Deepika Padukone in Cop Universe: रोहित शेट्टी इन दिनों सिंघम अगेन की तैयारी में लगे हुए हैं। अजय देवगन के साथ कॉप यूनिवर्स की पहली फिल्म सिंघम जबरदस्त हिट होने के बाद रोहित ने सिम्बा और सुर्यवंशी जैसी फिल्में बनाई। इन फिल्मों के जरिए कॉप यूनिवर्स में अलग-अलग किरदारों को स्थापित किया। अब वे इस यूनिवर्स में एक महिला कॉप की एंट्री की तैयारी कर रहे हैं। इसकी शुरूआत उन्होंने सिंघम अगेन में दीपिका के साथ की है। खबरों की मानें तो सिंघम अगेन में दीपिका के किरदार शक्ति शेट्टी पर रोहित अलग फिल्म बनाने वाले हैं।
रोहित महिला कॉप पर बनाना चाहते हैं फिल्म
रोहित शेट्टी की फिल्मों का हिस्सा भला कौन नहीं बनना चाहता। उनकी कॉप यूनिवर्स में अब तक अजय देवगन, अक्षय कुमार और रणवीर सिंह की धमाकेदार एंट्री हो चुकी है। सूर्यवंशी के दौरान रोहित से कई बार पूछा गया कि वे क्या किसी महिला कॉप पर भी फिल्म बनाने का प्लान कर रहे हैं। यही नहीं एक वीडियो में कैटरीना कैफ ने भी महिला कॉप बनने की इच्छा जाहिर की थी। मगर सूर्यवंशी में वे डाक्टर की भूमिका में हैं इसलिए वे इस किरदार के लिए फिट नहीं थीं। वहीं रोहित की सिंघम अगेन में दीपिका की एंट्री से इस बात की उम्मीदें बढ़ गईं थी कि अब वे महिला कॉप की कहानी भी अपने अंदाज में दिखा सकते हैं। खबरों के मुताबिक सिंघम अगेन के बाद रोहित दीपिका के किरदार शक्ति शेट्टी पर फिल्म बना सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि रोहित या दीपिका ने नहीं की है। फिर भी फैंस शक्ति के किरदार को पर्दे पर एक्शन करते देखना चाहते हैं।
रोहित की पोलिस फोर्स का नहीं चला जादू
रोहित शेट्टी ने अपनी कॉप यूनिवर्स का विस्तार ओटीटी प्लेटफॉर्म तक कर लिया है। उनकी वेब सीरीज पोलिस फोर्स में शिल्पा शेट्टी महिला ऑफिसर के किरदार में नजर आईं। वहीं सिद्धार्थ मल्होत्रा और विवेक ओबेरॉय इस सीरीज में अहम किरदारों में नजर आए। लेकिन रोहित के कॉप यूनिवर्स के फैंस को ‘पोलिस फोर्स’ प्रभावित नहीं कर पाई। ऐसा लगता है कि रोहित के पिछले कुछ कॉन्सेप्ट फैंस को पसंद नहीं आ रहे हैं। रणवीर सिंह के साथ ‘सर्कस’ भी सफल नहीं हुई थी। ऐसे में अब ‘सिंघम अगेन’ ही रोहित को वापस सफल फिल्मों की कड़ी से जोड़ सकती है।
