Summary: विशाल भारद्वाज निर्देशित ‘ओ’रोमियो’ का ट्रेलर लॉन्च, प्यार और हिंसा से भरपूर
ओ’रोमियो’ के ट्रेलर ने आज़ादी के बाद के मुंबई के अंडरवर्ल्ड की एक गहरी और भावनात्मक प्रेम कहानी की झलक दिखाई है। शाहिद कपूर का गैंगस्टर अवतार और तृप्ति डिमरी के साथ उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
मुंबई में फिल्म ‘ओ’रोमियो’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ और इसी के साथ यह फिल्म चर्चा के केंद्र में आ गई। इस फिल्म को विशाल भारद्वाज ने निर्देशित किया है, जिसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी लीड रोल में नजर आ रहे हैं। खास बात तो यह है कि यह फिल्म वैलेंटाइन वीक के दौरान यानी 13 फरवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है। फिल्म के 3 मिनट 8 सेकेंड के ट्रेलर से पता चलता है कि यह रोमांस को एक बिल्कुल अलग और हिंसक रूप में पेश करने जा रही है।
‘ओ’रोमियो’ का ट्रेलर हुआ लॉन्च
‘ओ’रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च से पहले ही इस फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता थी। इस फिल्म को लेकर कुछ कानूनी विवाद भी चल रहे थे, इसके बावजूद मेकर्स ने मुंबई के इवेंट में में ट्रेलर लॉन्च किया। ट्रेलर के लॉन्च होते ही दर्शकों को एक ऐसी दुनिया की झलक मिली जो आजादी के बाद के मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़ी हुई है।
‘ओ’रोमियो में शाहिद कपूर
फिल्म के ट्रेलर में शाहिद कपूर ‘उस्तरा’ नाम के एक टैटूधारी गैंगस्टर के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। उनका लुक, बॉडी लैंग्वेज और आंखें बताती हैं कि उस्तरा सिर्फ बाहरी हिंसा तक सीमित नहीं है, बल्कि भीतर से भी टूट चुका है। विशाल भारद्वाज की फिल्मों की खासियत रही है कि उनके किरदार ग्रे शेड्स में जीते हैं और ‘ओ’रोमियो’ भी इससे अलग नहीं दिख रही है। शाहिद का यह अवतार उनके पिछले गंभीर किरदारों की याद दिलाता है, लेकिन यहां इमोशनल लेयर और गहरा है।
‘ओ’रोमियो में तृप्ति डिमरी
‘ओ’रोमियो’ में तृप्ति डिमरी ट्रेलर में उस्तरा की प्रेमिका के रोल में हैं। उनका किरदार कहानी में इमोशनल संतुलन लेकर आता है। जहां एक ओर बंदूक, खून और अंडरवर्ल्ड की साजिशें हैं, वहीं दूसरी ओर प्रेम, भरोसा और टूटने का डर भी साफ झलकता है। ट्रेलर में दोनों के बीच की केमिस्ट्री शानदार लग रही है। ट्रेलर से यह भी पता चल रहा है कि यह प्रेम कहानी आसान नहीं है।
फिल्म के ट्रेलर की खासियत
फिल्म का ट्रेलर 3 मिनट 8 सेकेंड का है, जिसमें रोमांस, एक्शन और ड्रामा सब कुछ है। विशाल भारद्वाज की पहचान रही है कि वह सिर्फ कहानी नहीं सुनाते हैं, बल्कि एक अलग किस्म का माहौल रचते हैं। इस फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक, डायलॉग और सिनेमैटोग्राफी ने एक ऐसा संसार रचा है, जिसमें दर्शक खुद को खींचा हुआ महसूस करता है। ट्रेलर देखकर यह साफ होता है कि फिल्म सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि सत्ता, हिंसा और भावनात्मक संघर्ष की कहानी है।
‘ओ’रोमियो’ की कास्ट और रिलीज डेट
‘ओ’रोमियो’में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, दिशा पटानी, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, फरीदा जलाल और अरुणा ईरानी जैसे एक्टर्स अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है और इसकी पटकथा विशाल भारद्वाज ने रोहन नरुला के साथ मिलकर लिखी है। सिनेमैटोग्राफी बेन बर्नहार्ड का है, जो ट्रेलर में ही फिल्म को एक रफ और रियल टोन देती दिखाई देती है। यह फिल्म वैलेंटाइन डे यानी 13 फरवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है।

