Summary: बच्चों के लिए बेस्ट ट्रीट: लौकी के लड्डू जो हर बार खाएं जाएंगे
लौकी के लड्डू हेल्दी और स्वादिष्ट हैं, जो बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आते हैं। फ्रेश लौकी, चीनी, मिल्क पाउडर और नारियल के साथ ये लड्डू बनाना आसान है और खाने में बेहद मज़ेदार।
Lauki ke Laddu: लौकी सेहत के लिए बहुत फ़ायदेमंद होती है। इसमें विटामिन बी, विटामिन सी, आयरन और सोडियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है जो शरीर को कई समस्याओं से बचाने में मदद करते हैं। लौकी को डाइट में शामिल कर हम आसानी से वजन को कंट्रोल कर सकते हैं। इसके अलावा यह कोलेस्ट्रॉल के लेवल को नियंत्रित रखती है और इसलिए हार्ट के मरीज़ों के लिए भी फ़ायदेमंद है। साथ ही यह डायबिटीज मरीज़ों के लिए भी अच्छी रहती है क्योंकि यह शुगर के लेवल को ठीक रखती है। लौकी के इतने सारे फ़ायदे होने के बाद भी अधिकांश लोग इसका नाम सुनते ही मुँह सिकोड़ने लगते हैं।
ख़ासतौर, पर बच्चे तो लौकी को बिलकुल पसंद नहीं करते। लेकिन, क्या आप जानते हैं लौकी से ऐसी बहुत सी रेसिपी तैयार की जा सकती हैं जिसको बच्चे और बड़े सभी खूब शौक़ से खा सकते हैं। इन्हीं में से एक है लौकी के लड्डू। ये लड्डू हेल्थ के लिए जितने अच्छे हैं, स्वाद में भी उतने ही बढ़िया होते हैं। इन्हें एक बार खा लेंगे तो अगली बार आपको लौकी खिलाने के लिए किसी तरह की मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। जानते हैं लौकी के टेस्टी लड्डू बनाने की आसान सी रेसिपी-
लौकी के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

- लौकी- 700 ग्राम
- चीनी- 200 ग्राम
- मिल्क पाउडर- ½ कप
- नारियल का पाउडर- ¼ कप
- इलाइची पाउडर- 1 टी स्पून
- देसी घी- 3 या 4 टी स्पून
लौकी के लड्डू बनाने की विधि
- सबसे पहले लौकी को छीलकर धो लें। याद रखें लौकी एकदम फ्रेश और सॉफ्ट हो।
- ऊपर के हिस्से को कद्दूकस कर लें और बीच के हिस्से को छोड़ दें क्योंकि हमें इसमें बीज नहीं लेना है।
- अब पैन में एक चम्मच देसी घी डालें और फिर लौकी को अच्छे से भून लें। लगभग 5 मिनट तक भूनने के बाद इसमें चीनी डाल लें। आप चाहें तो अपने हिसाब से कम या ज्यादा चीनी डाल सकते हैं।
- लौकी और चीनी को अच्छे से चलाने के बाद इसको ढँककर 10 मिनट तक पकने दें।
- अब लौकी पक चुकी है क्योंकि इसका पानी सूख चुका है। अगर पानी ज्यादा हो तो थोड़ी देर और पकने दें।
- अब इसमें थोड़ा सा फ़ूड कलर डाल सकते हैं।
- अच्छे से मिक्स करके इसमें मावा या मिल्क पाउडर डाल सकते हैं। आप चाहें तो फ्रेश मलाई भी डाल सकते हैं।
- इसमें नारियल का पाउडर डालें।
- इसके बाद इलाइची पाउडर डालें और अच्छे से भून लें।
- लास्ट में थोड़ा सा देसी घी और डालें और फिर से अच्छे से भून लें।
- जब ख़ुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। अब इसको एक प्लेट में निकालकर अच्छे से ठंडा होने दें।
- अब इसके गोल लड़ू तैयार कर लें। अब इन लड्डुओं को नारियल के बुरादे में कोट कर लें।
- बस तैयार हो गये आपके हेल्दी और टेस्टी लौकी के लड्डू।

तो, आप भी हमारी इस रेसिपी से लौकी के लड्डू ज़रूर बनायें। देखना, एक बार खाने के बाद बच्चे भी इन लड्डुओं के दीवाने हो जाएँगे।
