Jujube Chutney Recipe: बचपन जीवन का ऐसा समय जब हर दिन कुछ न कुछ नया करने का उत्साह रहता था। जो बातें बड़े हो जाने पर बोरिंग लगने लगती हैं, वही बातें बचपन में कितना सुख देती थीं। चलिए आज आप सबके बचपन की यादें ताज़ा कर देते हैं, खट्टे -मीठे चटनी वाले बेर भला किसे याद नहीं होंगे, बचपन में इसे खाने के बाद लगता था जैसे इसके जैसी कोई चीज दुनिया में नहीं होगी। गली-गली में बेर बेचने वाले लोग जब चटनी और ताजे बेर लेकर आते थे, तो बस बच्चों की भीड़ में वो जैसे खो जाते थे। खट्टे बेर और मीठी चटनी का यह मेल अपने आप में एक अनोखा अनुभव था। जैसे ही बेर मुंह में जाता, उसका खट्टापन ललचाता था, फिर चटनी का मीठा स्वाद उसे दोगुना स्वादिष्ट बना देता था। चलिए आज आपको खट्टे-मीठे चटनी वाले बेर घर पर ही बनाना सिखाते हैं।
इसके लिए आपको कुछ खास नहीं लेकर आना है, घर में मौजूद साधारण सी सामग्री की मदद से ये बेर थोड़े ही समय में तैयार हो जाएंगे।
सामग्री
300 ग्राम गुड़

1 बड़ा चम्मच चीनी
250 ग्राम छोटे (देसी बेर)
1 कच्चा आम ( हल्का मीठा )
आधा चम्मच छोटे दाने वाली सौंफ
1 बड़ा चम्मच बिना गुठली वाली इमली
स्वादानुसार कला नमक
आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
विधि
बेर को अच्छी तरह धो कर इनका पानी निथारने छलनी में रख दें।
कच्चे आम को साफ़ पानी से धो कर इसके छिलके उतार लें। छिलके उतारने के बाद एक बार और धो लें और पतले लम्बे टुकड़े काट कर तैयार करें।
अब बेर और कच्चा आम प्रेशर कुकर में डालें और ऊपर से गुड़, चीनी, सौंफ और इमली डाल कर,इस पूरी सामग्री को ढकने तक का पानी डाल कर 2 सीटी आने तक का इंतज़ार करें।

2 सीटी के बाद प्रेशर निकलने तक का इंतज़ार करें।
प्रेशर निकलने के बाद ढक्कन खोल कर इस मिश्रण को एक बार मिलाएं और हलकी आंच पर २ से ३ मिनट पकाने के लिए रख दें।
पकाते समय इसमें ऊपर से स्वादानुसार नमक और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाल कर हल्के हाथों से इसे मिला लें।
2 से 3 मिनट पकने के बाद इसे धक् कर रख दें, कुछ समय बाद ये गाढ़ा हो जाएगा।
इसे अच्छी तरह ठंडा कर के कांच के जार में रख दें, आप चाहें तो इसे चीनी मिट्टी के जार में भी रख सकते हैं। लेकिन अगर आप इसे लम्बे समय तक स्टोर कर के रखना चाहते हैं तब कांच के एयर टाइट जार में ही इसे रखें।
ध्यान रखें

अगर इस्तेमाल किये जाने वाले बेर ज्यादा मुलायम हैं तो कच्चा आम अलग से पका कर इसे ठंडा कर के फिर बेर के साथ प्रेशर कुकर में पकाएं। हल्के सख्त बेर के साथ सीधे कच्चे आम को पकाया जा सकता है।
बेर धोने के बाद अच्छी तरह चेक कर लें, अगर बेर हल्के काले रंग का नज़र आ रहा है तो ऐसे बेर का इस्तेमाल ना करें।
हल्का मुलायम कच्चा आम इस्तेमाल करें ताकि बेर की चटनी खट्टी-मीठी बने और इसका स्वाद बरक़रार रहे।
