बाज़ार से ख़रीदने की जगह इस रेसिपी से घर में ही बनायें पीनट बटर: Peanut butter recipe
बाजार से महंगे ब्रांड वाले पीनट बटर खरीदने से बेहतर आप घर पर भी बढ़िया पीनट बटर बना सकते हैं। आपको भले ही अभी तक लगता हो कि यह बटर घर में बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं है। इसको आप बहुत ही आसानी से मात्र 15 मिनट के अंदर बना सकते हैं।
Peanut Butter Recipe: पीनट बटर आजकल खाने के हेल्दी ऑप्शन में सबसे ऊपर माना जा रहा है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह हेल्दी होने के साथ ही टेस्ट में भी खूब अच्छा लगता है। बच्चों से लेकर बड़े तक सभी लोग इसको खूब पसंद करते हैं। सैंडविच में तो ये अच्छा लगता ही है दूध के साथ इसका शेक भी बहुत अच्छा लगता है। आजकल बाजार में पीनट बटर के अलग-अलग ब्रांड उपलब्ध है। लेकिन, बाजार से महंगे ब्रांड वाले पीनट बटर खरीदने से बेहतर आप घर पर भी बढ़िया पीनट बटर बना सकते हैं। आपको भले ही अभी तक लगता हो कि यह बटर घर में बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं है। इसको आप बहुत ही आसानी से मात्र 15 मिनट के अंदर बना सकते हैं। इसके लिए बहुत ही कम इंग्रेडिएंट्स की ज़रूरत होती है। चलिए आज हम आपको बताते हैं घर में पीनट बटर बनाने की एकदम आसान रेसिपी-
Also read: बारिश में बनाएं इन 2 दालों से करारी पकौड़ी, हर कोई करेगा तारीफ: Dal Pakode Recipe
पीनट बटर बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

- मूंगफली- 1 कप
- कोकोनट ऑयल- 2 टेबल स्पून
- शहद- 2 टी स्पून
- नमक- स्वादानुसार
पीनट बटर बनाने की विधि
- सबसे पहले एक कढ़ाई गर्म कर मूंगफली को बिना घी या तेल डाले भून लें। इसको बीच-बीच में एक साफ़ कपड़े से दबाते जायें।
- मूंगफली अच्छे से भुन जाए तो उसको पहले एक कपड़े में बंद करके पोटली जैसा बनाकर उसको हल्के हाथ से थोड़ा दबाते रहें।इसके छिलके उतार लें। इस समय पंखा बंद रखे नहीं तो छिलके इधर-उधर उड़ जाएँगे।
- मूंगफली को मिक्सर में डालकर इसका पेस्ट बना लें।ग्राइंडर में थोड़ी देर चलाने के बाद ढक्कन खोल कर उसमें एक चुटकी नमक डाल दें।
- मिक्सर को दोबारा चलाएं। इस तरह 30-40 सेकंड मिक्सर चलाने के बाद रोककर, ढक्कन हटा कर मूंगफली पेस्ट को चम्मच से चलाना है। पेस्ट को ऊपर-नीचे करते रहना है।
- इसमें थोड़ा कोकोनट ऑयल डालें और इसको चलायें, जिससे पेस्ट स्मूथ हो जाए। अगर आप तेल नहीं डालना चाहते हैं तो इसको बिना तेल के ही पीस सकते हैं।
- अगर आप इस पीनट बटर को क्रंची बनाना चाहते हैं तो मूँगफली को थोड़ा दरदरा पीसें जिससे बीच-बीच में क्रंची टच आता रहे। या फिर अलग से थोड़ी सी मुनफली के छोटे-छोटे टुकड़े इस बटर में डाल सकते हैं।
- इसमें शहद मिलाकर फिर से मिक्सर चलाएं। शहद की जगह आप गुड़ या थोड़ी चीनी भी डाल सकते हैं।
- जब पेस्ट एकदम स्मूथ हो जाए और यह मिक्सी के जार के किनारों को छोड़ दे तो समझें कि आपका बटर तैयार हो गया है। इसे कांच के डब्बे में डालकर फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं।अगर चॉकलेट पीनट बटर बनाना चाहते हैं तो इसके साथ थोड़ी चॉकलेट भी इसमें डाल सकते हैं।
तो, आप भी इस बार बाज़ार से पीनट बटर ख़रीदने की जगह घर में ही हमारी इस रेसिपी को ट्राय करके एकदम परफ़ेक्ट पीनट बटर ज़रूर बनाकर देखें। यह बाज़ार के किसी भी ब्रांड के पीनट बटर से ज्यादा टेस्टी भी होगा और घर में बना होने के कारण इसमें किसी भी तरह की मिलावट की संभावना नहीं रहेगी।
