Most Expensive Mango: गर्मियों का मौसम आते ही आम की मिठास हर तरफ बिखर जाती है। किसी के घर में आमरस तैयार हो रहा होता है, तो कहीं पर पके हुए आमों के साथ गप्पे चल रही होती हैं। आम भारतीयों के दिल के बेहद करीब होता है। दशहरी, चौसा, लंगड़ा, अलफांसो जैसे लोकप्रिय किस्मों ने भारत के हर क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाई है। गर्मियों में आम खाना भारतीय परिवारों की परंपरा बन चुकी है।
अब लोग सिर्फ पारंपरिक स्वादों तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि उन्हें कुछ अनोखा, अलग और प्रीमियम चाहिए। यही कारण है कि अब विदेशी किस्मों के फल भी भारत में लोकप्रिय हो रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसी आम की किस्म भी है जिसकी कीमत लाखों में होती है? चौंकाने वाली बात ये है कि यह अनोखा आम अब भारत में भी उगाया जा रहा है। इसका नाम मियाजाकी आम है, जो बहुत प्रसिद्ध है।
मियाजाकी
हाल ही में आम की दुनिया में एक बेहद खास और महंगा नाम जुड़ा है, ‘मियाजाकी आम’। यह आम मूल रूप से जापान का है और इसे दुनिया का सबसे महंगा आम माना जाता है। इसकी खासियत सिर्फ इसके स्वाद में नहीं, बल्कि इसके रंग, पोषण, उत्पादन प्रक्रिया और इसकी दुर्लभता में छिपी है। मियाजाकी आम को इसके गहरे लाल रंग और चमक की वजह से ‘एग ऑफ सनशाइन’ यानी ‘धूप का अंडा’ भी कहा जाता है।
अब भारत में भी हो रही है खेती

हैरानी की बात यह है कि अब यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर और महंगा आम भारत में भी उगाया जा रहा है। भारत के मध्य प्रदेश के जबलपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बनारस और चंदौली, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में मियाजाकी आम की खेती शुरू हो चुकी है। शुरुआत में जब इस आम की तस्वीरें और कीमतें सामने आईं, तो लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ कि भारत में भी ऐसा आम उग सकता है। लेकिन जैसे-जैसे इसकी लोकप्रियता बढ़ी, किसानों ने इसकी खेती में रुचि दिखानी शुरू कर दी।
सुरक्षा के बीच होती है खेती

मियाजाकी आम की सबसे बड़ी खासियत इसकी खेती की बारीकी और देखरेख है। इसे सामान्य आम की तरह नहीं उगाया जा सकता। इस आम के हर पेड़ को विशेष देखरेख में रखा जाता है – खास तापमान, नमी, और रोशनी की जरूरत होती है। इसके हर फल को एक-एक करके नेट से ढंका जाता है ताकि उसका रंग, आकार और गुणवत्ता बनी रहे। भारत में इसकी खेती के दौरान कई किसानों ने खेतों में सुरक्षा गार्ड और डॉग्स तक रखवाए, क्योंकि इसकी कीमत को देखते हुए चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
कीमत जानकर चौंक जाएंगे आप
मियाजाकी आम की सबसे खास बात उसकी कीमत है। इसकी कीमत 1.5 लाख रुपए से लेकर 3 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकती है। कुछ विशेष अवसरों पर, जब इसकी नीलामी होती है, तो यह कीमत और भी ज्यादा हो जाती है। इसकी सीमित आपूर्ति, बेमिसाल गुणवत्ता और अनूठे स्वाद के कारण ही इसे इतना महंगा समझा जाता है।
