Garlic Cheese Bread: कुछ रेसिपीज ऐसी होती हैं, जो बेहद ही क्लासी होती हैं और हर किसी को यह पसंद आती हैं। इन्हीं में से एक है गार्लिक चीज़ ब्रेड। महज 15 मिनट में बनने वाली गार्लिक चीज़ ब्रेड ना केवल बेहद टेस्टी होती है, बल्कि यह बिना झंझट के बन जाती है। इसलिए इसे नाश्ते या ब्रंच में आसानी से बनाकर सर्व किया जा सकता है।
अगर आप अपने रेग्युलर फूड से बोर हो गए हैं और कुछ अच्छा खाना चाहते हैं तो ऐसे में गार्लिक चीज़ ब्रेड बनाई जा सकती है। इसे सूप के साथ भी पेयर किया जा सकता है या फिर गेट-टू-गेदर या पार्टियों में स्टार्टर के रूप में भी सर्व किया जा सकता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको गार्लिक चीज़ ब्रेड बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बता रहे हैं-
आवश्यक सामग्री

- 4 से 5 स्लाइस ब्रेड
- 2 बड़े चम्मच मक्खन
- 3 से 4 लहसुन की कलियां
- कद्दूकस किया हुआ चीज़
- पिसी हुई काली मिर्च
- रेड चिली फ्लेक्स
- आर्गेनो
- आवश्यकतानुसार नमक
गार्लिक चीज़ ब्रेड बनाने का तरीका-
- गार्लिक चीज़ ब्रेड बनाने के लिए पहले ओवन को 10 मिनट के लिए प्रीहीट करें।
- अब नरम मक्खन को एक कटोरे में लें और कद्दूकस किया हुआ लहसुन मक्खन के साथ अच्छी तरह मिला लें।
- चेडर या मोज़ेरेला चीज़ को कद्दूकस कर लें।
- अब लहसुन के मक्खन को सभी स्लाइस पर समान रूप से फैलाएं।
- साथ ही, उस पर कद्दूकस किया हुआ चीज़ डालें।
- अब आप अपने टेस्ट व पसंद के अनुसार जड़ी बूटी या मसाले को स्प्रिंकल करें।
- ब्रेड स्लाइस को बेकिंग ट्रे में रखें।
- अब बेकिंग ट्रे को अपने ओवन के सबसे ऊपर वाले रैक पर रखें।
- अगर माइक्रोवेव ओवन कन्वेक्शन मोड में इस्तेमाल कर रहे हैं तो बेकिंग ट्रे को ग्लास टर्न टेबल पर रखें।
- 200 डिग्री सेल्सियस/392 डिग्री फेरनहाइट पर 5 से 6 मिनट के लिए या किनारों के हल्का सुनहरा और थोड़ा कुरकुरा होने तक बेक करें।
- चीज़ भी पिघल जाएगा। आपको इन स्लाइस को टोस्ट करने की जरूरत नहीं है।
- इन गार्लिक चीज़ ब्रेड को टमाटर केचप के साथ स्टार्टर या नाश्ते के रूप में गरमा गरम परोसें।
