शेफ की इन फेस्टिव रेसिपी को ज़रूर ट्राई करें
इस साल, अपने त्योहारों को एक नए स्वाद और रंग में सजाएं और हर पल को यादगार बनाएं
Festival Recipes: त्योहारों की खुशी तब और बढ़ जाती है जब घर के पकवानों की सुगंध हर कोने को महका देती है। सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी की इन विशेष रेसिपीज़ के साथ, आपके उत्सवों को एक नई रंगत और स्वाद मिलेगा। पारंपरिक व्यंजनों में आधुनिक ट्विस्ट के साथ, ये व्यंजन आपके फेस्टिव टेबल को खास बना देंगे। चाहे वह परिवार के साथ बिताए गए खुशहाल पल हों या मेहमानों के बीच की हंसी-खुशी, इन रेसिपीज़ का अद्वितीय स्वाद हर दिल में त्योहार की ख़ुशबू बिखेर देगा। इस साल, अपने त्योहारों को एक नए स्वाद और रंग में सजाएं और हर पल को यादगार बनाएं!
Also read: उत्सव के स्वाद से जोड़िए सेहत का साथ: Banana Barfi
ब्लू लैगून काजू कतली

सामग्री
काजू पाउडर – 2 कप
पानी – ¼ कप + 2 टेबल स्पून
चीनी – 200 ग्राम
ब्लू पी टी पाउडर – 1 टेबलस्पून
घी – 1 टेबल स्पून + ½ टीस्पून
इलायची पाउडर – 1 टीस्पून
गुलाब जल – 1 टीस्पून
चांदी का वर्क (वैकल्पिक) – गार्निश करने के लिए
विधि
एक मिक्सर जार में छोटे-छोटे टुकड़े करके काजू डालें और पीसकर पाउडर बना लें। अब इसे छान लें।
एक कढ़ाई में पानी और चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें और 1 तार की चाशनी बनने तक पकाएं।
अब जांचें कि अगर आपकी चाशनी ज्यादा गाढ़ी है तो 2 टेबल स्पून पानी और डालें और अच्छी तरह मिला लें।
अब इसमें ब्लू पी टी पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं।
इसमें काजू पाउडर डालें और अच्छी तरह मिक्स होने तक पकाएं।
काजू कतली तैयार है यह जांचने के लिए डो का एक छोटा टुकड़ा लें और इसे गोल करके चेक करें
यह तैयार है या नहीं।
एक बार जब यह गाढ़ा होने लगे तो इसका मतलब है कि आप इसे शेप दे सकते हैं। हमारा डो तैयार है.
अब इसमें घी, इलायची पाउडर और गुलाब जल डालकर अच्छे से मिलाएं।
अब डो को एक बोल में निकाल लें और इसमें घी डालकर अच्छी तरह मिला लें और पूरी तरह से ठंडा होने दें।
अब एक टेबल पर घी लगाएं और उस पर बटर पेपर लगाकर काजू कतली के डो को बेल लें। फिर कतली पर सिल्वर वर्क लगाएं।
अब डो को पतंग के आकार में काट लीजिए। सर्विंग प्लेट में निकालें। हमारी ब्लू लैगून काजू कतली बनकर तैयार है।
चना दाल चॉकलेट चिप बर्फी

सामग्री
भुने हुए चने – 2 कप
देसी घी – 1 कप + ग्रीसिंग करने के लिए
काजू कटे हुए – 2 टेबलस्पून
बादाम कटे हुए – 2 टेबलस्पून
पिस्ते कटे हुए – 1 टेबलस्पून
अखरोट कटे हुए – 2 टेबलस्पून
गुड़ – 1 कप
खोया – 1 कप
हरी इलायची पाउडर – 1 टीस्पून
कोको पाउडर – 1 कप
चॉकलेट चिप्स – 1 कप
विधि
भुने हुए चने को मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लीजिए।
एक कढ़ाई में मध्यम आंच पर घी गर्म करें। कटे हुए काजू, बादाम डालें, पिस्ते, अखरोट डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक भून लीजिए।
भुने हुए नट्स को एक बोल में निकाल कर अलग रख लें। उसी कढ़ाई में पिसे हुए चने डालें और 1 मिनट तक भूनें।
गुड़ डालें, अच्छी तरह मिलाएं और गुड़ पिघलने तक पकाएं।
अब खोया डालें, अच्छी तरह मिलाएं और 1 मिनट तक पकाएं।
हरी इलायची पाउडर, कोको पाउडर, भूने हुए नट्स (कुछ गार्निश के लिए रखें) डालें और अच्छे से मिक्स करें।
एक स्क्वेयर मोल्ड लें और उसमें घी लगाकर ग्रीस कर लें।
मोल्ड के तले में भुने हुए नट्स और चॉकलेट चिप्स फैलाएं और मिक्स्चर डालकर अच्छे से दबाएं।
इसे रूम टेम्परेचर पर ठंडा होने दें और फिर स्क्वेयर शेप में काट लें और सर्व करें।
कंगन गुजिया

