Oats Malpua Recipe: :हेल्थ कॉन्शियस हैं तो इस रेसिपी से बनाएं ओट के मालपुए
अगर आप ख़ुद को मालपुए खाने से नहीं रोक पा रहे हैं तो है तो बस बना लीजिए ओट के मालपुए। फिर जितना मन हो आराम से खाइये क्योंकि इससे आपको हेल्थ के लिए फ़ायदे ही मिलने वाले हैं।
Oats Malpua Recipe: मालपुए का नाम सुनकर तो हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन, आजकल जिस तेज़ी से लाइफस्टाइल बीमारियां पैर पसार रही हैं अधिकांश लोग इन वजन बढ़ाने वाली चीज़ों से दूरी बना रहे हैं। लेकिन, अगर आप खुद को मालपुए खाने से नहीं रोक पा रहे हैं तो है तो बस बना लीजिए ओट के मालपुए। फिर जितना मन हो आराम से खाइये क्योंकि इससे आपको हेल्थ के लिए फ़ायदे ही मिलने वाले हैं।
ओट्स खाने से हमारे शरीर को बहुत से फ़ायदे मिलते हैं। इसमें मैग्नीशियम, फास्फोरस, जिंक, कॉपर, आयरन, फोलेट, विटामिन बी1, विटामिन बी5 और कैल्शियम जैसे का पोषक तत्व होते हैं। साथ ही ओट्स कार्ब्स और फाइबर से भी भरपूर होते हैं। आप ये ओट के मालपुए पहली बार बनाने जा रही हैं तो चलिए हम आपको इसकी एक आसान रेसिपी बताते हैं जिससे झटपट बनकर तैयार होंगे आपके टेस्टी और हेल्दी मालपुए। ये मालपुए बड़े ही नहीं बच्चों को भी खूब पसंद आयेंगे।
ओट्स मालपुआ बनाने के लिए सामग्री

- ओट्स- 100 ग्राम
- गेहूं का आटा- 1 टेबल स्पून
- केला- एक
- चीनी- आधा कप
- दूध- एक कप
- तेल- 4-5 चम्मच
- बारीक कटे बादाम और पिस्ता- 1 टेबल स्पून
- इलाइची पाउडर- ½ टी स्पून
- सौंफ – ½ टी स्पून
ओट्स मालपुआ बनाने की आसान विधि
सबसे पहले ओट्स को मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। अब इसमें एक चमच गेहूं का आटा मिलाएं। इसके बाद एक पका केला अच्छी तरह मैश करके डालें और साथ में दूध मिलाकर सभी चीज़ों को अच्छे से फेंट लें। अब इसमें चीनी, सौंफ और इलायची पाउडर डालकर मिक्स करें। अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सही कंसिस्टेंसी बना लें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार बैटर से बड़े चम्मच की मदद से छोटे-छोटे मालपुए डालें। इन्हें धीमी आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें और टिश्यू पेपर पर निकाल लें।
चाशनी और सर्व करने का तरीका
अगर आप चाशनी वाले ओट्स मालपुए पसंद करते हैं तो मध्यम आंच पर एक पैन में पानी उबालें, उसमें चीनी डालकर घुलने तक चलाते रहें। ऊपर आने वाला मैल हटा दें और फिर इलायची पाउडर, ड्राई फ्रूट्स और केसर डालकर चाशनी को थोड़ा गाढ़ा होने दें। आंच से उतारकर हल्का ठंडा करें और तैयार मालपुओं को इसमें डालकर अच्छी तरह डुबो दें। ऊपर से कटे बादाम-पिस्ता डालकर सर्व करें। आप चाहें तो चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इस होली, स्वाद के साथ सेहत का ख्याल रखते हुए हेल्दी ओट्स मालपुए ज़रूर ट्राय करें।
