Egg Boil Hack: हेल्दी रहने के लिए अक्सर लोग उबले हुए अंडे खाना काफी पसंद करते हैं। लेकिन उबले हुए अंडों का छिलका निकालना कभी-कभी बहुत अधिक झंझट भरा हो जाता है। खासकर जब छिलका अंडे से गोंद की तरह चिपक जाता है और आधा अंडा साथ में निकल जाता है। हम सभी के साथ कभी ना कभी ऐसा हुआ ही है। यह यकीनन काफी गुस्सा दिला देता है। लेकिन इस सिचुएशन को हैंडल करने का एक बहुत ही आसान और काम का तरीका है- बस अंडे उबालते वक्त पानी में थोड़ा सा नमक डालना। सुनने में आपको शायद अजीब लगे, लेकिन हर किचन में आसानी से मिलने वाले नमक जैसी साधारण सी चीज अंडे छीलने को इतना आसान बना सकता है।
नमक से दो फायदे होते हैं- सबसे पहले एक तो अंडे का सफेद हिस्सा जल्दी सेट हो जाता है, और दूसरा, अंडे के अंदर जो झिल्ली होती है, वो थोड़ी ढीली हो जाती है। इससे जब अंडा छीलते हो, तो छिलका आसानी से निकल जाता है। ये तरीका खासतौर पर तब काम आता है जब अंडे ताजे होते हैं, क्योंकि ताजे अंडों का छिलका सबसे मुश्किल से उतरता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि नमक की मदद से आप उबले हुए अंडों को आसानी से किस तरह छील सकते हैं-
उबले अंडे का छिलका कभी-कभी चिपकता क्यों है?
उबले हुए अंडे का छिलका चिपकना बेहद ही आम बात है। दरअसल, अंडे के छिलके के ठीक नीचे एक पतली सी परत होती है, जिसे “मेम्ब्रेन“ कहते हैं। जब अंडे बहुत ताज़े होते हैं या सही तरीके से नहीं उबाले जाते, तो यह मेम्ब्रेन एग व्हाइट से चिपक जाती है और इसे फिर छीलना बहुत मुश्किल हो जाता है।
वहीं, थोड़े पुराने अंडे आसानी से छिल जाते हैं क्योंकि समय के साथ अंडे की सफेदी का पीएच बदल जाता है, जिससे मेम्ब्रेन की पकड़ ढीली हो जाती है। लेकिन अगर आप ताज़े अंडे इस्तेमाल कर रहे हैं, तो नमक का इस्तेमाल करना अच्छा रहता है।
नमक अंडा उबालते समय कैसे मदद करता है?
अंडा उबालते समय नमक डालना कई मायनों में फायदेमंद माना जाता है।
- नमक डालने से पानी थोड़ा ज़्यादा गर्म होता है, जिससे अंडे अच्छी तरह पकते हैं और छिलका कम चिपकता है।
- नमक, एग व्हाइट और छिलके के बीच की पकड़ को कमजोर कर देता है, जिससे अंडा आसानी से छिलता है।
- नमक अंडे को उबालते समय उसे क्रैक होने से भी बचाता है।
नमक डालकर अंडा उबालने का आसान तरीका
- सबसे पहले एक बर्तन में अंडे रखें और इतना पानी डालें कि अंडे लगभग 1 इंच पानी में डूब जाएं।
- उसमें 1-2 चम्मच साधारण नमक डालें।
- अब इसे मीडियम आंच पर धीरे-धीरे उबालें।
- अंडे उबल जाने के तुरंत बाद उसे बर्फ़ वाले ठंडे पानी में डाल दें।
- अब उन्हें कम से कम 5-10 मिनट तक ठंडे पानी में रहने दें।
- इससे अंडे को “शॉक” मिलता है, एग व्हाइट सिकुड़ता है और छिलका और भी ढीला हो जाता है।
