Overview: थायराइड कैंसर के लक्षणों की ऐसे करें जांच
थायरायड कैंसर के लक्षणों में गले में गांठ, निगलने या सांस लेने में दिक्कत शामिल हैं। इन लक्षणों को समय पर पहचानना जरूरी है।
Symptoms of Thyroid Cancer: गले में खराश, दर्द और सर्दी-बुखार जैसी समस्याएं मौसम में बदलाव और फ्लू के कारण हो सकती हैं लेकिन ये समस्याएं यदि लंबे समय तक बनी रहें तो ये थायरायड कैंसर का संकेत हो सकते हैं। थायरायड कैंसर एक गंभीर स्थिति है, लेकिन इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानना थोड़ा मुश्किल होता है। थायरायड ग्रंथि में गांठ या सूजन, जिसे गॉयटर भी कहते हैं, सामान्य हो सकती है, लेकिन अगर इसके साथ कुछ खास लक्षण दिखें तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। थायरायड कैंसर के शुरुआती लक्षणों को कैसे पहचाना जाए चलिए जानते हैं इसके बारे में।
गले में गांठ या सूजन

थायरायड कैंसर का सबसे आम लक्षण गले में गांठ या सूजन है। यह गांठ आमतौर पर तेजी से बढ़ती है और समय के साथ इसका आकार बड़ा होने लगता है। यह गांठ आमतौर पर दर्द रहित होती है, लेकिन कुछ मामलों में गले के सामने दर्द हो सकता है, जो कानों तक फैल सकता है। हालांकि, गले की गांठ हमेशा थायरायड कैंसर का संकेत नहीं होती। यह गॉयटर, नोड्यूलर थायरायड रोग या सबएक्यूट थायरॉइडाइटिस जैसी अन्य समस्याओं के कारण भी हो सकती है।
आवाज में बदलाव
थायरायड में ट्यूमर बढ़ने पर आवाज में भारीपन या खराश आ सकती है। यह लक्षण तब होता है, जब ट्यूमर वोकल कॉर्ड्स को नियंत्रित करने वाली नसों पर दबाव डालता है। आवाज का भारी होना या रस्पी होना लैरिंजाइटिस जैसी सामान्य स्थिति का संकेत हो सकता है, लेकिन अगर यह लंबे समय तक बना रहे, तो यह थायरायड कैंसर का लक्षण भी हो सकता है। लगातार या बार-बार होने वाले आवाज के बदलाव को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि यह वायुमार्ग में समस्या उत्पन्न कर सकता है।
निगलने और सांस लेने में कठिनाई
थायरायड कैंसर के कारण डिस्फेजिया यानी निगलने में परेशानी, हो सकती है। यह लक्षण तब होता है, जब थायरायड ग्रंथि में बढ़ता ट्यूमर गले पर दबाव डालता है। इससे खाना निगलने में दिक्कत, खाते या पीते समय दम घुटना या खांसी की स्थिति हो सकती है। इसके अलावा गले या सीने में खाना अटकने का अहसास होता है। वहीं कुछ मामलों में मरीज के सीने में इंफेक्शन भी हो सकता है। साथ ही मरीज का वजन तेजी से कम होने लगता है।
लगातार खांसी

ठंड या सर्दी से संबंधित न होने वाली लगातार खांसी थायरायड कैंसर का लक्षण हो सकती है। खासकर अगर यह खांसी गले में गांठ, आवाज में बदलाव या निगलने-सांस लेने की परेशानी के साथ हो, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। अगर खांसी अस्थमा जैसी किसी अन्य स्थिति से संबंधित नहीं है और ओवर-द-काउंटर दवाओं से ठीक नहीं होती, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
पुरुष और महिलाओं के लक्षणों में अंतर
थायरायड कैंसर के लक्षण पुरुषों और महिलाओं में समान हो सकते हैं। हालांकि, पुरुषों में ट्यूमर का आकार बड़ा होने के कारण लक्षण अधिक गंभीर हो सकते हैं। महिलाओं में ये कैंसर आसानी से ठीक हो जाता है, लेकिन पुरुषों में इसकी प्रगति अधिक गंभीर हो सकती है।
कब जाएं डॉक्टर के पास
अगर आपको गले में गांठ, लगातार खांसी, आवाज में बदलाव, निगलने या सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ये लक्षण अन्य स्थितियों के कारण भी हो सकते हैं, लेकिन सही निदान और समय पर इलाज के लिए विशेषज्ञ की सलाह आवश्यक है।
