Summary: शाहरुख खान की नेटवर्थ हुई 12490 करोड़
शाहरुख़ ख़ान अब आधिकारिक रूप से अरबपति क्लब में शामिल हो गए हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹12,490 करोड़ आँकी गई है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में उन्होंने लगातार दूसरे साल टॉप स्थान हासिल किया है।
Richest Indian Actor: 33 सालों तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाले शाहरुख खान ने अब ऑफिशियल तरीके से एक नया मुकाम हासिल कर लिया है और यह वह अब एक अरबपति हैं। हाल ही में जारी हुई हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, शाहरुख खान की कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये यानी लगभग $1.4 बिलियन बताई गई है। यह केवल एक आर्थिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि इस बात का प्रतीक है कि मेहनत, धैर्य और लगन से किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है। खास बात तो यह है कि शाहरुख टेलर स्विफ्ट, अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर, और सेलेना गोमेज से भी आगे निकल चुके हैं।
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शाहरुख खान का पहला स्थान
शाहरुख खान अब ऑफिशियल तरीके से अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। तीन दशकों से अधिक के करियर के बाद भी उन्होंने न केवल अपनी पॉपुलैरिटी को बरकरार रखा है, बल्कि अब 2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में भी पहला स्थान हासिल किया है। यह लिस्ट हर साल हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा जारी की जाती है, जिसमें भारत के विभिन्न क्षेत्रों के सेलिब्रिटीज की संपत्ति का आकलन किया जाता है। इस साल की रिपोर्ट में कहा गया है, “बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (59) पहली बार अरबपति क्लब में शामिल हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है।” 2024 की हुरुन लिस्ट में उन्होंने पहली बार धमाकेदार एंट्री की थी, जब उनकी संपत्ति ₹7,300 करोड़ थी।
मन्नत से अरबों तक की यात्रा
शाहरुख की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती है। दिल्ली की गलियों से मुंबई के फिल्मी गलियारों तक का उनका सफर प्रेरणादायक है। एक समय था जब वह मुंबई में सिर्फ 20,000 रुपए लेकर आए थे, और आज वह ‘बॉलीवुड के बादशाह’ ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे अमीर एक्टर्स में से एक हैं। उनकी कोठी ‘मन्नत’ अब सिर्फ एक बंगला नहीं, सपनों को सच करने वाले इंसान की पहचान प्रतीक बन चुकी है।
सिर्फ एक्टिंग नहीं, बिजनेस में भी बादशाह
बहुत से लोग शाहरुख खान को सिर्फ एक एक्टर मानते हैं, लेकिन उनकी सफलता का राज सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं है। उन्होंने समय के साथ अपनी बिजनेस स्किल्स को भी निखारा है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, कोलकाता नाइट राइडर्स, और ब्रांड एंडोर्समेंट्स ने उनकी संपत्ति में बढ़ोत्तरी ही की है। हुरुन लिस्ट के अनुसार, वह न केवल भारत के सबसे अमीर एक्टर हैं, बल्कि उन्होंने अब टेलर स्विफ्ट, अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर, और सेलेना गोमेज को भी पीछे छोड़ दिया है। आज शाहरुख सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त प्रभाव रखते हैं, X (पूर्व ट्विटर) पर 43.9 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 48.6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ वह भारत के सबसे पॉपुलर सेलिब्रिटीज में से एक हैं।
अन्य एक्टर्स से बड़ी दूरी
इस लिस्ट में यह भी उल्लेखनीय है कि शाहरुख खान और अन्य भारतीय एक्टर्स के बीच अब एक बड़ी दूरी बन चुकी है। उनकी करीबी और बिजनेस पार्टनर जूही चावला और उनके परिवार की संपत्ति 7790 करोड़ रुपये है, जो दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे नंबर पर हैं ऋतिक रोशन, जिनकी संपत्ति 2160 करोड़ रुपये बताई गई है।
शाहरुख खान को मिला नेशनल अवॉर्ड
2023 में रिलीज हुई फिल्म “जवान” ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। यह फिल्म घरेलू स्तर पर 1,000 करोड़ रुपये की कमाई कर भारत की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए शाहरुख को नेशनल अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्टर से सम्मानित किया गया, जो उनके करियर का पहला नैशनल अवॉर्ड है।
