Nancy Tyagi Life Story : मेहनत को दुनिया सलाम करती है इस कथन को न जाने कितने ही लोगों ने साकार कर दिया है। इस लेख में एक ऐसी ही मेहनतकश लड़की के जीवन के बारे में जानेंगे जिसने अपनी मेहनत से देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी अपनी पहचान बना ली। जी हां हम बात कर रहे हैं नैंसी त्यागी की जो अपनी मेहनत के कारण चर्चा का विषय रहीं। नैंसी त्यागी का नाम सुनते ही कांस फेस्टिवल की खूबसूरत तस्वीरें जेहन में आने लगती हैं। नैंसी ने अपनी खूबसूरत ड्रेस से सभी को चौंका दिया था। ऐसी कई तस्वीरें सामने आईं जिसमें नैंसी बेहद खूबसूरत गाउन में नजर आ रही हैं और उन्हें काफी पसंद किया गया। तो चलिए जानते हैं नैंसी त्यागी के इस सफर के बारे में जिसमें कहीं कठिनाइयां आईं तो कहीं मेहनत सफल हुई।
कौन हैं नैंसी त्यागी
नैंसी त्यागी उत्तर प्रदेश के बरनवा गांव से हैं। नैंसी जो कि फैशन इन्फ्लुएंसर हैं, यूपीएससी के ख्वाब लेकर दिल्ली आयी लेकिन मुकद्दर को कुछ और ही मंजूर था। कोरोना के कारण नैंसी ने यूपीएससी का ख्वाब छोड़ दिया और यहां उन्होंने वो किया जो उनके दिल ने उनसे करने को कहा यानी ड्रेस डिजाइनिंग। नैंसी ने कपड़ों को डिजाइन करना शुरू हुआ। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के कपड़ों की तरह उन्होंने खुद के कपड़ों को भी डिजाइन किया। ये खूबसूरत कॉपी ड्रेस लगते ही नहीं इन्हें देखने पर ऐसा लगता कि यही ओरिजिनल ड्रेस है। नैंसी सोशल मीडिया पर काफी चॢचत हुईं, उसका कारण था उनके डिजाइन। नैंसी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपनी डिजाइन की खूबसूरत डिजाइन पोस्ट किया करतीं, उनके फैंस उनके काम को काफी पसंद भी करने लगे। ये प्रसिद्धि ले आई उन्हें कांस के स्टेज पर।
कौन हैं परिवार में
नैंसी त्यागी के परिवार में उनके माता-पिता हैं और उनका एक भाई है। सभी नैंसी का काफी साथ देते हैं। नैंसी की मां कोरोना महामारी से पहले प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका हुआ करती थीं। कोरोना के दौरान उनकी नौकरी छूट गई। अपने परिवार को आर्थिक रूप से सहायता देने के लिए नैंसी ने कुछ नया शुरू किया जिसे लोगों ने काफी प्यार दिया और उनके फैंस ने उन्हें सराहा और अब नैंसी त्यागी को सभी जान गए हैं। नैंसी के पिता बागपत में एक टीवी टेक्निशियन हैं। नैंसी के भाई ने उन्हें उनके इस सपने को पूरा करने में काफी मदद की। नैंसी कहती हैं कि उनके भाई ने ही उन्हें प्रोत्साहित किया कि वो कपड़े डिजाइन करें और अच्छा फैब्रिक ढूंढने में भी उनकी काफी मदद की। पहले नैंसी के इस आइडिया को उनके पिता ने सपोर्ट नहीं किया फिर जब नैंसी को प्रसिद्धि मिलने लगी तो उनके पिता से उन्हें प्रोत्साहन मिला।
कांस का सफर
नैंसी त्यागी वो नाम है जिससे यूथ काफी प्रेरित हो रहा है। नैंसी को उनके हुनर के कारण सब जानने लग गए हैं। कांस फेस्टिवल 2024 में नैंसी त्यागी जब खूबसूरत गुलाबी रंग के रफल्ड गाउन में नजर आईं तो सभी की आंखें उन पर टिक गईं। नैंसी त्यागी ने इस गाउन को खुद तैयार किया था। इस ड्रेस को बनाने में 1000 मीटर से ज्यादा कपड़ा इस्तेमाल किया गया और एक महीने का समय लगा। खूबसूरत गाउन के साथ नैंसी ने सिल्वर नेकलेस और टोंग बालों में नजर आई। जब नैंसी का ये लुक सबके सामने आया तो हर कोई उन्हें बस देखता रह गया। उनके टैलेंट की बात हर जगह की जाने लगी। यही नहीं नैंसी को बॉलीवुड से भी काफी प्रोत्साहन मिला। सोनम कपूर ने नैंसी के गाउन की तारीफ की, इसी तरह अर्जुन कपूर हों या कुशा कपिला या फिर सोनी राजदान जैसे बड़े सेलेब्स भी नैंसी त्यागी की तारीफ किये बिना रह न सके। नैंसी ने न सिर्फ अपने पिंक गाउन बल्कि कांस में और भी ड्रेसेस के कारण तारीफ पाई लेकिन उनका पिंक गाउन सभी की चर्चा का विषय बन गया।
कांस के बाद की दुनिया
नैंसी जब कांस से वापस लौटीं तो उनकी दुनिया बदल चुकी थी। वहां से आने के बाद नैंसी को और भी प्यार और सम्मान से देखा जाने लगा। नैंसी ने कई इंटरव्यू दिए और कई पॉडकास्ट में भी गयीं, जहां उन्होंने ये बताया कि ऐसा कुछ उन्होंने कभी सोचा नहीं था। वो एक पॉडकास्ट में कहती हैं कि उनको बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वो इतनी फेमस हो जाएंगी। नैंसी कहती हैं, ‘अब मुझे बहुत आगे जाना है। अब मैं पीछे नहीं रहूंगी, अब मैं डरूंगी नहीं। पहले डर था कि इंग्लिश में बात करनी होगी लेकिन अब डर नहीं है अब मैं बोलती हूं कि हिंदी में बात करो। सब रिश्तेदार भी नजदीक आ रहे हैं।’ नैंसी के वो रिश्तेदार जिन्होंने पहले उनका साथ नहीं दिया था। अब उनके लोकप्रिय होने के बाद नजदीक आने लगे हैं। कांन्स के बाद दुनिया नैंसी के लिए यकीनन बदल गयी यही और बेहतर हो गयी है।
प्रेरित करती है नैंसी की छवि
बेशक आजकल वो दौर है जहां महिलाएं सपने देखती हैं और उन्हें साकार करने के लिए मेहनत भी करती हैं। अपनी मेहनत से सफल होने वाली ये लड़कियां दूसरों को भी प्रेरित करती हैं लेकिन तो भी आज ये देखा जाता है कि कई घर ऐसे हैं जहां लड़कियों को लेकर एक डर एक जिम्मेदारी का भर ज्यादा है। उन्हें किसी जिम्मेदारी की तरह पूरा किया जाता है जैसे किसी लड़की के लिए उसकी शादी ही सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे समाज से उठकर कुछ ऐसा कर जाना जिसे देखकर समाज को गर्व होने लगे, ऐसा करना मुश्किल है। इन तमाम मुश्किलों के बाद भी नैंसी जैसी ही न जाने कितनी ही लड़कियां अपने अपने सपनों के खातिर लड़ रही हैं। उन्हें पूरा करने का ख्वाब देख रही हैं।
