Abhinav Shukla
Abhinav Shukla

Summary : अभिनव के सफर की कुछ रोचक बातें

2014 में शानू शर्मा ने अभिनव शुक्ला को हैंडसम बताया लेकिन ‘स्पार्क’ की कमी बताई। कुछ साल बाद, भंसाली ने उनके टैलेंट की खुलकर तारीफ की।

Abhinav Shukla Casting by Yash Raj: लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेता अभिनव शुक्ला ने अपने फिल्मी करियर के शुरुआती दिनों का एक ऑडिशन याद किया है। यह वो ऑडिशन था जिसने उन पर गहरा असर डाला। हाल ही में अभिनव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया है कि 2014 में जब उनकी फिल्म रोर रिलीज होने वाली थी, तो वे अपने शुभचिंतकों के कहने पर यशराज फिल्म्स की मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा से मिलने गए।

अभिनव ने नोट में लिखा, “जब मेरी फिल्म रोर रिलीज होने वाली थी, तब दोस्तों ने कहा कि यशराज फिल्म्स की कास्टिंग डायरेक्टर से मिलो। मैं गया और उन्होंने कहा, ‘तुम अच्छे दिखते हो, लेकिन बस इतना ही… वह चमक (स्पार्क) नहीं है। तुम ऑडिशन दे सकते हो लेकिन…’”

कुछ साल बाद, अभिनव का सामना एक बिल्कुल अलग अनुभव से हुआ। इस बार वे मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली से उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म इंशाअल्लाह के लिए मिले। यह फिल्म बाद में बंद हो गई थी। अभिनव ने लिखा, “कुछ साल बाद मैं संजय लीला भंसाली सर के सामने बैठा था, उनकी फिल्म इंशाअल्लाह के लिए। उन्होंने मेरी जमकर तारीफ की और कई बार पूछा, ‘तुमने अब तक इतना काम क्यों नहीं किया? मैंने तुम्हारा ऑडिशन देखा है, तुम बेहद टैलेंटेड हो।’ वक्त के साथ यह फिल्म बंद हो गई और मेरी किस्मत ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया!”

उन्होंने ‘मिर्जापुर’ फेम एक्ट्रेस ईशा तलवार को टैग करते हुए लिखा “मैं समझ सकता हूं और मुझे लगता है कि ताने/अपमान इस बात का मौका होते हैं कि हम ऐसे लोगों से मिलें जो हमारे टैलेंट और समय की कद्र करें!” हाल ही में, ईशा तलवार ने खुलासा किया था कि एक बार ऑडिशन के दौरान उनसे बीच रेस्त्रां में रोने के लिए कहा गया। उन्हें यह अजीब लगा और वे वहां से चली गईं, हालांकि इस घटना ने उनके आत्मविश्वास को हिला दिया था।

अभिनव शुक्ला अभिनेता हैं और भारत में अब जाना-पहचाना नाम है। वे एक्टिंग के साथ-साथ रोमांचक गतिविधियों के शौक के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने 21 जून 2018 को टीवी अभिनेत्री रुबीना दिलैक से शादी कर ली थी। नवंबर 2023 में ट्विन बेटियों, जीवा और एधा, के वो पिता बने। एक्टिंग के अलावा, वे एडवेंचर स्पोर्ट्स और ट्रेकिंग में भी सक्रिय हैं। 2017 में उन्होंने अपने भाई के साथ 6153 मीटर ऊंची स्टोक कांगड़ी चोटी को अल्पाइन शैली में फतह किया। वहीं 2016 में चंद्रताल से बारा-लाचा ला तक का सात दिन का कठिन ट्रैक पूरा किया। उनके साहसिक कारनामों में मनाली से लेह तक की सोलो साइकिल यात्रा और एक बार माथेरान के जंगल में फंसे रहकर जीवित रहने का अनुभव भी शामिल है।

रुबीना और अभिनव शुक्ला के रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आए। बीच में दोनों के रिश्ते में दूरियां आने की भी खबर थी और बात तलाक तक जा पहुंची थी। एक समय वो भी था जब रुबीना मां नहीं बनना चाहती थीं। बिग बॉस 16 के दौरान रुबीना ने खुद इस बात का खुलासा कर डाला था कि उनका और अभिनव का रिश्ता टूटने वाला है। इतना ही नहीं इस रिश्ते को बचाने के लिए कोर्ट की ओर से दोनों को आखिरी मौका दिया गया था। हालांकि समय के साथ दोनों का रिश्ता फिर से मजबूत हुआ।  

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...