एग की 5 टेस्टी रेसिपी जो बच्चों को खूब आएगी पसंद

अगर आपका बच्चा भी उबला अंडा, सिंपल ऑमलेट या एग भुर्जी पसंद नहीं करता है, तो आपको परेशान होने की बिलकुल जरूरत नहीं है क्योंकि हम आपको ऐसी 5 रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो आपके बच्चों को जरूर पसंद आएंगी।

Egg Recipes : प्रोटीन से भरपूर अंडा यूं तो सभी के लिए बहुत फायदेमंद होता है, लेकिन बढ़ते हुए बच्चों को तो इसकी ख़ास जरूरत होती है। हर बच्चे को कम से कम एक अंडा रोज खाना चाहिए, लेकिन कई बच्चे अंडा पसंद नहीं करते और उन्हें जबरदस्ती अंडा खिलाने के लिए उनकी माँ को बहुत मशक्कत करनी पढ़ती है। अगर आपका बच्चा भी उबला अंडा, सिंपल ऑमलेट या एग भुर्जी पसंद नहीं करता है, तो आपको परेशान होने की बिलकुल जरूरत नहीं है क्योंकि हम आपको ऐसी 5 रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो आपके बच्चों को जरूर पसंद आएंगी।

एग मेयो सैंडविच

एग मेयो सैंडविच बनाना बेहद आसान है। जब भी आपको जल्दी में कुछ हेल्दी और टेस्टी ब्रेकफास्ट बनाकर बच्चों को देना हो तो आप एग मेयो सैंडविच बना दीजिये।

सामग्री

  • उबले हुए अंडे- 2
  • मल्टीग्रेन ब्रेड- 2 स्लाइस
  • ओरिगनी, चिली फ्लेक्स- 1/2 टी स्पून
  • मेयोनेज़- 1 टेबल स्पून
  • काली मिर्च- 1/4 टी स्पून
  • बटर- 1/2 टी स्पून

विधि

  • अंडों को उबालने के बाद छीलकर अच्छे से मसल लें और इसमें मेयोनेज़, काली मिर्च और नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।
  • ब्रेड स्लाइस पर बटर लगाएं। इस पर अंडे की फिलिंग रखें।
  • इस पर ओरिगनी और चिली फ्लेक्स डालें।
  • ब्रेड की दूसरी स्लाइस पर बटर लगाकर उसको ऊपर रख दें।
  • सॉस के साथ बच्चों को दें।

ईरानी ऑमलेट

कई बच्चों को ऑमलेट पसंद नहीं आता है, लेकिन अगर आप उन्हें सिंपल आमलेट की जगह ईरानी ऑमलेट बनाकर उनको देंगी तो वो इसको खाने से ना कर ही नहीं पायेंगे।

सामग्री

  • अंडे- 2
  • टमाटर- 2
  • प्याज- 1
  • काली मिर्च- 1/2 टी स्पून
  • लहसुन- 5-6
  • तेल- 2 टी स्पून
  • लाल मिर्च पाउडर- ½ टी स्पून
  • दालचीनी पाउडर- ¼ टी स्पून
  • नमक- स्वादानुसार

विधि

  • पैन गर्म करके इसमे एक चम्मच तेल डालें।
  • इसमे लहसुन का पेस्ट बनाकर डालें। अब इसमें बारीक कटा टमाटर डालें।
  • जब टमाटर पक जाए तो इसमे नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च और दालचीनी का पाउडर डालें। अब इन सारी चीजों को अच्छे से मिलाएं।
  • पैन में टमाटर को अच्छी तरह से फैला दें और अंडों को फोड़कर डाल दें। इन अंडों को पकने दें।
  • जब अंडे पककर तैयार हो जाएं तो इन पर तले हुए प्याज को डाल दें। बस तैयार हो गया ईरानी आमलेट।
  • तला हुआ प्याज बनाने के लिए टमाटर को पकाते समय ही दूसरे पैन में कटा हुआ प्याज तेल में डालकर अच्छी तरह से भून लें। इस प्याज को बीच-बीच में चलाते रहें और सुनहरा कर साइड में रख लें।

एग मैगी

मैगी एक ऐसी डिश है जो बच्चो को बहुत पसंद आती है। बच्चों को आप कभी भी मैगी दे दो, वो मना नहीं करेंगे। तो, बस अगर आपके बच्चे अंडे खाने में आनाकानी करें तो बना दें उनके लिए फटाफट अंडे वाली मैगी।

सामग्री

  • मैगी/नूडल्स- 1 पैकेट
  • प्याज- 1
  • टमाटर- 1
  • अंडा- 2
  • तेल- 3-4 टी स्पून
  • मिर्ची पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • हल्दी पाउडर- 1/4 टी स्पून
  • नमक- स्वादानुसार

