Cleaning Gas Burner: किचन की सफाई तब तक अधूरी मानी जाती है जब तक की गैस और प्लेटफॉर्म पूरी तरह से साफ न हो। जी हां, किचन हर कोई साफ रखना चाहता है लेकिन कई बार गैस पर जमे काले दाग किचन की शोभा बिगाड़ देते हैं। किचन में सबसे ज्यादा काम गैस पर ही किया जाता है जिस वजह से गैस बर्नर पर तेल, दूध और जलने जैसे कई निशान देखे जा सकते हैं। कई बार गैस बर्नर पर जमी गंदगी न केवल आग की लौ को धीमा कर देती है बल्कि हमारे शरीर के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है। हालांकि इन निशानों को यदि समय रहते साफ कर दिया जाए तो गैस को सुरक्षित रखा जा सकता है लेकिन पुराने दागों को छुटाने के लिए आपको विशेष देखरेख की आवश्यकता हो सकती है। पुराने और काले बर्नर को साफ करने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों को अपना सकते हैं, जो मिनटों में आपकी पुराने गैस बर्नर को नए जैसा बना देंगे। तो चलिए जानते हैं इस हैक्स के बारे में।
Also read : बच्चों के लिए घर पर बनाएं ‘रेनबो केक,’ जानिए सिंपल रेसिपी
प्याज

काले पड़ चुके गैस बर्नर को साफ करने के लिए आप प्याज यानी ओनियन का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक से दो प्याज के टुकड़ों को पानी में डालकर लगभग 20 मिनट के लिए बॉइल करना है। फिर एक स्पंज की सहायता से गैस बर्नर को इस ओनियन लिक्विड से साफ करें। लगभग एक से दो बार इस प्रक्रिया को दोहराएं ताकि बर्नर पर जमे काले दाग और चिकनाई पूरी तरह से साफ हो जाए।
बेकिंग सोडा
गैस बर्नर को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का प्रयोग भी लाभदायक हो सकता है। इसके लिए आपको बेकिंग सोडा, 2 चम्मच नींबू का रस, सफेद विनेगर और स्पंज की आवश्यकता होगी। एक कटोरी में इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाकर स्पंज की सहायता से गैस बर्नर को साफ करें। बेहतर रिजल्ट के लिए इस हैक्स को हफ्ते में 2-3 बार ट्राय करें।
नमक और पानी

ये सबसे आसान और प्रभावी तरीका है जिसकी मदद से कुछ ही मिनटों में गैस बर्नर को साफ किया जा सकता है। इसके लिए आप एक बर्तन में दो गिलास पानी में नमक डालकर उबलने के लिए रख दें और उसमें गंदा गैस बर्नर डाल दें। पानी को लगभग 20 मिनट के लिए उबलने दें। फिर बर्नर को पानी में से निकाल कर ब्रश की सहायता से साफ कर लें। कुछ ही मिनटों में आपका बर्नर नए जैसा चमचमाता दिखाई देने लगेगा।
ईनो और नींबू का रस
काले गैस बर्नर को साफ करने के लिए ईनो और नींबू के रस का प्रयोग भी किया जा सकता है। इसके लिए आपको एक कटोरी में 1 चम्मच नींबू का रस, 1 पैकेट ईनो, 1 चम्मच लिक्विड डिशवॉश और आधा कटोरी गर्म पानी की आवश्यकता होगी। सबसे पहले आप एक कप गर्म पानी में गैस बर्नर को 5 मिनट के लिए डुबोकर रख दें। फिर इसे निकालकर नींबू और ईनो का घोल इस पर लगाएं। लगभग 10 मिनट के लिए बर्नर को ऐसे ही छोड़ दें फिर ब्रश की सहायता से बर्नर को साफ कर लें। पानी से धोकर चमचमाते बर्नर को पोंछकर गैस पर लगाएं।
