Summary: शेफाली की मौत के बाद सिंबा को लेकर अफवाहें झूठी, पराग त्यागी ने दिया जवाब
अभिनेता पराग त्यागी ने पत्नी शेफाली जरीवाला के निधन के बाद उनके पेट सिंबा की तबीयत को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर बताया कि सिंबा पूरी तरह स्वस्थ है और माँ के लिए बेटे का फर्ज़ निभा रहा है।
Parag Pet Simba: एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के निधन के बाद उनके पेट डॉग सिंबा की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर कई अफवाहें फैलने लगी थीं। अब एक्टर और उनके पति पराग त्यागी ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज किया है। पराग ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया जिसमें वे सिंबा के साथ मिलकर मुंबई में ज़रूरतमंदों को खाना बांटते नजर आए।
पराग त्यागी ने क्या लिखा पोस्ट में?
वीडियो के साथ पराग ने साफ़ किया कि सिंबा एकदम स्वस्थ है और शेफाली के लिए वो सभी रिवाज निभा रहा है, जो एक बेटा अपनी मां के लिए करता है। पराग ने लिखा, “सिंबा हैल एंड हार्टी है और अपनी माँ के लिए वो सभी कर्म कर रहा है जो एक बेटे को करने चाहिए। यह वीडियो उन लोगों के लिए है जो वाकई सिंबा की फिक्र कर रहे थे। कुछ दिलहीन लोगों ने झूठ फैलाया कि सिंबा बीमार है, सिर्फ लाइक्स और व्यूज़ के लिए।”
लोगों ने दी दुआएं, वीडियो देखकर हुए भावुक
वीडियो में पराग और सिंबा बुजुर्ग महिलाओं को खाना देते दिखते हैं, जो उन्हें और सिंबा को आशीर्वाद देती हैं। बैकग्राउंड में भावनात्मक गाना “तू ही यार मेरा” बजता है, जिसने वीडियो को और भी भावुक बना दिया। फैंस ने कमेंट में लिखा, “इस वीडियो ने मेरी आंखें नम कर दीं… भगवान आपको और सिंबा को ताक़त दे।” किसी यूज़र ने कहा, “शेफाली ऊपर से देख रही होंगी, आपको और सिंबा को आशीर्वाद दे रही होंगी।”
सोशल मीडिया ट्रोल्स को मिला करारा जवाब
शेफाली के निधन के अगले दिन पराग को सिंबा को टहलाते हुए देखने पर कुछ लोगों ने आलोचना की थी। इस वीडियो के जरिए पराग ने नफरत फैलाने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने यह साबित किया है कि सिंबा केवल एक पेट नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है, और उसके साथ की ज़िम्मेदारी भी उतनी ही अहम है।
पराग त्यागी का एक और इमोशनल पोस्ट
इससे पहले भी उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए शेफाली को याद किया था। उन्होंने लिखा था, “हर जनम में तुझे ढूंढ लूंगा, हर जन्म में तुझसे ही मोहब्बत करूंगा। मेरा प्यार तुझसे हर जन्म में उतना ही गहरा रहेगा। मेरी गुंडी मेरी छोकरी”। इस वीडियो में दोनों की साथ में मस्ती भरे पलों की कुछ तस्वीरें है।
कौन थीं शेफाली जरीवाला?
शेफाली जरीवाला ने “कांटा लगा” गाने से सालों पहले धूम मचाई थी। इसके बाद उन्होंने नच बलिए जैसे रियलिटी शो में पति पराग त्यागी के साथ हिस्सा लिया। दोनों की मुलाकात 2010 में हुई और 2014 में शादी की। शेफाली का 27 जून, 2025 को 42 साल की उम्र में निधन हुआ। उन्हें अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की असली वजह अब भी जांच में है।
पराग त्यागी अपने कामों से शेफाली की याद को जिंदा रखे हुए हैं। उनका वीडियो यह बताता है कि प्यार सिर्फ इंसानों के बीच नहीं होता, बल्कि जानवर भी गहरे रिश्ते निभाना जानते हैं। सिंबा आज केवल एक डॉग नहीं, बल्कि एक बेटे की भूमिका में है।
