Summary: ऋषभ शेट्टी के जन्मदिन पर 'कांतारा चैप्टर 1' का दमदार पोस्टर रिलीज, 2 अक्टूबर 2025 को होगी वर्ल्डवाइड रिलीज
कांतारा चैप्टर 1 का नया पोस्टर ऋषभ शेट्टी के योद्धा अवतार में जारी किया गया है। यह बहुभाषी प्रीक्वल फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Kantara Chapter 1 Poster: साल 2022 की ब्लॉकबस्टर कन्नड़ फिल्म कांतारा ने अपनी अनोखी कहानी, लोककथाओं और दमदार अभिनय से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। अब इसी सुपरहिट फिल्म का प्रीक्वल ‘कांतारा चैप्टर 1’ रिलीज के लिए तैयार है। ऋषभ शेट्टी के जन्मदिन के मौके पर इस फिल्म का रोंगटे खड़े कर देने वाला नया पोस्टर रिलीज किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
ऋषभ शेट्टी का योद्धा अवतार
नए पोस्टर में ऋषभ शेट्टी को एक योद्धा के रूप में दिखाया गया है। आग की लपटों के बीच, एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में कवच पकड़े हुए वो दुश्मनों से भिड़ते नजर आ रहे हैं। लंबे बाल, घनी दाढ़ी और आंखों में जुनून लिए ऋषभ का यह लुक बेहद इंटेंस और पावरफुल है। मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, ‘जहां लीजेंड्स जन्म लेते हैं और जंगली जानवरों की दहाड़ गूंजती है।’ इस पोस्टर ने दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है। फिल्म ऋषभ शेट्टी द्वारा लिखित और निर्देशित है।
कांतारा चैप्टर 1 की रिलीज डेट और भाषाएं
फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के मौके पर वर्ल्डवाइड रिलीज होगी। यह फिल्म सिर्फ कन्नड़ में ही नहीं, बल्कि हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और बंगाली भाषा में भी बड़े पैमाने पर रिलीज की जाएगी। यह फिल्म ‘पंजुरली’ और ‘गुलिगा’ देवताओं की उत्पत्ति और उनके रहस्यमयी संबंधों की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी।
ऋषभ शेट्टी के जन्मदिन पर हरियाली का जश्न
होम्बले फिल्म्स ने एक इंस्टा पोस्ट में एक्टर के जन्मदिन को बेहतरीन तरीके से मनाया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘प्रकृति को @KantaraFilm के निर्माताओं की ओर से रिटर्न गिफ्ट्स। @rishabshettyofficial के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर देशभर में 5,000 से अधिक इको-फ्रेंडली प्लांटेबल सीड पेपर्स बांटे गए, जो न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक हैं, बल्कि हरियाली की ओर एक सुंदर पहल भी हैं। आने वाले दिनों में ये बीज नई उम्मीदों और हरियाली के रूप में खिलेंगे… #KantaraChapter1 2 अक्टूबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
कौन है ऋषभ शेट्टी?
ऋषभ शेट्टी एक ऐसा नाम, जिसने कन्नड़ सिनेमा को न सिर्फ नई पहचान दी, बल्कि उसे जड़ों से जोड़ते हुए ग्लोबल स्तर तक पहुंचाया। केराडी गांव की मिट्टी में पले-बढ़े ऋषभ का असली नाम प्रशांत शेट्टी है। यक्षगान की पारंपरिक छाया में पले इस कलाकार ने थिएटर से शुरुआत की और संघर्षों की लंबी राह पार कर क्लैप बॉय से निर्देशक तक का सफर तय किया।
“किरिक पार्टी” जैसी यूथ-सेंसेशन से लेकर “सरकार ही प्रा. शाले…” जैसी सामाजिक संदेश देती फिल्मों तक, उन्होंने हर बार अपनी सिनेमाई सोच से दर्शकों को चौंकाया। लेकिन 2022 में ‘कांतारा’ ने उन्हें एक नई ऊंचाई दी एक फिल्म जो लोक आस्था, रहस्य और संस्कृति को नए सिनेमाई स्वरूप में पेश करती है। ऋषभ शेट्टी कांतारा में डबल रोल निभाने के साथ-साथ इसके निर्देशक और लेखक भी थे। उनके अभिनय और निर्देशन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। इस फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट एक्टर का सम्मान भी मिला। अब कांतारा चैप्टर 1 के जरिए वो एक बार फिर अपनी सिनेमाई प्रतिभा का लोहा मनवाने आ रहे हैं।
सेट पर हादसों की रही चर्चा
फिल्म की शूटिंग के दौरान कई हादसे हुए, जिनकी वजह से यह चर्चा में भी रही। दो महीने पहले अभिनेता राकेश पुजारा का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वहीं, मिमिक्री आर्टिस्ट और एक्टर कलाभवन निजू की भी शूटिंग के दौरान मृत्यु हो गई। इसके अलावा, तेज हवा के चलते नाव पलटने की घटना भी हुई जिसमें ऋषभ शेट्टी समेत लगभग 30 लोग सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित रहे।
कांतारा चैप्टर 1 न केवल ऋषभ शेट्टी के करियर का अहम मोड़ साबित हो सकता है, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए भी एक नई दिशा तय कर सकता है। पौराणिकता, रहस्य और लोककथाओं से लिपटी यह फिल्म दिव्य सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है। यदि आपने कांतारा देखी है, तो यह प्रीक्वल आपके लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होने वाला।
