Summery- कीकू शारदा का भावुक खुलासा
कीकू शारदा ने राइज़ एंड फ़ॉल शो में मां की आखिरी कॉल मिस करने का दर्द साझा किया, दर्शकों को अपनों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
Kiku Sharda Emotional Moment: टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन कीकू शारदा अपनी मज़ाकिया अंदाज और हंसमुख मिजाज से हमेशा लोगों का दिल जीतते रहे हैं। लेकिन हाल ही में रियलिटी शो “राइज़ एंड फ़ॉल” में उन्होंने ऐसा खुलासा किया जिसने सबको भावुक कर दिया। शो में उन्होंने अपनी ज़िंदगी की एक निजी और दर्दनाक घटना साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि किस तरह वह अपनी मां की आखिरी कॉल मिस कर बैठे थे और यह पछतावा उनकी यादों में आज भी ज़िंदा है।
शो के बीच आया इमोशनल मोमेंट
यह किस्सा तब सामने आया जब शो की प्रतियोगी संगीता फोगाट ने अपने ससुर के निधन के बाद बीच में ही शो छोड़ दिया। इस घटना ने कीकू को उनके जीवन के उस कठिन दौर की याद दिला दी, जब उनकी मां का निधन हुआ था। कीकू ने रोते हुए कहा, “मैं दो साल पहले अमेरिका में था और मेरी मां का निधन हो गया। मैंने उनका आखिरी फोन कॉल नहीं उठाया। मैंने सोचा कि कल बात कर लूंगा क्योंकि मैं व्यस्त था, लेकिन अगले दिन वह रहीं ही नहीं। यह दर्द शब्दों में बयान करना आसान नहीं है।”
मां-पिता दोनों को खोने का गहरा घाव
कीकू शारदा ने बताया कि मां के निधन के 45 दिन बाद उनके पिता भी इस सदमे को सहन नहीं कर पाए और चल बसे। उन्होंने भावुक होकर कहा, “एक निश्चित उम्र के बाद आपका साथी ही आपकी दुनिया बन जाता है। मां के जाने के बाद पिता बिल्कुल टूट गए। यह मेरे लिए बेहद कठिन समय था।” उनकी इस बात ने वहां मौजूद हर कंटेस्टेंट को रूला दिया और गहरी सोच में डाल दिया।
दर्शकों को दिया भावुक संदेश
कीकू ने अपने अनुभव को साझा करते हुए सभी को यह संदेश दिया कि प्रियजनों के साथ समय बिताना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा, “कृपया अपने अपनों के करीब रहिए, उनके साथ वक्त बिताइए, उन्हें फोन कीजिए, उनसे जुड़े रहिए। कभी मत सोचिए कि कल करेंगे, क्योंकि शायद कल का दिन मिले या न मिले।” इस संदेश ने दर्शकों और फैंस को रिश्तों की अहमियत का एहसास करा दिया।
विवादों और अफवाहों के बीच कीकू की सफाई
हाल ही में कीकू शारदा सुर्खियों में थे क्योंकि यह कहा जा रहा था कि उन्होंने कृष्णा अभिषेक से अनबन के चलते “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” छोड़ दिया है। लेकिन कीकू ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर कृष्णा संग ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर शेयर की। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में लिखा, “ये बंधन कभी नहीं टूटेगा। ये ‘झगड़ा’ बस एक शरारत थी। मैं हमेशा शो और इस परिवार का हिस्सा रहूंगा।” कीकू ने यह भी कहा कि लोग इन गपशप में न पड़ें और नेटफ्लिक्स पर शो का आनंद लें, जहां सिर्फ तीन एपिसोड बाकी हैं।
राइज़ एंड फ़ॉल शो की खास झलक
कीकू शारदा जिस शो “राइज़ एंड फ़ॉल” में नजर आ रहे हैं, उसमें प्रतियोगियों के बीच टास्क और चुनौतियों का सिलसिला चलता रहता है। शो के होस्ट अशनीर ग्रोवर प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर सीधी और कड़ी प्रतिक्रिया देने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही के एपिसोड में उन्होंने अरबाज़ पटेल की झड़प पर सख्त नाराज़गी जताई और चेतावनी दी कि इस तरह का व्यवहार उन्हें शो से बाहर कर सकता है। वहीं, अर्जुन बिजलानी टास्क जीतकर पेंटहाउस में पहुंच गए और एक शासक की भूमिका में दिखाई दिए।
