Overview:अगर चाहते हैं कुकिंग ऑयल रहे लंबे समय तक ताज़ा, तो इन बातों का रखें खास ध्यान
तेल सिर्फ खाना पकाने का ज़रिया नहीं, बल्कि आपके स्वास्थ्य का आधार भी है। अगर आप कुछ छोटे-छोटे घरेलू उपायों को अपनाएं, तो ना सिर्फ तेल की गुणवत्ता बनी रहेगी, बल्कि आपका खाना भी स्वादिष्ट और सुरक्षित रहेगा। ध्यान रखें, तेल की सही देखभाल ही अच्छे भोजन और बेहतर सेहत की कुंजी है
How To Prevent Cooking Oil From Spoiling: तेल हर भारतीय रसोई की ज़रूरत है। चाहे सब्ज़ी बनानी हो, पराठे सेंकने हों या पकौड़े तलने हों—तेल के बिना स्वाद अधूरा लगता है। लेकिन अगर यही तेल सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो यह जल्दी खराब हो सकता है और आपकी सेहत पर भी बुरा असर डाल सकता है। अक्सर हम बिना सोचे समझे तेल को बार-बार गरम करते हैं या खुले में छोड़ देते हैं, जिससे उसमें स्वाद और रंग बदलने लगते हैं। अगर आप चाहते हैं कि तेल ज़्यादा दिन तक ताज़ा और सुरक्षित बना रहे, तो नीचे दिए गए घरेलू उपाय ज़रूर अपनाएं।
तेल को अंधेरी और ठंडी जगह में रखें
कुकिंग ऑयल को हमेशा रौशनी और गर्मी से दूर रखें। सीधी धूप में रखने से तेल का ऑक्सिडेशन तेज़ हो जाता है जिससे उसकी गुणवत्ता जल्दी खराब होती है। पेंट्री या किचन के कैबिनेट का अंदरूनी हिस्सा तेल रखने के लिए सबसे बेहतर जगह होती है।
ढक्कन हमेशा कसकर बंद करें

तेल के डिब्बे का ढक्कन हर बार इस्तेमाल के बाद अच्छे से बंद कर दें। जब तेल खुली हवा के संपर्क में आता है, तो उसमें ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जो उसकी गुणवत्ता को बिगाड़ती है। तेल को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें।
स्टील या कांच की बोतल का करें इस्तेमाल
अगर आप लंबे समय तक तेल स्टोर करना चाहते हैं, तो उसे प्लास्टिक की जगह स्टील या कांच की बोतल में रखें। ये न सिर्फ सुरक्षित होते हैं बल्कि तेल की गुणवत्ता भी बनाए रखते हैं।
गीले चम्मच या हाथ से तेल न निकालें
कई बार हम जल्दी में गीले चम्मच से तेल निकाल लेते हैं या हाथों से ही बोतल छू लेते हैं। इससे उसमें नमी या बैक्टीरिया जा सकते हैं। हमेशा सूखा और साफ चम्मच ही इस्तेमाल करें।
एक ही तेल को बार-बार न गरम करें
एक ही तेल को कई बार गरम करना उसकी गुणवत्ता को बिगाड़ देता है और उसमें हानिकारक तत्व बनने लगते हैं। बचा हुआ तेल अगर दुबारा इस्तेमाल करना हो, तो केवल एक बार और करें, वो भी छानकर।
तेल में कोई चीज गिरने न दें
अगर गलती से तेल में सब्ज़ी, मसाले या आटा गिर जाए, तो उसे तुरंत निकाल दें। ये चीज़ें तेल को जल्दी खराब कर सकती हैं। हर बार इस्तेमाल के बाद तेल को ढक कर रखें।
तेल की गंध और रंग पर रखें नज़र
अगर तेल से अजीब सी बदबू आने लगे या उसका रंग बदलने लगे, तो समझ लें कि वो अब इस्तेमाल के लायक नहीं रहा। ऐसे तेल को फेंक देना ही बेहतर है, क्योंकि इसका सेवन सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।