सामग्री
फिलिंग के लिए:
घी – 1 टेबलस्पून
बादाम कटे हुए – 1 टीस्पून
काजू कटे हुए – 1 टेबलस्पून
पिस्ते कटे हुए – 1 टेबलस्पून
चिरौंजी – 1 टेबलस्पून
इलायची पाउडर – 1 टीस्पून
सूजी – 2 टेबलस्पून
सूखा नारियल – 1 कप
गुड़ – ½ कप
खोया – 3 टेबलस्पून
डो के लिए:
मैदा – 3 कप
घी – ¼ कप
चुकंदर की प्यूरी – 3 बड़े चम्मच
आवश्यकतानुसार पानी
डीप फ्राई करने के लिए तेल
फ्रॉस्टिंग के लिए पाउडर शुगर
विधि
फिलिंग के लिए:
कढ़ाई में घी गरम करें, कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता, चिरौंजी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें और 1 मिनट तक भून लें।
सूजी डालें और 1 मिनट तक भूनें।
सूखा नारियल डालें, अच्छी तरह मिलाएं और 2 मिनट तक भूनें।
अब गुड़ डालकर अच्छे से मिला लीजिए। मिश्रण को मिक्सिंग बोल में डालें और अच्छी तरह मिला लें।
मिश्रण ठंडा होने के बाद इसमें खोया डालें और अच्छी तरह मिला लें। इसे एक तरफ रख दें।
डो के लिए:
एक मिक्सिंग बोल में मैदा, घी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
मैदा और घी को अच्छे से मिला लीजिए।
फिर डो को दो हिस्सों में बांट लें।
बीटरूट डो के लिए:
एक मिक्सिंग बोल में डो का आधा हिस्सा और चुकंदर की प्यूरी डालकर मिलाएं।
अब इसमें पानी डालकर आटा गूंथ लें।
इसे एक प्लेट में निकाल कर अलग रख लें।
नॉर्मल डो के लिए:
एक मिक्सिंग बोल में बचा हुआ डो और पानी डालें और आटा गूंथ लें।
कंगन गुजिया बनाने के लिए:
बीटरूट डो लें और इसे एक मोटी आयताकार शीट में बेल लें। अब किनारों को काट लें।
शीट के किनारों पर पानी लगाएं और फिलिंग बीच में रखें। फिर शीट को टाइट रोल करें।
अब डो का दूसरा भाग लें और उसे आयताकार आकार में बेल लें और किनारों को काट लें।
फिर शीट को स्ट्रिप्स में काट लें और उन पर पानी लगा लें।
फिर फिलिंग डो को नॉर्मल डो के ऊपर रखकर बेल लें।
गोल कंगन बनाएं और उसे पिंच कर लें।
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और कंगन गुजिया को क्रिस्प और लाइट गोल्डन ब्राउन होने तक तलें।
फिर एक प्लेट में अब्सॉर्बेंट पेपर बिछाकर निकाल लें।
सर्विंग प्लेट में निकालें और पाउडर शुगर छिड़कें और सर्व करें।
करेला निमकी

