Viva Magenta Fashion
Viva Magenta Fashion

Viva Magenta Fashion: विवा मजेन्टा, यह एक नया शेड है, जिसे नए साल 2023 का पैंटोन कलर ऑफ द ईयर चुन लिया गया है। यह एक हाइब्रिड रंग है, जो क्रिम्सन रेड टोन में है। इस साल भी इस खूबसूरत और अनोखे रंग को सेलिब्रिटीज ने पहना लेकिन इसे ज्यादा पहचान नहीं मिली। लेकिन अब नए साल के बारे में कहा जा रहा है कि यही रंग लेटेस्ट रहेगा और खूब पसंद भी किया जाएगा।

यही नहीं, नए साल 2023 में डेकोर ट्रेंड में भी यह रंग अहम रहेगा और इंटीरियर डिजाइनर सहित फैशन डिजाइनर भी इसे टॉप पर रखने वाले हैं। यानी कि भारतीय शादी-विवाह और अन्य खूबसूरत मौकों पर भी विवा मजेन्टा रंग खूब नजर आने वाला है। 

विवा मजेन्टा रंग की खासियत 

विवा मजेन्टा रंग रेड और मजेन्टा के बीच का खूबसूरत ब्लेन्ड है, जो भारतीय शादी-विवाह के फैशन सीन में खूब देखा जाता है। आने वाले नए साल 2023 के बारे में कहा जा रहा है कि विवा मजेन्टा दूल्हा और दुल्हन के लिए एक फ्रेश चॉइस लेकर आने वाला है। पैंटोन के अनुसार, यह रंग खुशहाली और पॉजिटिव सेलिब्रेशन का प्रतीक है और इसलिए भारतीय शादी-विवाह के मौके के लिए यह परफेक्ट लगेगा। 

इंडियन फैशन डिजाइनर भी आने वाले साल 2023 के लिए विवा मजेन्टा को अगला बेस्ट कलर मान रहे हैं, जो शादी के वार्डरोब में खूब चलेगा। उनका यह भी मानना है कि इससे मिलते जुलते शेड पहले से ही इंडियन स्टाइलिंग का हिस्सा रह चुके हैं। 

इंडियन स्किन टोन के लिए है परफेक्ट रंग 

रोहित गांधी राहुल खन्ना लेबल के डिजाइनर राहुल खन्ना का कहना है कि आने वाले शादी के सीजन के लिए विवा मजेन्टा ही सबसे टॉप पर रहेगा। उनके पिछले कूटुर वीक कलेक्शन में इस रंग वाले कई ड्रेसेज को देखा गया। हाल के एक इंटरव्यू में राहुल खन्ना ने बताया कि विवा मजेन्टा रंग सीजन का हॉट ट्रेंड बनेगा क्योंकि पिछले कुछ कलेक्शन्स में रेड, डीप रेड और फुशिया जैसे रंग खूब चल चुके हैं। 

राहुल खन्ना के अनुसार, विवा मजेन्टा एक बेहद ही प्यारा रंग है। इसे हम रेड और फुशिया के बीच का शेड मान सकते हैं। यह इंडियन स्किन टोन को भी परफेक्ट तरीके से सूट करता है। उनके अनुसार, सिर्फ वही एकमात्र इंडियन फैशन डिजाइनर्स हैं, जिन्होंने पिछले कूटुर वीक में इस रंग का इस्तेमाल किया था। और उनका यह भी मानना है कि अगले दो-तीन सीजन में यह रंग खूब चलने वाला है। 

शादी के वार्डरोब के लिए है बेस्ट 

आने वाले शादी के फंक्शन के लिए विवा मजेन्टा एक जरुरी रंग बनने वाला है। इसका इस्तेमाल न सिर्फ दुल्हने लहंगे के लिए कर सकती हैं, बल्कि दूल्हे भी विवा मजेन्टा कलर की शेरवानी पहन सकते हैं। रेड से बोर हो चुके लोगों को नए रंग की तलाश है, जो ब्राइट होने के साथ नया भी हो। सच कहा जाए तो विवा मजेन्टा रंग रेड का बढ़िया और खूबसूरत विकल्प है। यह एक सटल कलर है, जो हर इंडियन स्किन टोन को सूट करेगा।

मिरर वर्क क्रिएशन के लिए पहचाने जाने वाले फैशन डिजाइनर अभिनव मिश्रा का भी यही मानना है कि विवा मजेन्टा कलर 2023 का टॉप पसंद किया जाने वाला रंग होगा। विवा मजेन्टा रंग वॉर्म और रिचनेस का पर्याय है, जो डिजिटल वर्ल्ड में भी सुन्दर दिखता है। फैशन डिजाइनर अर्पिता मेहता का मानना है कि विवा मजेन्टा एक खूबसूरत और बोल्ड रंग होने के साथ ही रानी पिंक रंग का नया वर्जन है। यह इंडियन स्किन टोन पर बेहद खूबसूरत दिखता है। यह सोचकर ही टॉप डिजाइनर्स खुश हो रहे हैं कि ऐसे रंग को ग्लोबल पहचान मिल रही है, जो अपने देश की समृद्ध संस्कृति से जुड़ा है। 

विवा मजेन्टा को शादी में शामिल करने के टिप्स 

  • राहुल खन्ना के अनुसार, जो दूल्हे विवा मजेन्टा रंग को अपनी शेरवानी में लेना चाहते हैं, वे आयवरी शेरवानी के साथ विवा मजेन्टा कलर की स्टॉल या पगड़ी पहन सकते हैं। 
  • इसी तरह दुल्हनें विवा मजेन्टा रंग का लहंगा या साड़ी तो पहन ही सकती हैं, यदि चाहें तो सिर्फ विवा मजेन्टा रंग का दुपट्टा भी कैरी कर सकती हैं। जल्दी ही विवा मजेन्टा नया रेड बनने वाला है। 
  • अभिनव मिश्रा के अनुसार विवा मजेन्टा दुल्हनों के लिए एक खूबसूरत चॉइस है, जो कुछ अनोखा, कॉन्टेंपररी और कल्चर को ध्यान में रखकर रंग चुनना चाहती हैं। 
  • दूल्हे भी जो लाइट कलर की शेरवानी से अलग कुछ पहनना चाहते हैं, उनके लिए भी यह विकल्प बढ़िया है। विवा मजेन्टा जैसा सुन्दर रंग ना सिर्फ सर्दियों के लिहाज से अच्छा है बल्कि गर्मियों के मौसम के लिए भी सूटेबल है।  
  • अर्पिता मेहता के अनुसार, यदि दुल्हन अपने संगीत के मौके पर विवा मजेन्टा रंग का आउटफिट पहनना चाहती है, तो उसे टोन ऑन टोन एम्ब्रॉइडरी के साथ थ्रेड वर्क और चमक के लिए कटदाना को चुनना चाहिए। विवा मजेन्टा के साथ बेज गोल्ड एम्ब्रॉइडरी भी सुन्दर दिखेगी। 
  • डिजाइनर वरुण बहल के अनुसार, जो दुल्हनें सिर्फ विवा मजेन्टा को अपनी वार्डरोब में नहीं शामिल करना चाहती हैं, वे इस शेड के साथ मिंट, जेड ग्रीन और आइसी ब्लू जैसे सटल पेस्टल का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल में ला सकती हैं। 
  • जिन्हें क्वर्की और ब्राइट शेड्स पसंद आते हैं, वे दुल्हनें विवा मजेन्टा के साथ एमेरल्ड ग्रीन, डार्क टील, ब्राइट क्रिम्सन या रॉयल इलेक्ट्रिक ब्लू चुन सकती हैं।