Nutan and Sanjeev: बॉलीवुड में अक्सर अलग-अलग स्टार एक साथ मिलकर काम करते हैं। ऐसे में कुछ सेलेब्स एक-दूसरे को बिल्कुल भी पसंद नहीं करते हैं तो कुछ के बीच अच्छी दोस्ती हो जाती है। वहीं कुछ सेलेब्स के बीच दोस्ती प्यार में भी बदल जाती है। हालांकि, अधिकतर मामलों में, जब सेलेब्स स्क्रीन पर एक साथ काम करते हैं तो लोग उन्हें एक कपल के रूप में देखने लगते हैं। हालांकि, कई बार यह सिर्फ एक कोरी अफवाह ही होती है। लेकिन इस तरह की चर्चाओं का असर सेलेब्स की पर्सनल लाइफ पर भी पड़ता है।
ऐसा ही कुछ एक्ट्रेस नूतन के साथ भी हुआ था। जिसके चलते उन्होंने सबके सामने संजीव कपूर को थप्पड़ तक मार दिया था। तो चलिए आज जानते हैं क्या था वो किस्सा-
बेहद शांत रहती थीं नूतन
नूतन जितनी बेहतरीन अदाकारा थीं, उतनी ही शांत स्वभाव की थी। 70 के दशक में उन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता था। यहां तक कि उन्हें अपनी एक्टिंग के लिए 5 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। परदे पर वह अपने हर किरदार में रंग भर देती थीं, लेकिन रियल लाइफ में वह बेहद ही कम लोगों से मिलती-जुलती या दोस्ती करती थीं। वह सेट भी अक्सर अकेली ही रहती थीं। उन्होंने अपने करियर में संजीव कुमार के साथ काम किया था। फिल्म के सेट पर साथ काम करते हुए उनकी दोस्ती संजीव कुमार के साथ हो गई थी।
संजीव के साथ रिलेशन की फैली अफवाह
यह किस्सा साल 1969 का है जब फिल्म देवी के लिए नूतन और संजीव कुमार एक साथ काम कर रहे थे। ऐसे में नूतन और संजीव कुमार के अफेयर के किस्से चारों ओर मशहूर होने लगे। न्यूजपेपर और मैगजीन में उनके बारे में काफी कुछ लिखा जाने लगा। ऐसे में नूतन काफी परेशान हो गई थीं। यहां तक कि इसका असर उनके वैवाहिक जीवन पर भी पड़ने लगा। बता दें कि नूतन ने बेहद कम उम्र में ही एक्टिंग करना शुरू कर दिया था। फिल्मों में वह जब तक स्थापित हुई तब तक एक पत्नी और मां भी बन चुकी थीं।
संजीव कुमार पर आया बेहद गुस्सा
जब संजीव कुमार और नूतन के रिश्ते की खबरें आग की तरह फैलने लगीं तो इससे नूतन काफी परेशान हो गईं। एक बार उन्होंने फिल्मी मैगजीन में उन दोनों पर छपे गॉसिप को पढ़ा। बाद में उन्हें किसी करीबी से पता चला कि उनके रिश्ते के बीच की अफवाह संजीव कुमार के जरिए ही फैली है। ऐसे में उन्हें बहुत अधिक गुस्सा आया और वह खुद पर काबू ना रख सकीं। वह सेट पर पहुंची और उन्होंने सभी के सामने संजीव कुमार को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद उनके रिश्तों में हमेशा के लिए एक तल्खी आ गई थी। बाद में, नूतन ने एक इंटरव्यू के दौरान अपना पक्ष सबके सामने रखा था। उन्होंने साफतौर पर कहा था कि वे कभी भी उसके लिए अपने पति को नहीं छोड़ेंगी। संजीव उनके पति के पैर के नाखून के लायक भी नहीं है।
