Muskmelon Ice Cream: गर्मियों में ठंडी-ठंडी और मीठी आइसक्रीम का स्वाद सभी को पसंद आता है। आजकल बाजार में आइसक्रीम के कई तरह के फ्लेवर आ गए हैं। अगर आप भी आइस क्रीम खाना बहुत पसंद करते हैं तो बाजार से खरीदने की जगह घर पर आसान तरीके से बना कर आइसक्रीम का स्वाद लें। आज हम आपके लिए लेकर आएं हैं खरबूज से बनी आइसक्रीम की आसान सी विधि। इसका स्वाद तो लाजवाब होगा ही लेकिन आप ये जान कर हैरान रह जाएंगे स्वाद के साथ ये आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। खरबूज से बनी आइसक्रीम आपके शरीर को हाइड्रेट रखती है और ठंडक भी पहुँचाती है। खरबूज हमारे पाचन तंत्र को दुरुस्त करने के साथ हमारी त्वचा में भी निखार लाता है।
वजन बढ़ने के डर से अगर आपने आइसक्रीम खाना छोड़ दिया है तो खरबूज से बनी ये आइसक्रीम आपका ये डर भी दूर कर देगी।
सामग्री

तीन कटोरी बारीक कटे खरबूज
1 कप ताज़ा क्रीम
1 बड़ा चम्मच कस्टर्ड पाउडर
1 चम्मच वनीला एसेंस
3 कप ताजा दूध
6 चम्मच चीनी
आइसक्रीम की विधि

कस्टर्ड मिश्रण
एक कप में कस्टर्ड पाउडर और दूध मिलाकर घोल बनाएं।
थोड़ा दूध हल्की आंच पर उबलने के लिए रखें।
दूध में उबाल आने पर उसमें चीनी डालें और अच्छी तरह से घुलने तक इसे चलाते रहें।
अब दूध में तैयार किया हुआ कस्टर्ड घोल धीरे-धीरे डालें ताकि गुठलियां न बनें।
मिश्रण गाढ़ा होने तक पकाएं, फिर गैस बंद कर के इसे ठंडा होने दें।
खरबूज के टुकड़ों को मिक्सी में चलकर प्यूरी बना लें।
आइसक्रीम का मिश्रण बनाएं
कस्टर्ड मिश्रण के ठंडा होने पर , खरबूज की प्यूरी और फ्रेश क्रीम को एक साथ मिक्सी में डालें और अच्छी तरह से ब्लेंड करें। थोड़ी देर रूककर वनीला एसेंस डालें और एक बार फिर से इसे मिक्स करें।
तैयार हो चुके मिश्रण को अपनी पसंद के अनुसार आइसक्रीम मोल्ड या किसी एयरटाइट कंटेनर में डालें।
उपर से फॉयल पेपर लगाकर फ्रीजर में कम से कम 7-8 घंटे के लिए रख दें, ताकि आइसक्रीम पूरी तरह से जम जाए।
सर्व करें
फ्रीजर से निकालकर आइसक्रीम को थोड़े समय के लिए बाहर रखें, ताकि आइसक्रीम स्कूप करने में आसानी हो। फिर स्कूप करके सर्व करें और ठंडी-ठंडी खरबूज आइसक्रीम का आनंद लें।
ध्यान दें
अगर आप आइसक्रीम को और भी ज्यादा क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा सा कंडेन्स्ड मिल्क भी मिला सकते हैं।
स्वाद में थोड़ा नयापन लाने के लिए आप इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकते हैं।
आइसक्रीम को सजाने के लिए ऊपर से कटे हुए खरबूज के टुकड़े या चॉकलेट चिप्स डालें। ऐसा करने से आइसक्रीम देखने में काफी स्वादिष्ट लगेगी और बच्चों को भी इसे खाने में मज़ा आएगा।
खरबूज खाने के फायदे भी जानें

हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
खरबूज में पोटैशियम भरपूर मात्रा में मौजूद होता है ,ये ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और दिल की बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम करता है।
इम्युनिटी बूस्टर
खरबूज में विटामिन C पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। शरीर के संक्रमण से लड़ने में भी ये मदद करता है।
अच्छी नींद
खरबूज में काफी मात्रा में मेलाटोनिन पाया जाता है, जो अच्छी नींद लेने में मदद करता है।
