Summary: Housefull 5 Box Office: ₹200 करोड़ कमाने के बाद भी हिट या फ्लॉप? जानिए असली रिपोर्ट
हाउसफुल 5’ ने ₹200 करोड़ की कमाई की है, लेकिन भारी बजट ₹240 करोड़ के कारण इसे अभी हिट नहीं कहा जा सकता।
अक्षय कुमार स्टारर इस मर्डर मिस्ट्री कॉमेडी को हिट घोषित करने के लिए ₹300 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन ज़रूरी है।
Housefull 5 Hit or Flop: ‘हाउसफुल 5’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर करीब ₹200 करोड़ कमा चुकी हो लेकिन क्या ये फिल्म हिट है? इसका जवाब ही आप यहां पाएंगे। बता दें कि अक्षय कुमार की लीड में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने जबरदस्त ओपनिंग ली और पहले हफ्ते के अंत तक दुनियाभर में ₹200 करोड़ के करीब पहुंच गई। इसे औसत रिव्यूज और कहानी में लैंगिक पक्षपात को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी, इसके बावजूद फिल्म की कमाई अच्छी रही। लेकिन भारी बजट के कारण इसकी सच्ची सफलता पर सवाल उठते हैं।
फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। हाउसफुल 5 ने भारत में पहले सात दिनों में ₹127 करोड़ नेट (₹152 करोड़ ग्रॉस) कमाए हैं। इससे यह इस साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। इसके साथ ही विदेश से करीब 5 मिलियन डॉलर (₹42 करोड़) की कमाई हुई है। यानी फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई ₹195 करोड़ से ज़्यादा हो चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शुक्रवार दोपहर तक यह ₹200 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। यह 2025 की चौथी फिल्म होगी जो ₹200 करोड़ क्लब में शामिल होगी… छावा, सिकंदर और रेड 2 के बाद।
₹200 करोड़ की कमाई ने हाउसफुल 5 को अक्षय कुमार की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल कर दिया है। स्वाभाविक है कि लोग इसे हिट मानना चाहें लेकिन इस फिल्म को अक्षय की बाकी फिल्मों से अलग बनाता है इसका स्केल। इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा और 34 प्रमुख कलाकार हैं जैसे अभिषेक बच्चन, जैकलीन फर्नांडिस, रितेश देशमुख, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ। इसके अलावा, फिल्म की शूटिंग एक लक्ज़री क्रूज़ पर हुई, जिससे यह भारत की सबसे महंगी कॉमेडी फिल्म बन गई। इसका बजट करीब ₹240 करोड़ बताया गया है।
300 करोड़ तो कमाने ही होंगे
जानकार कहते हैं कि फिल्म को हिट कहने के लिए इसे या तो ₹240 करोड़ नेट कलेक्शन पार करना होगा, या फिर ₹300 करोड़ वर्ल्डवाइड का आंकड़ा पार करना होगा। हालांकि प्रोड्यूसर्स को सैटेलाइट, म्यूज़िक और डिजिटल राइट्स की मोटी कमाई से पहले ही मुनाफा हो चुका है। लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर्स भी यही उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें भी अच्छा रिटर्न मिले। फिलहाल फैसला पेंडिंग है। ऐसा लगता है कि फिल्म अपना ज्यादातर इन्वेस्टमेंट रिकवर कर लेगी। लेकिन असली नतीजा इस बात पर निर्भर करेगा कि फिल्म कितने हफ्तों तक सिनेमाघरों में टिकती है।
हाउसफुल 5 में मर्डर मिस्ट्री भी
हाउसफुल 5 की कहानी एक क्रूज शिप पर हुए मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती है। एक अमीर करोड़पति (रंजीत) की मौत हो जाती है और वह अपनी संपत्ति किसी ‘जॉली’ नाम के शख्स को दे जाता है। लेकिन ट्विस्ट यह है कि क्रूज़ पर तीन जॉली हैं अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन।एक डॉक्टर जो असली जॉली की पहचान कर सकता था, वह भी मारा जाता है। इसके बाद तीनों जॉली और उनकी गर्लफ्रेंड्स …जैकलीन फर्नांडिस, सोनम बाजवा और नरगिस फखरी… सभी मर्डर के संदिग्ध बन जाते हैं। इस फिल्म को दो अलग-अलग अंत (एंडिंग्स) के साथ रिलीज़ किया गया है।