सामग्री
निमकी के लिए:
काली मिर्च – 1 टीस्पून
मैदा – 2 कप
घी – 2 टेबलस्पून
अजवायन – 1 टीस्पून
कसूरी मेथी – 1 टीस्पून
नमक – 2 टीस्पून
आवश्यकतानुसार पानी
हरी चटनी के लिए:
ताज़ा हरा धनिया – 1 कप
पुदीने की पत्तियां – ½ कप
हरी मिर्च – 3
आवश्यकतानुसार पानी
नींबू का रस – ½
चाट मसाला – 1 टीस्पून
काला नमक – ½ टीस्पून
नमक स्वादानुसार
मीठी चटनी के लिए:
पानी – 1 ½ कप
लाल मिर्च पाउडर – 1 टीस्पून
सूखा अदरक पाउडर – 1 टीस्पून
सौंफ पाउडर – 1 टीस्पून
चाट मसाला – 1 टीस्पून
अमचूर पाउडर – 1 ½ टीस्पून
काला नमक – ½ टीस्पून
अजवायन – ¼ टीस्पून
चीनी – ¾ कप
नमक स्वादानुसार
विधि
काली मिर्च को ओखली में कूट लें। एक बड़ा मिक्सिंग बोल लें और उसमें मैदा, घी, अजवायन, कसूरी मेथी, नमक और कुटी हुई काली मिर्च डालें।
सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, फिर थोड़ा पानी डालें और मध्यम सख्त आटा गूंथ लें।
डो को टिश्यू से ढककर 15 मिनट के लिए रख दीजिए।
एक मिक्सर जार लें और उसमें ताज़ा हरा धनिया, पुदीना की पत्तियां, हरी मिर्च और पानी डालकर स्मूथ पेस्ट बना लें।
फिर इसमें नींबू का रस, चाट मसाला, काला नमक और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब एक बोल में निकाल लें और फ्रिज में रखें। मध्यम आंच पर एक सॉस पैन रखें और पानी उबालें।
पानी में लाल मिर्च पाउडर, सोंठ पाउडर, सौंफ पाउडर, चाट मसाला, काला नमक, अजवायन, नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह उबाल लें।
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लीजिए। आटे की लोइयां बेल कर छोटी पतली पूरियां बना लीजिये।
किनारे पर कुछ हिस्सा छोड़कर बीच में वर्टिकल स्लिट बनाएं।
अब सिलेंडर शेप देने के लिए पूरियों को रोल कर लें।
मध्यम आंच पर एक कढ़ाई रखें और तेल गर्म करें। तैयार निमकी को मध्यम से धीमी आंच पर अलग-अलग बैच में डीप फ्राई करें।
सारी निमकी को गोल्डन ब्राउन होने तक तलें और पेपर नैपकिन पर निकाल लें।
सर्विंग प्लेट में निकालें और हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ सर्व करें।
मल्टीग्रेन मखाने के लड्डू

सामग्री
घी – 1 कप
मखाने – 1 कप
किशमिश – 2 टेबलस्पून
अखरोट – 2 टेबलस्पून
काजू – 2 टेबलस्पून
पिस्ता – 2 टेबलस्पून
गेहूं का आटा – ½ कप
रागी का आटा – ½ कप
ज्वार का आटा – ½ कप
बाजरे का आटा – ½ कप
गुड़ – 1 कप
हरी इलायची पाउडर – 1 टीस्पून
अदरक पाउडर – 1 टीस्पून
जायफल पाउडर – ¼ टीस्पून
दालचीनी पाउडर – ¼ टीस्पून
केसर – 1 चम्मच
विधि
एक कढ़ाई में मध्यम आंच पर 2-3 टेबलस्पून घी गर्म करें। मखाने डालकर 1 मिनट तक भूनिये.
कटोरे में निकालें और एक तरफ रखें।
उसी कढ़ाई में किशमिश, अखरोट, काजू, पिस्ता डालकर अच्छी तरह मिला लें और 1 मिनट तक भून लें।
भूने हुए नट्स को एक बोल में निकाल लें और अलग रख दें।
उसी कढ़ाई में मध्यम आंच पर ½ कप घी गरम करें। ज्वार का आटा, बाजरे का आटा, रागी का आटा, गेहूं का आटा डालें, अच्छी तरह मिलाएं और 2-3 मिनट तक भूनें।
गुड़ डालें और पिघलने तक भून लें। भुने हुए नट्स के बोल में आटे का ये मिश्रण डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
अब इलायची पाउडर, अदरक पाउडर, दालचीनी पाउडर और जायफल पाउडर मिल दें।
मखाने को पीसकर मिश्रण में मिला दीजिये। अब केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लें और प्रत्येक को लड्डू का आकार देना शुरू करें।
लड्डुओं को सर्विंग प्लेट में रखें और सर्व करें।
