Summary: 8 साल तक डिप्रेशन से जूहती रहीं रश्मि देसाई
रश्मि देसाई ने खुलासा किया कि वह करीब आठ साल तक डिप्रेशन से जूझती रहीं और इस दौरान उनके भीतर जमा इमोशनल बोझ ने उनके मानसिक स्वास्थ्य को गहराई से प्रभावित किया।
Rashami Desai Casting Couch: “उतरन” और “दिल से दिल” जैसे टीवी शोज से अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने हाल ही में अपनी जिंदगी के उस दौर पर खुलकर बात की, जिसे वह आज भी सबसे कठिन मानती हैं। उन्होंने बताया कि वह लगभग 8 साल तक डिप्रेशन से जूझती रहीं। उस समय वह न केवल मानसिक रूप से थक गई थीं, बल्कि इमोशन लेवल पर भी टूट रही थीं।
रश्मि देसाई का इमोशनल बैगेज
हाल ही में टाइम्स नाऊ के साथ हुई एक बातचीत में रश्मि ने स्वीकार किया कि उनके भीतर कई ऐसे इमोशन्स और अनुभव जमा होते चले गए, जिन्हें वह समय पर न तो समझ पाईं और न ही संभाल पाईं। ये “इमोशनल बैगेज” ही धीरे-धीरे उनके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने लगे थे। इसके साथ उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इससे बाहर निकलने में उन्हें एक दिन नहीं बल्कि कई दिन लग गए। उन्होंने खुद के भीतर झांका, अपनी कमजोरियों को स्वीकार किया और तब जाकर वह खुद को दोबारा खड़ा कर पाईं।
काम बना मानसिक सुकून
रश्मि ने बेहद ईमानदारी से यह भी शेयर किया कि उन्हें यह समझने में काफी समय लगा कि उनका काम ही उनका सुकून था। शूटिंग सेट उनके लिए एक ऐसी जगह बन गई, जहां वह अपने दर्द और डर से दूर रह पाती थीं। वह कैमरे के सामने खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस करती थीं। रश्मि ने खुद कहा, “जिंदगी में उतार-चढ़ाव को काफी हद तक हम खुद तय करते हैं। यही सोच उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। उन्होंने यह भी सीख लिया कि काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन कैसे बनाया जा सकता है।
खुद को प्राथमिकता देना है जरूरी
समय के साथ रश्मि देसाई ने अपने मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को अपने करियर जितना महत्व देना सीख लिया है। ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘नच बलिए’ और ‘झलक दिखला जा’ जैसे रियलिटी शोज में हिस्सा लेना भी उन्हें खुद को समझने में काम आया। उनका कहना है कि लगातार काम करते रहना ही काफी नहीं होता, बल्कि खुद के साथ ईमानदार रहना भी जरूरी है।
कास्टिंग काउच का कड़वा सच
रश्मि देसाई की जिंदगी का एक और दर्दनाक अनुभव उनके शुरुआती दिनों से जुड़ा है, जब वह महज 16 साल की थीं। उन्होंने बॉलीवुड हंगामा को दिए गए एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें कास्टिंग काउच का सामना भी करना पड़ा था। एक ऑडिशन के बहाने उन्हें ऐसी जगह बुलाया गया, जहां वह अकेली थीं और उस समय ऐसी स्थिति हो गई थी कि बड़ी मुश्किल से वह वहां से निकल पाईं। उन्होंने इस बारे में बाद में अपनी मां को बताया था।
रश्मि का करियर
रश्मि देसाई इन दिनों “रश्मि के दिल से दिल तक” नामक पॉडकास्ट शो में नजर आ रही हैं, जिसमें वह सेलेब्स से लेकर टीवी एक्टर्स के इंटरव्यू लेती हैं। रश्मि के इस शो को उनके यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।
