद लीजिए।

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में सब एडिटर और एंकर पत्रकारिता में 7 वर्ष का अनुभव. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी दैनिक अखबार में इंटर्न के तौर पर की. पंजाब केसरी की न्यूज़ वेबसाइट में बतौर न्यूज़ राइटर 5 सालों तक काम किया. किताबों की शौक़ीन...