विधि

  • पैन गरम करके उसमे तेल डालकर प्याज़ भूनें।
  • थोड़ी देर बाद टमाटर डाल दें और थोड़ा नमक भी डाल दे ताकि टमाटर जल्दी पक जाये।
  • टमाटर जब अच्छी तरह से पक जाये तो उसमे मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और जरा सा नमक भी डाल दे और थोड़े देर भूनें।
  • दूसरी गैस पर पानी में जरा सा तेल डालकर मैगी उबाल लें।
  • अब मैगी का अतिरिक्त पानी छानकर हटा दें।
  • अब मैगी को प्याज़, टमाटर के मसाले में डालें और अच्छे से मिक्स करें।
  • एक दूसरे पैन में तेल डालकर अंडे फोड़कर उसको अच्छे से चलाते रहें अंडे की भुर्जी तैयार हो गई है अब इसको मैगी में डालकर 1 मिनट गैस पर रखकर अच्छे से चला दें।
  • आप इसमें अपने पसंद की सब्जी डाल सकते है।

एग पफ

बच्चों को कुछ स्पेशल देना चाहती हैं तो उनके लिए चटपटे और स्पाइसी एग पफ बना दीजिये।

सामग्री

  • उबले अंडे- 2
  • बारीक कटा हुआ प्याज- 1
  • टमाटर कटा हुआ- 1
  • लाल मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून
  • धनिया पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • हल्दी पाउडर- 1/4 टी स्पून
  • नमक- स्वादानुसार
  • तेल- 4 टी स्पून
  • मैदा- ½ कप
  • घी- 1/2 टी स्पून
  • गरम मसाला- 1/4 टी स्पून

विधि

  • सबसे पहले एक बड़े कटोरे में मैदा लेकर उसमें एक चम्मच घी और थोड़ा सा नमक डाल कर मिलायें। फिर उसे थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गूंथ लें। इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें।
  • एक पैन में थोड़ा सा तेल प्याज़ भून लें। प्याज़ को हल्का भूरा हो जाने पर उसमे हल्दी, मिर्ची पाउडर,गरम मसाला और नमक डालें।
  • अब अंडे को बीच से काटकर उसे डाल दें और 1 मिनट तक फ्राई करें।
  • अब आटे को एक बार मिलाकर उसे बेल ले। फिर उसके ऊपर तेल लगाकर और उसके ऊपर हल्का सूखा मैदा छिड़क दें।
  • इसको मोड़कर उसके ऊपर तेल लगा कर मैदा छिड़क दें। यही प्रक्रिया फिर से करें।
  • जब ये लोई जैसा बन जाए तो फिर उसके ऊपर थोड़ा सा मैदा लगाकर उसे फिर से बेल लें। अब उसे बेल लें और उसे चाकू से एक समान काट लें। अब उसे बीच से मोड़ दें।
  • फिर उसमे से एक लोई ले ले और उसे चारो तरफ से बेल लें। फिर एक भाग को लेकर उसके ऊपर अंडे को रखें और चारो कोनों को एक दूसरे से चिपका दें।
  • फिर उस पर हल्का तेल लगा कर उसे 180 डिग्री सेल्सियस पर30 मिनट तक पका लें। बस आपकी एग पफ बनकर तैयार हो गयी है।
  • उसे गरमा-गरम सॉस या चटनी के साथ परोसें।

एग चॉप

अगर अंडा खाने में बच्चे आनाकानी करें तो आप उन्हें एक बार एग चॉप दीजिये वो आपसे बार-बार वो ही बनाने के लिए कहेंगे। क्रिस्पी स्वादिष्ट अंडे की यह रेसिपी स्नैक्स के लिए बेस्ट है।

सामग्री

  • उबले अंडे- 4
  • उबले हुए आलू- 2
  • अदरक- 1/2 टी स्पून
  • लहसुन- 3-4
  • प्याज- 1
  • बेसन- 100ग्राम
  • धनिया पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • लाल मिर्च पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • नमक- स्वादानुसार
  • गरम मसाला- 1 टी स्पून
  • जीरा पाउडर- 1/2 टी स्पून
  • काली मिर्च पाउडर- 1/2 टी स्पून

विधि

  • अंडों को लगभग पंद्रह मिनट तक उबाल लें। ठंडा होने पर छिलका निकाल कर अलग कर दें। लंबे आकार में बीचों बीच से आधा कर दें।
  • एक बर्तन में या प्रेशर कुकर में आलू को उबाल कर पका लें।
  • तेल गर्म करके जीरा डालेंगे फिर प्याज़ डालकर फ्राई करेंगे।
  • अब अदरक लहसुन पेस्ट डालेंगे फिर आलू डालकर मिक्स करेंगे। अब इसमें सारे मसालें डालकर 3-4 मिनट फ्राई करेंगे।
  • एक एक बाउल में बेसन और कॉर्नफ्लोर मिलाकर इसमें नमक, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च डालकर थोड़ा पानी डालते हुए घोल बना लें।
  • अब आलू के मसाले को हाथ में लेकर फेलाकर इसमें कटा हुआ अंडा रखें और गोल कर लें।
  • अब इसको बेसन के घोल में डालकर तेल में गोल्डन फ्राई कर लें।
  • बस तैयार हो गए एग चॉप।
  • इसको सॉस या चटनी के साथ बच्चों को दें।

आप भी अपने बच्चों को एग की बनी ये टेस्टी चीज़ें जरूर देकर देखिये।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...