Summary: महाभारत को देखें एक नए लुक में, AI ने किया कमाल
“महाभारत: एक धर्मयुद्ध” वेब सीरीज भारतीय महाकाव्य महाभारत का नया डिजिटल अवतार है, जिसे AI तकनीक की मदद से बनाया गया है। 100 एपिसोड की यह सीरीज 25 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार और 26 अक्टूबर से स्टार प्लस पर स्ट्रीम हो रही है।
AI Mahabharata: भारतीय टीवी और सिनेमा की दुनिया में महाभारत हमेशा आइकनिक रहा है। 1988 में बी.आर. चोपड़ा की इस महाकाव्य प्रस्तुति को सबने खूब पसंद किया था। अब लगभग 35 साल बाद यह महान कथा फिर से एक नए अवतार में लौट रही है लेकिन इस बार कहानी AI तकनीक के जरिए। इसका नाम रखा गया है – “महाभारत: एक धर्मयुद्ध”। यह वेब सीरीज 100 एपिसोड की है, जो 25 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार और 26 अक्टूबर से स्टार प्लस पर स्ट्रीम हो रहा है।
“महाभारत: एक धर्मयुद्ध” की खासियत
इस वेब सीरीज को बनाने में जियो हॉटस्टार, स्टार प्लस और कलेक्टिव मीडिया नेटवर्क ने मिलकर तकनीक और परंपरा पर शानदार काम किया है। इसकी फोटो पोस्ट करते हुए कैप्शन में जियो हॉटस्टार ने लिखा है, “महाभारत – हर युग का धर्म। कर्तव्य, विश्वासघात और युद्ध की सबसे बड़ी कहानी, जिसे AI तकनीक से जीवंत किया गया । हिस्ट्रीवर्स द्वारा ‘महाभारत: एक धर्मयुद्ध’।
कहां और कब देखें महाभारत – एक धर्मयुद्ध
ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर इस वेब सीरीज की स्ट्रीमिंग 25 अक्टूबर 2025 से शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही स्टार प्लस पर इसका प्रसारण 26 अक्टूबर से रात 7:30 बजे शुरू हो चुका है। इसके अलावा, इसे OTTplay Premium पर भी देखा जा सकेगा। यह सीरीज सात भाषाओं में उपलब्ध है, और स्टार प्लस पर हर शनिवार एक नया एपिसोड आएगा।
AI तकनीक और यूनिक लुक
इस वेब सीरीज को AI की मदद से प्रस्तुत किया गया है। युधिष्ठिर के नेतृत्व में पांच पांडव और दुर्योधन के नेतृत्व में सौ कौरवों के पात्र, युद्ध और कुरुक्षेत्र की 18 दिवसीय लड़ाई की घटनाओं को एनिमेशन और AI तकनीक के की मदद से क्रिएट किया गया है। इससे प्रोडक्शन की लागत लगभग 50-70 प्रतिशत तक घट गई। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के वॉइस आर्टिस्ट्स, स्क्रिप्ट राइटर्स और डायरेक्टर्स इंसान ही हैं और उन्होंने ही कहानी और पात्रों को क्रिएट किया है। AI का प्रयोग केवल विजुअल्स और स्पेशल इफेक्ट्स को बेहतर बनाने के लिए किया गया है। सभी कैरेक्टर्स को आवाज इंसानों ने ही दी हैं, जिससे दर्शकों को असल अनुभव मिल रहा है।
कथा और दर्शक अनुभव
“महाभारत: एक धर्मयुद्ध” में न केवल युद्ध और राजनीति की कहानी दिखाई गई है, बल्कि इसमें धर्म, शक्ति और भाग्य जैसे गहरे विषयों को भी उजागर किया गया है। AI तकनीक की मदद से कैरेक्टर्स के भाव, युद्ध की रणनीतियां और डायलॉग अधिक शानदार बन पड़े हैं। 35 साल बाद यह नई प्रस्तुति महाभारत को डिजिटल और ग्लोबल लेवल पर एक नए रूप में पेश कर रही है।
बॉलीवुड में तेजी से AI तकनीक का इस्तेमाल
बॉलीवुड में AI तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि कम लागत में भी शानदार और नैचुरल विजुअल्स तैयार किए जा सकते हैं। लेकिन इसके साथ ही फिल्म ‘रांझणा’ के विवाद यह दिखाते हैं कि अगर AI का इस्तेमाल सोच-समझकर न किया जाए, तो यह फिल्मों की असली भावना और कहानी की गहराई को नुकसान पहुंचा सकता है।
