Healthy Chaat Recipe: चाट का नाम सुनते ही हम सभी के मुंह में पानी आ जाता है। जब शाम का समय होता है या फिर हमें हल्की भूख लगती है तो अक्सर चाट खाने का मन कर ही जाता है। इतना ही नहीं, अगर हम मार्केट में घूमने या शॉपिंग करने के लिए जाते हैं तो भी चाट के चटकारे जरूर लेते हैं। इस बात में कोई दोराय नहीं है कि चाट का टेस्ट काफी अच्छा होता है, इसलिए यह हर किसी को पसंद होती है। लेकिन वहीं, दूसरी ओर यह फ्राइड होती है या फिर इसे टेस्टी बनाने के लिए अनहेल्दी आइटम्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे हेल्थ पर नेगेटिव असर पड़ता है।
हो सकता है कि आपको भी चाट खाना काफी अच्छा लगता हो, लेकिन अक्सर आप अपनी हेल्थ का सोचकर इससे दूरी बनाते हों। हालांकि, अब आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है। आज इस लेख में हम आपको कुछ हेल्दी चाट रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप बेफिक्र होकर खा सकते हैं-
Also read: 10 मिनट में झटपट तैयार करें पापड़ी चाट, जानें रेसिपी: Papdi Chaat Recipe
भेलपूरी

भेलपूरी एक लाइट स्नैक है, जिसे शाम की हल्की भूख के समय खाया जा सकता है। इसे मुरमुरे की मदद से बनाया जाता है। अगर आप वेट लॉस पर हैं, तब भी आसानी से भेलपुरी बनाकर खा सकते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 2 कप मुरमुरा
- 1 कप कटे हुए टमाटर
- 1 कप कटे हुए खीरे
- 1/2 कप कद्दूकस की हुई गाजर
- 1/2 कप कटे हुए प्याज़
- 1/4 कप उबले हुए छोले (वैकल्पिक)
- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ धनिया
- 2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 1/4 कप इमली की चटनी
- 1/4 कप पुदीना-धनिया की चटनी
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 नींबू का रस
- स्वादानुसार नमक
भेलपुरी बनाने का तरीका-
- भेलपुरी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में मुरमुरे, टमाटर, खीरे, गाजर, प्याज़ और छोले मिलाएं।
- कटा हुआ धनिया, हरी मिर्च, चाट मसाला, जीरा पाउडर और नमक डालें।
- इस मिश्रण के ऊपर इमली की चटनी और हरी चटनी डालें।
- सब कुछ अच्छी तरह से मिलने तक मिलाएं।
- ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें और तुरंत सर्व करें।
स्प्राउट्स चाट

स्प्राउट्स चाट को स्प्राउट्स मूंग की मदद से बनाया जाता है। दाल होने के कारण इस चाट से आपको प्रोटीन भी मिलता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप मूंग स्प्राउट्स
- 1/2 कप कटे हुए टमाटर
- 1/2 कप कटे हुए खीरे
- 1/2 कप कटे हुए प्याज़
- 1/2 कप कद्दूकस की हुई गाजर
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 नींबू का रस
- स्वादानुसार नमक
स्प्राउट्स चाट बनाने का तरीका-
- एक कटोरे में स्प्राउट्स, टमाटर, खीरे, प्याज़ और गाजर मिलाएं।
- कटी हुई हरी मिर्च, धनिया, चाट मसाला, जीरा पाउडर और नमक डालें।
- इसे अच्छी तरह मिलाएं और ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें।
- एक बार फिर सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर तुरंत सर्व करें।
कॉर्न चाट

अगर आपको कॉर्न खाना अच्छा लगता है तो आप उसकी मदद से भी चाट बनाकर खा सकते हैं। यह चाट खाने में काफी टेस्टी होती है, लेकिन इसे झटपट बनाया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप उबले हुए कॉर्न या मकई के दाने
- 1/2 कप कटे हुए टमाटर
- 1/2 कप कटे हुए खीरे
- 1/4 कप कटे हुए प्याज़
- 1/4 कप कटी हुई शिमला मिर्च
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 नींबू का रस
- स्वादानुसार नमक
कॉर्न चाट बनाने का तरीका-
- कॉर्न चाट बनाने के लिए एक कटोरे में उबले हुए मकई, टमाटर, खीरे, प्याज़ और शिमला मिर्च को मिलाएं।
- अब इसमें कटी हुई हरी मिर्च, धनिया, चाट मसाला, जीरा पाउडर और नमक डालें।
- अब इसमें नींबू का रस निचोड़ें।
- इसे एक बार फिर से मिक्स करें और फिर सर्व करें।
छोले की चाट

अगर आप एक अलग तरह की चाट बनाकर खाना चाहते हैं तो ऐसे में छोले की चाट बनाई जा सकती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप उबले हुए छोले
- 1 छोटा टमाटर, बारीक कटा हुआ
- 1 छोटा खीरा, बारीक कटा हुआ
- 1 छोटा प्याज, बारीक कटा हुआ
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई (वैकल्पिक)
- ताजा धनिया पत्ता, कटा हुआ
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 1 बड़ा चम्मच पुदीने की चटनी
- गार्निश के लिए अनार के दाने
छोले की चाट बनाने का तरीका-
- एक कटोरे में छोले, टमाटर, खीरा, प्याज और हरी मिर्च मिलाएं।
- अब इसमें नींबू का रस, चाट मसाला, पुदीने की चटनी और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- अब आप इसे ताजा धनिया पत्ता और अनार के दाने से गार्निश करें।
- चाट को तुरंत सर्व करें।
पनीर टिक्का चाट
अगर आप एक हेल्दी और टेस्टी चाट की तलाश में हैं तो ऐसे में पनीर टिक्का चाट भी बनाई जा सकती है।
आवश्यक सामग्री
- 1 कप पनीर के टुकड़े
- 1/2 कप कटी हुई शिमला मिर्च
- 1/2 कप कटा हुआ प्याज
- 1/2 कप कटे हुए टमाटर
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- कटा हुआ धनिया पत्ता
पनीर टिक्का चाट बनाने का तरीका-
- पनीर के टुकड़ों को सुनहरा भूरा होने तक ग्रिल या पैन-फ्राई करें।
- एक कटोरे में ग्रिल्ड पनीर लें और फिर उसे कटी हुई शिमला मिर्च, प्याज और टमाटर के साथ मिलाएं।
- अब आप इसमें नींबू का रस, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- कटी हुई धनिया पत्ती से गार्निश करें और तुरंत परोसें।
