Celebrity Jewellery: शादी का दिन किसी भी लड़की के लिए बेहद खास होता है। कोई भी लड़की अपने डी डे के दिन सबसे खास दिखना चाहती है और एक सेलिब्रिटी लुक पाना चाहती है। लेकिन सेलिब्रिटी अपनी एक्सेसरीज पर लाखों रूपए खर्च करती हैं। हो सकता है कि आप भी ब्राइडल लुक में एक्सेसरीज पर इतना अधिक खर्च ना कर सकती हों, लेकिन फिर भी एक बेहतरीन लुक कैरी करना चाहती हों। तो ऐसे में आर्टिफिशियल ज्वैलरी को पहनना एक अच्छा विचार हो सकता है। आज के समय में कई तरह की बेहतरीन आर्टिफिशियल ज्वैलरी मार्केट में मिलती हैं, जिनकी क्वालिटी काफी अच्छी होती है, लेकिन इनका दाम काफी कम होता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही आर्टिफिशियल ज्वैलरी के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपने डी डे पर पहनकर सेलिब्रिटी लुक को रिक्रिएट कर सकती हैं-
एमरेल्ड चोकर

हाल ही में कियारा आडवाणी सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। अपने वेडिंग डे पर उन्होंने अल्ट्रा फाइन हैंडकट डायमंड नेकपीस को स्टाइल किया था, जिसमें ग्रीन एमरेल्ड को शामिल किया गया था। उनके इस चोकर की कीमत लाखों में थी। आप भी कियारा की तरह ही एमरेल्ड चोकर को स्टाइल कर सकती हैं। सिंथेटिक एमरेल्ड चोकर आपके ब्राइडल लुक में आसानी से चार-चांद लगाएगी। आपको इस तरह का एमरेल्ड चोकर नेकपीस ऑनलाइन वेबसाइट पर आसानी से अवेलेबल है। अगर आप हाई क्वालिटी एमरेल्ड चोकर को पहनना चाहती हैं तो इसके लिए आपको कुछ अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
कुंदन सेट
ब्राइडल लुक में कुंदन सेट भी काफी अच्छा लगता है। ब्राइडल लुक में आलिया भट्ट के स्टाइल को काफी पसंद किया गया था। आलिया ने अपने ब्राइडल लुक में सब्यसाची के 2022 के हेरिटेज ज्वैलरी कलेक्शन से एक्सेसरीज को कैरी किया था। उन्होंने एक स्टेटमेंट मांगटीका के साथ शीशपट्टी को स्टाइल किया था। इसके साथ उन्होंने झूमका इयररिंग्स और कुंदन स्टोन्स बैंगल्स को डी डे पर स्टाइल किया था। उनकी वेडिंग ज्वैलरी डायमंड, पर्ल और पोल्की कुंदन से बनी थी। आलिया भट्ट वेडिंग लुक से इंस्पायर्ड आर्टिफिशियल ज्वैलरी ऑनलाइन आपको आसानी से मिल जाएगी। इसके लिए आपको 3000-10000 रूपए के बीच खर्च करने पड़ सकते हैं।
पर्ल ज्वैलरी
वेडिंग डे पर पर्ल ज्वैलरी पहनना भी एक अच्छा विचार है। अगर आप अपने डी डे पर बेहद कम दाम में एक हैवी लुक चाहती हैं तो ऐसे में आप पर्ल ज्वैलरी को स्टाइल कर सकती हैं। अथिया शेट्टी ने भी अपने वेडिंग डे पर पर्ल कुंदन चोकर नेकपीस को स्टाइल किया था। जिसके साथ उन्होंने मैचिंग इयररिंग्स और मांग टीका को पेयर किया था। अनामिका खन्ना द्वारा डिजाइन की गई इस ज्वैलरी की कीमत लाखों में थी। लेकिन ऑनलाइन इस तरह की मिलती-जुलती ज्वैलरी को आसानी से खरीदा जा सकता है। जिसकी शुरुआती रेंज 2000-6000 रूपए के बीच होती है।
अमेरिकन डायमंड ज्वैलरी

अगर आप अपने वेडिंग डे पर कुछ बेहद ही क्लासी पहनना चाहती हैं तो ऐसे में आप अमेरिकन डायमंड ज्वैलरी को स्टाइल करें। इसमें मिनिमल लुक भी बेहद ही स्टाइलिश लगेगा। ऐसे कई एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपनी वेडिंग डे पर डायमंड ज्वैलरी को स्टाइल किया था। आयशा टाकिया ने वेडिंग डे पर डायमंड चोकर के साथ मांग टीका को कैरी किया था। चूंकि डायमंड ज्वैलरी बेहद ही महंगी होती है। ऐसे में आप उसकी जगह अमेरिकन डायमंड ज्वैलरी का ऑप्शन चुनें। अमेरिकन डायमंड ज्वैलरी की कीमत काफी कम होती है। इनकी शुरूआती रेंज 2000 रूपए से शुरू होती है। इसके बाद आप अपनी पसंद व क्वालिटी को ध्यान में रखते हुए 15000 से 18000 रूपए तक की रेंज की अमेरिकन डायमंड ज्वैलरी को सलेक्ट कर सकती हैं।
क्रिस्टल ज्वैलरी सेट

अगर आपका बजट बहुत ही कम है और आप अपने वेडिंग लुक को एक रॉयल टच देना चाहती हैं तो ऐसे में क्रिस्टल ज्वैलरी सेट को स्टाइल करना एक अच्छा ऑप्शन है। क्रिस्टल के साथ कुंदन का लुक बेहद ही अच्छा लगता है। आप क्रिस्टल कुंदन वेडिंग ज्वैलरी सेट को ऑनलाइन महज 800 से 1000 रूपए के बीच आसानी से खरीद सकती हैं। इतना ही नहीं, इसमें आप महज 2000-3000 रूपए की रेंज में कई बेहतरीन ज्वैलरी सेट के ऑप्शन को सलेक्ट कर सकती हैं। क्रिस्टल ज्वैलरी की एक खास बात यह है कि इसमें स्टाइल व ऑप्शन्स की कोई कमी नहीं है। ऐसे में आप अपने वेडिंग आउटफिट के कलर के अनुसार क्रिस्टल ज्वैलरी को पहन सकती हैं।
पहनें गोल्ड टोन्ड टेम्पल ज्वैलरी
कुछ सालों पहले तक टेम्पल ज्वैलरी को केवल साउथ इंडियन ब्राइड ही पहना करती थीं, लेकिन पिछले कुछ वक्त से गोल्ड टेम्पल ज्वैलरी का चलन काफी बढ़ा है। विद्या बालन से लेकर मौनी रॉय तक जैसी एक्ट्रेस ने अपने वेडिंग लुक में गोल्ड टेम्पल ज्वैलरी को ही पहना था। गोल्ड की कीमत इन दिनों बहुत अधिक है और इसलिए गोल्ड टेम्पल ज्वैलरी के लिए आपको लाखों रूपए खर्च करने पड़ सकते हैं। ऐसे में आप गोल्ड टोन्ड टेम्पल आर्टिफिशियल ज्वैलरी को पहनने पर विचार करें। यह एक ऐसी ज्वैलरी है, जो आपके एथनिक लुक को और भी खास बनाती है। इसलिए, अगर आपने अपने वेडिंग डे पर रेड साड़ी पहनने का मन बनाया है तो उसके साथ गोल्ड टोन्ड टेम्पल ज्वैलरी यकीनन बेहद ही खूबसूरत लगेगी। इसमें आप एक चोकर के साथ लॉन्ग हार को स्टाइल कर सकती हैं।
