Overview:
बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिग्गज बिजनेसमैन संजय कपूर का गुरुवार को निधन हो गया है।बिजनेसमैन होने के साथ ही संजय एक अच्छे पोलो खिलाड़ी भी थे। पोलो उनका पैशन था।
Sunjay Kapur Death: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिग्गज बिजनेसमैन संजय कपूर का गुरुवार को निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि पोलो मैच खेलने के दौरान संजय की तबियत अचानक बिगड़ गई और वह ग्राउंड में ही गिर गए।
पोलो खेलने के शौकीन थे संजय
आपको बता दें कि बिजनेसमैन होने के साथ ही संजय एक अच्छे पोलो खिलाड़ी भी थे। पोलो उनका पैशन था। जानकारी के अनुसार 53 साल के संजय इंग्लैंड के गार्ड्स पोलो क्लब में पोलो खेल रहे थे। इसी दौरान वह बेहोश होकर मैदान पर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें तुरंत इलाज दिया, लेकिन इसके बावजूद संजय बच नहीं पाए। सूत्रों के अनुसार संजय की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। संजय की अचानक हुई मौत के बाद उनका परिवार और दोस्त सदमे में हैं। हालांकि करिश्मा कपूर को कोई अधिकारिक बयान फिलहाल सामने नहीं आया है।
ऐसा रहा करिश्मा कपूर और संजय का रिश्ता
संजय कपूर की गिनती देश के जाने माने बिजनेसमैन में होती है। वह एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। करिश्मा और संजय साल 2003 में शादी के बंधन में बंधे थे। इस कपल के दो बच्चे हैं। बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि यह शादी ज्यादा नहीं चल सकी और समय के साथ करिश्मा व संजय के बीच दूरियां बढ़ गईं। जिसके बाद साल 2014 में करिश्मा ने संजय से तलाक लेने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। साल 2016 में करिश्मा और संजय का तलाक हो गया।
करिश्मा ने लगाए कई गंभीर आरोप
संजय से शादी करने के बाद करिश्मा ने अपने करियर से फोकस हटाकर फैमिली पर लगा दिया। लेकिन इसके बावजूद यह रिश्ता चल न सका। तलाक के समय करिश्मा कपूर ने पति संजय कपूर पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। करिश्मा का आरोप था कि संजय ने उन्हें भावनात्मक ही नहीं मानसिक तौर पर भी प्रताड़ित किया है। तलाक के बाद कपल के दोनों बच्चे करिश्मा कपूर के साथ ही शिफ्ट हो गए। हालांकि संजय अक्सर अपने बच्चों से मिलते थे।
संजय ने रचाई प्रिया सचदेव से शादी
करिश्मा कपूर से शादी करने से पहले भी संजय शादीशुदा थे। संजय कपूर की पहली शादी नंदिता महतानी से हुई थी। साल 1996 में हुई यह शादी महज चार साल ही चल सकी। नंदिता से तलाक के बाद संजय ने करिश्मा कपूर से साल 2003 में शादी रचाई। लेकिन साल 2016 में संजय और करिश्मा का भी तलाक हो गया। इसके बाद संजय ने साल 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर जताया था दुख
Terrible news of the tragic Air India crash in Ahmedabad. My thoughts and prayers are with all the families affected. May they find strength in this difficult hour. 🙏 #planecrash
— Sunjay Kapur (@sunjaykapur) June 12, 2025
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले संजय कपूर ने 12 जून, 2025 को अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश को लेकर एक्स पर दुख प्रकट किया था। अपनी पोस्ट में संजय ने लिखा था कि अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे। यह एक्स पर किया गया संजय का आखिरी पोस्ट था।
