Summary: ये 3 होमशेफ रेसिपीज़ बनाने के बाद आपकी चाय टाइम की आदत बदल देंगी!
तीन अलग-अलग होमशेफ ने भेजी हैं स्वादिष्ट स्नैक्स की रेसिपीज़ — पोटैटो पिज्जा कप, चिड़वा हार्ट्स और खुशनुमा अरबी।
बिना ओवन और आसानी से बनने वाले ये डिशेज़ चाय टाइम, टिफिन या फैमिली गेट-टुगेदर के लिए परफेक्ट हैं।
खाने का स्वाद तब और खास हो जाता है जब अलग-अलग होमशेफ अपनी खास रेसिपीज़ साझा करते हैं। इस बार भी तीन अलग-अलग होमशेफ ने अपने किचन के टेस्टी और आसान व्यंजन भेजे हैं बिना ओवन के बनने वाला चीज़ी पोटैटो पिज्जा कप, बच्चों का फेवरेट चिड़वा हार्ट्स और मसालों से भरपूर खुशनुमा अरबी।
हर रेसिपी अपने आप में अलग स्वाद और खासियत लिए हुए है, जिन्हें आप चाय के समय, टिफिन या फैमिली गेट-टुगेदर में आसानी से बना सकते हैं। घर के स्वाद और होमशेफ की क्रिएटिविटी का यह मेल आपकी थाली को बना देगा और भी खास।
पोटैटो पिज्जा कप

यह स्वादिष्ट पोटैटो पिज्जा कप रेसिपी जयपुर की डॉ. सुषमा के. द्वारा भेजी गई है। बिना मैदा और बिना ओवन के अप्पे मेकर में तैयार होने वाला यह स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से चीज़ी व सॉफ्ट है। सब्जियों और शेजवान सॉस का मसालेदार फ्लेवर इसे और भी खास बना देता है। चाय के साथ या किसी खास मौके पर परोसने के लिए यह एक परफेक्ट और आसान रेसिपी है।
सामग्री
पोटैटो कप के लिए
आलू उबले बड़े 2, काली मिर्च पाउडर 1/2 छोटा चम्मच, चिली फ्लेक्स 1 छोटा चम्मच, चावल का आटा 1 बड़ा चम्मच, कॉर्न फ्लोर 2 बड़े चम्मच, नमक स्वादानुसार, तेल
टॉपिंग के लिए
कॉर्न 2 बड़े चम्मच, गाजर लंबी कटी 2 बड़े चम्मच, शिमला मिर्च चौकोर कटी 2 बड़े चम्मच, हरी मिर्च बारीक कटी 1 छोटा चम्मच, शेजवान सॉस 1 बड़ा चम्मच, चिली फ्लेक्स 1 छोटा चम्मच, मसाला ऑरेगैनो 1 छोटा चम्मच, चीज़ कद्दूकस 3 बड़े चम्मच
विधि
आलू कद्दूकस कर लें। उसमें तेल छोड़कर कप बनाने की सारी सामग्री मिलाकर एकसार करें और 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। कॉर्न , गाजर को ब्लांच कर लें और पानी छान दें। इसमें चीज छोड़कर टॉपिंग की अन्य सारी सामग्री मिलायें। अप्पे मेकर को चिकना करें। पोटैटो कप के लिये बॉल्स बनायें और उंगलियों से बड़ा कर उसे अप्पे मेकर में लगा कर कप सा बना दें। उसमें टॉपिंग फैलाएं ऊपर से चीज बुरककर चिली फ्लेक्स बुरक दें। ढककर धीमी आँच पर चीज गुलाबी होने तक सेंक लें।
चिड़वा हार्ट्स
यह स्वादिष्ट चिड़वा हार्ट्स रेसिपी विम्मी गुप्ता, मुरादाबाद द्वारा भेजी गई है। उबले आलू और पिसे हुए चिड़वा से तैयार यह आसान और कुरकुरा स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। बाहर से गोल्डन और क्रिस्पी, अंदर से सॉफ्ट यह हार्ट शेप्ड डिश खास मौकों को और भी स्पेशल बना देती है। चाय के साथ या बच्चों के टिफिन के लिए यह एक बेहतरीन और टेस्टी रेसिपी।

सामग्री
उबले हुए आलू – 2 मध्यम आकार के
पिसा हुआ चिड़वा – 1 कप
कुटी हुई लाल मिर्च – स्वादानुसार
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) – 1–2 टेबलस्पून
तलने के लिए तेल – आवश्यकतानुसार
विधि
सबसे पहले उबले हुए आलू एक गहरे बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें पिसा हुआ चिड़वा डालें। इसके बाद कुटी हुई लाल मिर्च, नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालें।
सभी सामग्री को अच्छे से मिलाकर एक नरम डो तैयार कर लें। तैयार डो को ढककर 10 मिनट के लिए रेस्ट करने दें। डो बहुत सख्त न रखें, वरना हार्ट्स अच्छे से नहीं बनेंगे।
अब डो का एक हिस्सा लें और दोनों हथेलियों की सहायता से लगभग 2 इंच मोटाई में फैला लें। कुकी कटर की मदद से हार्ट शेप काट लें।
कढ़ाही में मीडियम आंच पर तेल गरम करें। तैयार हार्ट्स को तेल में डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। किचन पेपर पर निकालकर अतिरिक्त तेल सोख लें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा-सा चाट मसाला भी मिला सकते हैं। गरम-गरम चिड़वा हार्ट्स को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें। यह स्नैक चाय के समय या बच्चों के टिफिन के लिए भी उपयुक्त है।
खुशनुमा अरबी

यह लज़ीज़ खुशनुमा अरबी रेसिपी संगीता द्वारा भेजी गई है। उबली और कुरकुरी तली अरबी को अजवाइन, हल्दी, मिर्च और अमचूर के मसालों में टॉस कर तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। ऊपर से हरे धनिये की खुशबू इसे और आकर्षक बना देती है। इसे रोटी, चावल या पराठे के साथ परोसें, स्वाद दोगुना हो जाएगा।
सामग्री
अरबी आधा किलो, मसाले -अजवाइन, नमक, मिर्च, हल्दी, अमचूर स्वादानुसार, तलने के लिए तेल, थोड़ा सा हरा धनिया
विधि
अरबी को दो-दो टुकड़ों में काटकर दो। प्रेशर लेकर उबालें। ठंडा होने पर छील लें और हथेलियां से दबा दें। गरम तेल में सुनहरा डीप फ्राई कर लें। अब कढ़ाई में एक टेबल स्पून तेल लें। उसमें अजवाइन चटकाएं। नमक, मिर्च, हल्दी और अमचूर डाल के फटाफट हिला लें। तली हुई अरबी इसमें मिला के नीचे उतार लें। ऊपर से कटा हुआ हरा धनिया छिड़क दें। इसे आप रोटी, चावल, पराठे किसी के भी साथ खा सकते हैं। कुछ लोग इसे ऐसे ही खाना पसंद करते हैं।
