Divya Bharti and SRK
Divya Bharti and SRK

Summary: शाहरुख खान उस वक्त दिल्ली में थे...

मैं सुबह उठा तो देखा... खबरों में बताया जा रहा था कि दिव्या की मौत हो गई है। वह खिड़की से गिर गई थीं....

SRK on Divya Bharti: बॉलीवुड की चमकदार और बेहद कम उम्र में खोई हुई सितारों में दिव्या भारती का नाम सबसे ऊपर आता है। सिर्फ कुछ ही वर्षों में उन्होंने इंडस्ट्री पर ऐसा असर छोड़ा जिसे आज भी लोग याद करते हैं। 1990 में बोब्बिली राजा से फिल्मों में कदम रखने के बाद उन्होंने विश्वात्मा के साथ बॉलीवुड में एंट्री की। लेकिन उनकी असली पहचान तब बनी जब दीवाना रिलीज़ हुई, वही फिल्म जिसने शाहरुख खान को भी हिंदी सिनेमा में लॉन्च किया। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और शाहरुख व दिव्या…दोनों की ज़िंदगी का टर्निंग पॉइंट बनी। सालों पहले एक इंटरव्यू में शाहरुख खान ने दिव्या की अचानक मौत के बारे में पता चलने वाला वह दर्दनाक पल याद किया था, जिसने उन्हें भीतर तक हिला दिया था।

एनडीटीवी को दिए एक पुराने इंटरव्यू में शाहरुख ने बताया था कि वह सुबह दिल्ली में सोकर उठे ही थे, जब रेडियो पर उनका गाना ऐसी दीवानगी बज रहा था। उन्होंने बताया, “मैं दिल्ली में सो रहा था और रेडियो पर मेरी फिल्म का गाना चल रहा था। मुझे लगा कि शायद मैं बहुत बड़ा स्टार बन गया हूं। मुझे समझ नहीं आया था कि स्टार कैसे बनते हैं, पर दीवाना हिट हो गई थी और गाने हर जगह बजने लगे थे। उसी दौरान मैं सुबह उठा तो देखा… खबरों में बताया जा रहा था कि दिव्या की मौत हो गई है। वह खिड़की से गिर गई थीं। यह मेरे लिए बहुत बड़ा झटका था, क्योंकि मैं उनके साथ एक और फिल्म करने वाला था।”

Divya Bharti and SRK in Deewanaa
Divya Bharti and SRK in Deewanaa

शाहरुख ने यह भी कहा कि दिव्या की मौत की खबर सुनकर वह कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि ऐसा कैसे हो सकता है। एक रात पहले वे दोनों साथ में काम की बात कर रहे थे और अगले दिन वह दुनिया में नहीं थीं। दिव्या भारती की मौत आज भी बॉलीवुड की सबसे रहस्यमय घटनाओं में गिनी जाती है। यह हादसा 5 अप्रैल 1993 को हुआ, जब वह अपने पांचवें माले के अपार्टमेंट की खिड़की से गिर गईं।

उस समय सिर्फ 19 साल की थी दिव्या और कम समय में सुपर स्टारडम को छू चुकी थीं। उनकी मौत के बाद कई तरह की थ्योरी और अटकलें सामने आईं, लेकिन आज तक यह घटना पूरी तरह साफ नहीं हो पाई। इसके बावजूद, उनकी फिल्मों और उनके जोश को लोग आज भी उसी प्यार से याद करते हैं।

शाहरुख खान ने दिव्या से जुड़ी एक खास व्यक्तिगत याद भी साझा की थी। उन्होंने बताया, “दिव्या भारती एक शानदार अभिनेत्री थीं।  मुझे याद है, मैंने दीवाना की डबिंग सी रॉक होटल में खत्म की थी। बाहर निकला तो वह मिलीं। उन्होंने मुझे देखकर कहा, ‘तुम सिर्फ एक एक्टर नहीं, एक इंस्टीट्यूशन हो।’ मैं यह सुनकर हैरान रह गया। मुझे समझ भी नहीं आया कि इसका मतलब क्या होता है। मैं घर गया और इसका मतलब पढ़कर जाना कि उन्होंने कितना बड़ा कॉम्प्लिमेंट दिया था।” शाहरुख ने बताया कि दिव्या की यह बात आज भी उनकी यादों में सबसे चमकदार जगह रखती है।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...