Diwali
Diwali

दिवाली पर घर की साफ-सफाई और सजावट की परंपरा सदियों पुरानी है, जो आज भी निभाई जा रही है। बदलते समय के साथ घर के इंटीरियर और डेकोरेशन पर अब खूब ध्यान दिया जाता है, ताकि दिवाली की जगमगाहट के बीच हमारे घर की रौनक देखते ही बने और इसके लिए आपको अपना बजट बिगाड़ने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, अगर आप हमारे कुछ टिह्रश्वस पर ध्यान दें तो।

घर की सजावट के लिए दिवाली से ज्यादा खास त्योहार कोई और हो ही नहीं सकता। अब यहां आपके दिल में एक सवाल भी जरूर उठ रहा होगा कि इतनी महंगाई में घर को सजाना वो भी दिवाली जैसे त्योहार में, इससे जेब का दिवाला न कल जाए। तो हमारे पास आपकी इस समस्या का भी समाधान है, जिससे आप कम बजट में घर की खूबसूरती में चार-चांद लगा सकते हैं

फेरी लाइट्स

घर को सजाने के लिए जब भी हम मन बनाते हैं, तो सबसे पहले दिमाग घर को रोशनी से भर देने वाली लाइट्स की ओर जाता है। आप भी कुछ ऐसा ही सोच रही हैं तो फेरी लाइट्स आपके कमरे, हॉल, बाल्कनी या घर के किसी भी हिस्से को खूबसूरत बना सकती है। वैसे आज कल फेरी लाइट्स का ट्रेंड तस्वीरों को सजाने में भी है। फेरी लाइट्स को लगाने से पहले आपको सोचने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि, इसका बिजली कनेक्शन कैसे करें। ये बैटरी के साथ आती है, जो अपने आप में अतरंगी है।

हूला हूप झूमर बढ़ाएगी शोभा

हूला हूप झूमर दिवाली में जान डालने जितना है। आप इसे एक बार से ज्यादा बार भी इस्तेमाल कर सकती हैं। फेरी लाइट्स के साथ जब आप इस झूमर को अपने कमरे या घर के किसी हिस्से में लगाएंगी तो ये बेहद खूबसूरत नजर आने वाला है। ये काफी सस्ता भी आता है। खूबसूरती बढ़ाएंगे लैम्प घर को सजाने के लिहाज से लैम्प का फैशन कभी आउट नहीं होता। आप रंगीन के साथ फैंसी लैम्प का चुनाव कर सकती हैं। आप चाहें तो लैम्प को घर पर भी तैयार कर सकती हैं।

इसके लिए एक खाली बॉक्स या पारदर्शी बोतल को डेकोरेट करके उसके अंदर दीया या लाइट लगा सकती हैं। ये दिखने में काफी सुंदर लगता है।

घर में दीया करें तैयार

बात दीये की हो तो हम भारतीय अपनी कला का जौहर ना दिखाएं, ऐसा कैसे हो सकता है भला। आप मिट्टी के अलावा अपने घर में रखे कुछ खास सामान से दीया तैयार कर सकती हैं। गेहंू के आटे का दीया बनाने में सबसे आसान माना जाता है। आप इसकी मदद से अलग- अलग आकृति के दीये बना सकती हैं और उन्हें पेंट कर सकती हैं। आप इन दीयों को पिघली हुई मोम से भरें। ये दिखने में काफी आकर्षक होते हैं और देर तक टिकते भी हैं

कागज की डेकोरेशन

कागज से बनी कलाकृतियों को आप कहीं से भी कम मत आंकिये। आप इससे बहुत कुछ बना सकती हैं, जिसे दिवाली में आप अपने घर में सजा सकें। ये सजावट काफी किफायती भी हैं और इंट्रेस्टिंग भी। आप घर पर भी आसानी से पेपर डील बना सकती हैं।

ट्वीन लैम्पशेड का क्रेज

इस लैम्प को घर पर तैयार करना बेहद आसान है। इससे दिवाली की सजावट को थोड़ा हटकर और ग्लैमरस लुक मिलेगा। इसे बनाने के लिए आपको मोटा धागा या सुतली चाहिए, जिसके बाद फेविकोल में उसे डुबोकर गुब्बारे में लपेटे और सूख जाने पर गुब्बारा फोड़ दें। आपको आपका ट्वीन लैम्प मिल जाएगा। आप इसे अपने हिसाब और पसंदीदा रंगो से रंग कर सजा भी सकती हैं।

मिट्टी के दिए हैं सदाबहार

हर साल की तरह इस बार भी इकोफ्रेंडली दिवाली मनाने पर जोर देना कोई गलत बात नहीं है। चाइनीज झूमर और लाइट्स नहीं लेना चाहते तो आप मिट्टी के दिए जरूर लें। ये काफी सजावटी भी आते हैं। आप चाहें तो पानी में फूलों के साथ इन्हें सजा कर तैरा सकती हैं। आप इसे घर में भी अपने हिसाब से सजा सकती हैं।

फ्लावर डेकोरेशन

दिवाली में रोशनी के साथ फूलों की सजावट काफी खूबसूरत लगती है। आप अपने घर को अपने मन पसंद फूलों से सजाइए। आप कागज के फूलों का इस्तेमाल कर सकती हैं। आप चाहें तो गेंदे के फूलों के साथ आम के पत्तों का तोरण बनाकर भी सजा सकती हैं।

दीवार की सजावट

अगर आपको पेंटिंग का शौक है तो भी आप कुछ नया ट्राई कर सकते हैं, जैसे किसी एक दीवार पर कोई सुंदर-सी आकृति उकेरना, जिससे पूरे कमरे में नयापन आ सकता है। नए पर्दे की जगह आप अपनी पुरानी साड़ी के बॉर्डर या लेस का प्रयोग कर पर्दे को नया लुक दे सकती हैं।

रंगोली बिना दिवाली अधूरी

ये बात तो बिलकुल सही है कि रंगोली के बिना दिवाली के मायने ही कुछ अलग हो जाते हैं। आप घर के मुख्य द्वार, आंगन या फिर घर के किसी भी हिस्से में रंगोली बनाइए। अगर जल्दबाजी में हैं तो स्टीकर भी लगा सकती हैं।

सेटिंग बदलें और दें बिल्कुल नया लुक

यदि आपका बजट आपका साथ नहीं दे रहा है और आप दिवाली में अपने घर को सुंदर लुक भी देना चाहते हैं तो घबराने की कोई बात नहीं है बस आप अपने घर की सेटिंग्स में थोड़ा-सा बदलाव कर दीजिए जैसे कि सोफा की जगह बदल दें।

सोफे के पीछे वाली दीवार पर एक सुंदर-सा वॉलपेपर लगाएं। यही नहीं बाजार में बहुत से सस्ते कॉर्नर सेंटर पीस मिल जाएंगे उससे आप अपने ड्राइंग रूम को एक नया लुक दे सकती हैं। दिवाली में घर को सजाना है तो आप हमारी बताए हुए डेकोरेटिव आईडिया को जरूर आजमाएं। इससे न आपका घर खूबसूरत लगेगा बल्कि इसमें आपको ज्यादा पैसा खर्च भी नहीं करना पड़ेगा।

Leave a comment