Summary: स्मृति मंधाना की हल्दी सेरेमनी में टीम इंडिया की मस्ती और शादी का जश्न वायरल
स्मृति मंधाना की हल्दी सेरेमनी सोशल मीडिया पर छाई हुई है, जहां पीला थीम, पारंपरिक रस्में और टीम इंडिया खिलाड़ियों का डांस सबसे बड़ा आकर्षण बना। शादी से पहले यह प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन खुशी, दोस्ती और जश्न से भरपूर नजर आया।
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी की रस्में अब धमाकेदार अंदाज़ में शुरू हो चुकी हैं। उनकी हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गए। पीले रंग में डूबा ये पूरा माहौल इतना खुशनुमा था कि हर तस्वीर और वीडियो में खुशी छलकती नजर आई। 23 नवंबर की शादी से पहले इस हल्दी सेरेमनी ने माहौल पूरी तरह गर्म कर दिया है। अब फैंस की निगाहें शादी और रिसेप्शन पर हैं, जहां शायद फिर एक बार क्रिकेट और म्यूज़िक की जुगलबंदी देखने को मिलेगी।
पारंपरिक डेकोर और दुल्हन की दमक
हल्दी सेरेमनी का सेटअप बेहद खूबसूरत और पारंपरिक अंदाज़ में सजा था मैरीगोल्ड के फूलों की झालरें, पीली चादरें, फूलों की छतरी और दुल्हन की मुस्कान… सबकुछ पूरी तरह फेस्टिव वाइब्स दे रहा था। स्मृति पीले और गोल्डन टच के आउटफिट में नजर आईं, जिसमें गोटा-पट्टी का काम उन्हें और ज्यादा ब्राइट और ग्रेसफुल बना रहा था। हल्दी उनके चेहरे पर सिर्फ रस्म नहीं थी, बल्कि उनकी खुशी भी दिखाई दे रही थी।
टीम इंडिया ने बनाया माहौल और भी खास
जहां हल्दी की रस्में पारंपरिक ढोल और शहनाई के बीच हुईं, वहीं असली मस्ती शुरू हुई जब स्मृति की टीम इंडिया की साथियों ने मंच संभाला। जश्न में शामिल थीं शेफाली वर्मा, रिचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, राधा यादव, रेनुका सिंह, शिवाली शिंदे और श्रेयंका पाटिल। सबने एक जैसे पीले आउटफिट पहने, और उनकी कैमिस्ट्री ने इस रस्म को एक क्रिकेटिंग फैमिली डांस पार्टी में बदल दिया। शेफाली वर्मा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “लड़की वाले”।
डांस परफॉर्मेंस रही सबसे बड़ा हाइलाइट
हल्दी की रस्मों के बाद स्मृति ने अपने टीममेट्स के साथ एक सिंक कोरियोग्राफ्ड डांस परफॉर्मेंस दी। वीडियो में सभी खिलाड़ी स्मृति के साथ डांस करते दिखीं, और ये पल इस बात का सबूत था कि क्रिकेट की ये लड़कियां सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि हर जश्न में एक टीम की तरह साथ खड़ी रहती हैं। इस डांस की खास बात थी मज़ा, दोस्ती और वो बेफिक्र खुशी, जो किसी भी शादी को यादगार बना देती है।
स्टेडियम में किया फिल्मी अंदाज़ में प्रपोज़
हल्दी सेरेमनी के बीच एक और वीडियो वायरल हो रहा है। इस खूबसूरत वीडियो जिसमें पलाश मुच्छल ने स्मृति को फिल्मी अंदाज़ में प्रपोज़ किया था। यह प्रपोज़ल किसी रोमांटिक फिल्म के सीन से कम नहीं था। वीडियो की शुरुआत होती है मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम से.. वही स्टेडियम, जहाँ भारत ने हाल ही में महिला वर्ल्ड कप जीतकर ऐतिहासिक पल बनाया था।
वीडियो में पलाश स्मृति की आंखों पर कपड़ा बांधकर उन्हें मैदान के बीचों-बीच लेकर आते हैं। जैसे ही स्मृति आंखों का पट्टा हटाती हैं, पलाश उनके सामने घुटनों पर बैठकर गुलाबों का बुके और डायमंड रिंग लेकर प्रपोज़ करते हैं। उनकी इस सरप्राइज जेस्चर से स्मृति भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखें खुशी के आँसुओं से भर जाती हैं।
वीडियो के अंत में दोनों एक-दूसरे को रिंग पहनाते नजर आते हैं और कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए अपने खूबसूरत सफर की शुरुआत का ऐलान करते हैं। कैप्शन में पलाश ने सिर्फ दो शब्द लिखे थे- “She Said Yes.”
यह पल सिर्फ एक प्रपोज़ल नहीं बल्कि स्मृति की क्रिकेट जर्नी, उनकी उपलब्धियों और प्रेम कहानी का प्रतीक था जहाँ मैदान, यादें और प्यार एक साथ मिले।
