साइबर क्राइम के खिलाफ लड़ेंगी रश्मिका मंदाना, डीपफेक पीड़िता से बनीं नेशनल एंबेसडर
साइबर क्राइम से जुड़े जागरूकता अभियान में रश्मिका मंदाना की नियुक्ति विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
Cyber Crime New Ambassador: ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबरबुलिंग, डीपफेक वीडियो और एआई से बने गलत कंटेंट जैसी गंभीर साइबर खतरों के बारे में जागरूकता फैलाना बहुत ज़रूरी है और इस प्रयास के लिए एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना पूरे देश में जागरूकता फैलाने वाले अभियानों का नेतृत्व करेंगी। गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना को ‘साइबर सेफ्टी को बढ़ावा देने के लिए नेशनल एंबेसडर’ के रूप में नियुक्त किया है।
Also read: काजोल और कृति सेनन की ‘दो पत्ती’ इस दिन ओटीटी पर होगी रिलीज
साइबर क्राइम से जुड़े जागरूकता अभियान में रश्मिका मंदाना की नियुक्ति विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह स्वयं साइबर अपराध की शिकार रह चुकी हैं। रश्मिका का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ था और वह खुद इस मुद्दे पर खुलकर बोली थीं। उन्होंने इस घटना के बाद साइबर क्राइम सेफ्टी को मजबूत करने की वकालत की।
रश्मिका मंदाना ने नेशनल एंबेसेडर चुने जाने पर कहा, ‘साइबर क्राइम हमारे जीवन के लिए बहुत बड़ा खतरा है, जो वैश्विक स्तर पर हर किसी को प्रभावित करता है। मैंने इसे खुद अनुभव किया है और अब मैं साइबर सेफ्टी का संदेश फैलाने और जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूं ताकि सार्थक बदलाव लाया जा सके। यह बहुत जरूरी है कि हम मिलकर इन खतरों से लड़ें और अपने डिजिटल स्पेस की रक्षा करें।’
