Summary: 19 सितंबर 2025 से नेटफ्लिक्स पर महाअवतार नरसिम्हा
निर्देशक अश्विन कुमार की ऐनिमेशन फिल्म महाअवतार नरसिम्हा सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल करने के बाद अब ओटीटी पर नजर आ रही है। 19 सितंबर 2025 से नेटफ्लिक्स पर इसे देखा जा सकता है।
Mahavatar Narsimha OTT Release: भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित कहानियां हमेशा से दर्शकों को आकर्षित करती रही हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए निर्देशक अश्विन कुमार की मिस्टिकल ऐनिमेशन फिल्म “महाअवतार नरसिम्हा” जुलाई में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले थे। इसे लोग ओटीटी पर देखना चाह रहे थे, अब उनकी मुराद पूरी होने वाली है। आइए जानते हैं कि “महाअवतार नरसिम्हा” किस ओटीटी पर और कब रिलीज होने जा रही है।
“महाअवतार नरसिम्हा” की ओटीटी पर नई शुरुआत
नेटफ्लिक्स इंडिया ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा – “भक्ति शक्ति का रूप लेगी। आ रहे हैं महावतार नरसिम्हा। महावतार नरसिम्हा देखें, 19 सितंबर, दोपहर 12:30 बजे, नेटफ्लिक्स पर।” इस घोषणा ने सोशल मीडिया पर जोरदार चर्चा पैदा कर दी है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने का फायदा
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने का मतलब है कि अब यह फिल्म सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। नेटफ्लिक्स के पास पहले से ही करोड़ों सब्सक्राइबर हैं, जिनमें से देश के बाहर वाले भी हैं। इससे भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित यह फिल्म ग्लोबल ऑडियंस के बीच पहुंच सकेगी। यह भी संभव है कि नेटफ्लिक्स पर हिंदी के साथ-साथ अन्य भाषाओं में भी इसकी डबिंग और सबटाइटल्स हो। इसका फायदा उन दर्शकों को मिलेगा जो भारतीय पौराणिक कथाओं से सीधे परिचित नहीं हैं, लेकिन इस भव्य ऐनिमेशन और रोमांचक कहानी को जानना चाहते हैं।
“महाअवतार नरसिम्हा” की कहानी और पौराणिक आधार
यह फिल्म विष्णु पुराण, नरसिम्हा पुराण और श्रीमद्भागवत पुराण पर आधारित है। इसमें भक्त प्रह्लाद और उनके पिता दैत्यराज हिरण्यकशिपु की कहानी दिखाई गई है। हिरण्यकशिपु अपनी सत्ता और अहंकार में डूबा हुआ था और प्रह्लाद का भगवान विष्णु के प्रति अटूट विश्वास उसे सहन नहीं हो रहा था। लेकिन जब प्रह्लाद की आस्था का इम्तिहान कठिनाई की सीमा तक पहुंच गया, तब भगवान विष्णु ने नरसिम्हा अवतार करके अपने भक्त की रक्षा की थी।
बॉक्स ऑफिस पर सफलता
सच तो यह है कि फिल्म की शुरुआत सामान्य प्रमोशन के साथ हुई थी, लेकिन दर्शकों की पॉजिटिव प्रतिक्रिया ने इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। “महाअवतार नरसिम्हा” ने भारत में लगभग 249 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि ग्लोबल स्तर पर यह आंकड़ा 324.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
महाअवतार यूनिवर्स का भविष्य
क्लीम प्रोडक्शंस और होम्बले फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली किश्त है। महाअवतार सिनेमैटिक यूनिवर्स के अंतर्गत भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित कुल दस फिल्में बनाने की बात हो रही है। इनमें महाअवतार परशुराम (2027), महाअवतार रघुनंदन (2029), महाअवतार ध्वारकाधीश (2031), महाअवतार गोकुलानंद (2033), और महाअवतार कल्कि (2035–2037) शामिल हैं। इस फिल्म के निर्देशक अश्विन कुमार का कहना है कि उनका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक धरोहर को बड़े स्तर पर पेश करना है।
