Summary: ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी का पोलिंग बूथ रिएक्शन वायरल, सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू
बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। मुंबई में बीएमसी चुनाव के दौरान वोट डालने पहुंचीं हेमा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह पपाराजी के सामने सख्त हाव-भाव और उंगली में लगी स्याही दिखाती नजर आईं। वीडियो में एक बुजुर्ग भी हेमा से नाराज़ दिखा और शिकायत करते नजर आए।
Hema Malini Voting Controversy: बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ कही जाने वाली हेमा मालिनी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या क्लासिकल डांस परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि उनका व्यवहार बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हेमा मालिनी पब्लिक के बीच पहले से कहीं ज्यादा उखड़ी-उखड़ी नजर आ रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह पपाराजी के सामने ऐसे हाव-भाव और सख्त अंदाज़ में पोज देती दिख रही हैं, जिसे देखकर लोग उन्हें ‘जया बच्चन 2.0’ तक कहने लगे। इतना ही नहीं, इसी वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति भी हेमा मालिनी से नाराज़ नजर आता है और उनके खिलाफ शिकायत करता दिखाई देता है, जिसके बाद यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।
वोट डालने पहुंचीं हेमा मालिनी
दरअसल मुंबई में बीएमसी के चुनाव हो रहे हैं और वो वोट डालने पहुंची थीं, जहां से उनका वीडियो वायरल हो गया। मुंबई में आज बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी के चुनाव हो रहे हैं। इस दौरान बॉलीवुड की कई हस्तियां अपने वोट डालने पहुंच रही हैं। इनमें अक्षय कुमार से लेकर सुनील शेट्टी, गुलजार, आमिर खान का परिवार, तमन्ना भाटिया, सहित कई स्टार्स शामिल हैं। दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की दूसरी बीवी और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी भी वोट डालने पहुंचीं। अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
पैप्स के सामने हेमा मालिनी का बदला अंदाज़
इस वीडियो में हेमा मालिनी पोलिंग बूथ से बाहर निकलते हुए नजर आती हैं। तभी पपाराजी उन्हें चारों तरफ से घेर लेते हैं और रुकने के लिए कहते हैं। इस पर हेमा तुरंत रुक जाती हैं। इसके बाद पैप्स उनसे हाथ दिखाने को कहते हैं, तो वह अपनी उंगली में लगी स्याही कैमरे के सामने दिखाती हैं। हालांकि, इस दौरान हेमा मालिनी का रिएक्शन लोगों को कुछ खास पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “जया बच्चन वर्जन 2”, तो दूसरे ने कहा, “मेरी तीन साल की बेटी भी ऐसे रिएक्ट करती है, जब उसे फोटो के लिए पोज देने को कहता हूं।” किसी ने लिखा, “इतना नाटक क्यों?” तो एक और यूजर ने कहा, “एक और जया।” कई लोग तो यह भी कह रहे हैं कि हेमा मालिनी बहुत मुश्किल से मुस्कुराती नजर आईं।
हेमा मालिनी से नाराज हुआ बुजुर्ग
वहीं, एक और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वोट डालने आए एक बुजुर्ग व्यक्ति ने हेमा मालिनी पर नाराज़गी जाहिर की। बुजुर्ग का कहना है कि वह सुबह साढ़े 7 बजे से लाइन में खड़े थे, लेकिन वहां मैनेजमेंट ठीक नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को इंतजार करना पड़ा, जबकि बॉलीवुड से जुड़े सेलिब्रिटीज को खास सुविधा दी गई। इसी बीच हेमा मालिनी का एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह पपाराजी से कहती नजर आ रही हैं, “देखो, मैं मुस्कुरा रही हूं, फिर मेरी तुलना मत करने लगना।” इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट करने लगे।
ड्रीम गर्ल से मथुरा की सांसद बनीं हेमा मालिनी
हेमा मालिनी बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री हैं, उन्होंने शोले, सीता और गीता, ड्रीम गर्ल, बागबान जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। अभिनय के साथ-साथ हेमा मालिनी एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर भी हैं और देश-विदेश में कई मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। राजनीति की बात करें तो हेमा मालिनी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने साल 2014 से लगातार यह सीट जीती है और 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी तीसरी जीत दर्ज कर एक बार फिर संसद पहुंची हैं। फिल्मों से लेकर राजनीति तक, हेमा मालिनी का करियर हमेशा चर्चा में रहा है।
