Superfoods for Kids: गर्मियों का मौसम बच्चों के खेलने-कूदने के लिए जितना मज़ेदार होता है, उतना ही उनकी सेहत के लिए चुनौती भरा भी। तेज़ धूप, डिहाइड्रेशन, थकावट और पेट से जुड़ी परेशानियाँ इस मौसम में आम हो जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों की डाइट में कुछ खास चीज़ों को शामिल कर आप न सिर्फ उन्हें बीमार होने से बचा सकते हैं, बल्कि उनका इम्यून सिस्टम भी मजबूत बना सकते हैं। आइए जानें ऐसी 8 हेल्दी चीज़ें जो गर्मियों में बच्चों की सेहत की ढाल बन सकती हैं।
नारियल पानी
नारियल पानी बच्चों के शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ डिहाइड्रेशन से बचाता है। इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स होते हैं जो गर्मी में एनर्जी बनाए रखने में मदद करते हैं।
दही
गर्मियों में दही बच्चों के पेट के लिए किसी वरदान से कम नहीं। यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि पाचन को भी दुरुस्त रखता है। आप इसे रायता, छाछ या फ्रूट योगर्ट के रूप में दे सकते हैं।
मौसमी फल
तरबूज़, खरबूज़ा, आम, लीची और अंगूर जैसे मौसमी फल बच्चों के शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं और साथ ही विटामिन्स से भरपूर होते हैं। इन्हें कटे हुए या स्मूदी के रूप में देना एक अच्छा विकल्प है।
खीरा और ककड़ी
इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो बच्चों को गर्मी से राहत दिलाने में मदद करती है। खीरे का सलाद या नींबू और काला नमक डालकर देना उन्हें स्वाद के साथ सेहत भी देगा।
नींबू पानी
नींबू पानी बच्चों को ठंडक देने के साथ-साथ इम्यून सिस्टम मजबूत करता है। इसमें शहद या थोड़ा गुड़ मिलाकर इसे और भी हेल्दी बनाया जा सकता है।
ओट्स या दलिया
भारी खाने की जगह सुबह या शाम के समय ओट्स या दलिया देना एक समझदारी भरा फैसला है। ये आसानी से पचता है और शरीर को ज़रूरी एनर्जी भी देता है।
साबुत अनाज
रोटी, मूंग दाल, बाजरे या जौ जैसे साबुत अनाज गर्मियों में बच्चों को ज़रूरी न्यूट्रिएंट्स देते हैं और लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखते हैं। हल्का खाना बच्चों के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है।
होममेड फ्रूट आइसकैंडी
बाजार की आइसक्रीम से बेहतर है कि आप घर पर फ्रूट जूस से आइसकैंडी बनाएं। ये स्वादिष्ट भी होती है और बच्चों को ठंडक भी देती है, वो भी बिना किसी नुकसान के।
